Winter Hacks: सर्दियों का मौसम अपने साथ कई परेशानियां लेकर आता है। हाथ-पैरों में सूजन से लेकर खांसी-जुकाम जैसी कई तकलीफे इसी मौसम में उभरती हैं। धूप की कमी न सिर्फ मौसमी बीमारियों को बढ़ाती है बल्कि कपड़ों में नमी और बदबू का कारण भी बन सकती है। जी हां, मौसम में नमी की अधिकता और ठंडी हवाओं की वजह से गीले कपड़ों को सुखाना चुनौती से कम नहीं होता। खासकर बारिश और बादल होने की वजह से कपड़े कई दिनों तक गीले बने रहते हैं जिसके कारण उनमें बदबू आने लगती है। नम कपड़े असुविधाजनक हो सकते हैं और त्वचा संबंधित समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इसलिए कपड़ों को पूरी तरह से सुखाकर ही इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है। सर्दियों में बिना धूप के कपड़ों को सुखाने के लिए कुछ इजी हैक्स को अपनाया जा सकता है। जो न कम समय में कपड़ों को सुखाने में मदद करेंगे बल्कि बदबू से भी छुटकारा दिला सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
पंखे का करें इस्तेमाल

सर्द मौसम में कपड़ों को सुखाना बेहद चुनौतीपूर्ण और पेचीदा काम होता है। कपड़े सुखाने की प्रक्रिया को तेज करने के लिए आप पंखे का इस्तेमाल कर सकते हैं। गीले कपड़ों को एक कमरे में कपड़े सुखाने वाले रैक पर डाल दें, जहां पंखा लगा हो। फिर पंखे की स्पीड बढ़ा दें और कपड़ों को पूरा सूख जाने तक डला रहने दें। पंखे की मदद से कपड़ों का पानी सुखाने में मदद मिलेगी और गीले कपड़ों की बदबू भी निकल जाएगी। कपड़े सुखाने के लिए आप पैडिस्टल फैन का भी इस्तेमाल कर सकते हैं जिसे बालकनी में रखा जा सकता है।
हायर ह्यूमिडिटी में सुखाएं
कपड़ों को यदि हायर ह्यूमिडिटी वाले एरिए में सुखाया जाए तो कपड़े जल्दी सूखते हैं। जी हां, घर में बाथरूम ही एक मात्र ऐसी जगह है जहां हायर ह्यूमिडिटी यानी अधिक नमी होती है। गर्म पानी से नहाने के बाद बाथरूम में भाव और नमी अधिक होती है जो गीले कपड़ों से नमी को निकालने में मदद कर सकती है। साथ ही बाथरूम में लगा एक्जॉस्ट फैन कपड़ों को सुखाने में सहायक भूमिका निभाता है। आप बाथरूम में लगी कपड़ों की रैक पर तौलिया और मोटे कपड़े सुखा सकते हैं।
कपड़ों को करें स्टीम
आधे सूखे कपड़ों को सुखाने के लिए स्टीमर का उपयोग किया जा सकता है। कपड़ों पर स्टीम करने वाला स्टीमर कपड़ों में मौजूद नमी को बाहर निकालने में मदद कर सकता है। इसके अलावा लोहे की भारी वाली प्रेस भी कपड़ों को सुखाने का काम कर सकती है। इससे कपड़ों की नमी तो दूर होगी ही साथ ही कपड़ों की सुकड़न भी चली जाएगी।
हेयर ड्रायर का इस्तेमाल

बच्चों के छोटे कपड़े, जुराबे और अंडर गार्मेंट्स को सुखाने के लिए हेयर ड्रायर का इस्तेमाल किया जा सकता है। हेयर ड्रायर लगभग सभी के घरों में होता है। कपड़ों को सुखाने का ये एक प्रभावी तरीका हो सकता है। कपड़ों को सुखाते वक्त ड्रायर से पर्याप्त दूरी बनाए रखें ताकि कपड़े गर्म हवा से खराब न हों। इसके अलावा कपड़ों को लगातार गर्म हवा में न रखें। हर एक मिनट बाद ड्रायर को बंद कर दें और फिर प्रक्रिया दोहराएं। हेयर ड्रायर से बड़े और अधिक गीले कपड़े सुखाने की भूल न करें।
वॉशिंग मशीन आएगी काम
वैसे तो वॉशिंग मशीन कपड़ों का पूरा पानी निचोड़कर निकाल देती है लेकिन फिर भी वूलन कपड़ों में नमी बरकरार रहती है। अधिक गीले कपड़ों को सुखाने के लिए वॉशिंग मशीन को ड्रायर मोड पर लगभग 25-30 मिनट तक चलाएं। इससे कपड़ों में मौजूद पानी निकल जाएगा और कपड़े 70 प्रतिशत तक सूख जाएंगे। फिर आप इन कपड़ों को कमरे में डालकर सुखा सकते हैं। मार्केट में आजकल कपड़े सुखाने की ड्रायर मशीन भी उपलब्ध हैं, आप उसका इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
