Golden Hotel: दुनियाभर में ऐसे कई शानदार होटल्स हैं, जिन्हें देखकर या जिनके बारे में सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। इन होटल्स में एक से बढ़कर एक लग्जरी हैं। किसी में हेलीपैड है तो किसी में गगनचुंबी स्विमिंग पूल। सभी के इंटीरियर इतने शानदार हैं कि आपकी नजरें न हटें। लेकिन क्या आपने किसी ऐसे होटल के बारे में सुना है जो पूरा सोने का बना है। जी हां, दुनिया में ऐसा एक शानदार सोने का होटल मौजूद है।
जानिए इस होटल के बारे में

सोने का यह होटल है वियतनाम की राजधानी हनोई में। इस होटल की हर एक चीज सोने से बनी है। यानी इस होटल के दरवाजे, खिड़कियां, वॉशरूम, फर्नीचर यहां तक कि नल तक सोने की बने हैं। इतना ही नहीं इस होटल के रेस्टोरेंट में टेबल्स से लेकर बर्तन तक सोने के हैं। होटल की दीवारों पर भी सोने की परत चढ़ी हैं। इस होटल का नाम है डोल्से हनोई गोल्डन लेक। इस होटल में 25 मंजिलें हैं और करीब 400 कमरे हैं। होटल की बाहरी दीवारें करीब 54,000 वर्ग फीट की हैं, जिनपर गोल्ड प्लेटेड टाइल्स लगाई गई हैं। होटल की पूरी लॉबी सोने के फर्नीचर से सजी है। यहां की हर एक चीज पर सोने की बारीक कारीगरी की गई है।
11 साल में पूरा हुआ होटल का निर्माण

होटल का चप्पा-चप्पा आपको सिर्फ लग्जरी ही नहीं समृद्धि का एहसास करवाता है। यहां आकर आपकी आंखें फटी की फटी रह जाएंगी। होटल के बेडरूम न सिर्फ लग्जरी से भरपूर हैं, बल्कि इसमें गोल्ड प्लेटेड सामान भी रखा गया है। वहीं हर वॉशरूम में बाथटब से लेकर शॉवर और सिंक तक भी गोल्ड से बने हैं।
इन्फिनिटी स्विमिंग पूल है शानदार

होटल पर एक रूफटॉप इन्फिनिटी स्विमिंग पूल है, जिससे आप शहर का खूबसूरत नजारा देख सकते है। इसकी खासियत यह है कि इसकी बाहरी दीवारें भी गोल्ड से बनी हैं। इस शानदार होटल का निर्माण साल 2009 में शुरू किया गया था। करीब 11 साल में इसका निर्माण पूरा हुआ है। होटल के प्रबंधन का मानना है कि गोल्ड से मानसिक तनाव दूर होता है और इसी बात को ध्यान में रखकर उन्होंने इस गोल्डन होटल का निर्माण करवाया है। यहां आकर लोग शांति और सुकून से अपना समय बिता सकते हैं।
लाखों में है किराया

डोल्से हनोई गोल्डन लेक होटल में अगर आप ठहरना चाहते हैं तो जाहिर है आपको अच्छी खासी रकम खर्च करनी पड़ेगी। हालांकि इसका शुरुआती किराया बहुत ज्यादा नहीं है। इस होटल में छह प्रकार के कमरे और छह प्रकार के सुइट हैं। कमरों का शुरुआती टैरिफ करीब 23 हजार रुपए प्रति दिन है। डबल बेडरूम सुइट का किराया करीब 75 हजार रुपए प्रति दिन है। प्रेसिडेंशियल सुइट का टैरिफ करीब 4.85 लाख रुपए प्रति दिन है। इन सभी रूम्स को गोल्डन नाम दिए गए हैं, जो इस होटल की पहचान है। अगर आप कुछ अलग और हैरान कर देने वाला देखना चाहते हैं तो यह होटल आपके लिए अच्छा ऑप्शन है।
