Get Rid of Pigeons: आप कितनी मेहनत से किचन गार्डन तैयार करती हैं, लेकिन कबूतर उसे खराब कर देते हैं। ये कई बार हमारे पेड-पौधों को चोंच मार-मारकर खराब कर जाते हैं और बीट करके गंद फैलाते हैं। इनकी बीट आसपास के वातावरण में गंध तो फैलती ही है, इसमें मौजूद बैक्टीरिया हमारे लिए नुकसानदेह हो सकते हैं। अगर आप कबूतरों से अपने किचन गार्डन को बचाना चाहती हैं तो यहां हम कुछ टिप्स दे रहे हैं जिन्हें अपनाकर आप आसानी से अपने गार्डन को बचा सकती हैं।
बाउंड्री बनाएं

सबसे पहले अपने गार्डन की बाउंडरी को कबूतरों से बचाना होगा। इसके लिए आप गार्डन के चारों तरफ बाड़ा या फेंस लगा सकते हैं। अगर आपके पास फेंस नहीं है तो आप चारों तरफ बांस, डंडे, या लोहे के डंडों से अपने गार्डन की बाउंडरी बनाएं। उन पर प्लास्टिक नेट, तरपाल या मोटा कपड़ा लगा सकते हैं। इससे अवरोध पैदा होगा और कबूतरों का आना मुश्किल हो जाएगा।
स्केयर-क्रो
अपने किचन गार्डन में स्केयर-क्रो यानी पक्षियों को डराने वाला पुतला लगा सकते हैं। जैसा कि अक्सर किसान अपने खेत में लगाते हैं। इन स्केयर-क्रो को देखकर कबूतर निश्चय ही डर जाते हैं और गार्डन से दूर रहते हैं। आप इसे डंडे, बाॅल, घड़ा और पुराने कुर्ता या कमीज की मदद से आसानी से तैयार कर सकती हैं।
रिफ्लेक्टिव टेप का करें इस्तेमाल

रिफ्लेक्टिव टेप पर धूप पड़ने पर उसका रिफ्लैक्शन दूर तक जाता है और आंखें चैंधिया जाती हैं। कबूतर रिफ्लेक्टिव टेप से डरते हैं। यह टेप आपको किसी भी हार्डवेयर स्टोर से मिल सकती है। इसे आप अपने गार्डन की चारदीवारी या आसपास लगा सकते है।
वाॅटर स्प्रिंकलर लगाएं
कबूतर पानी से डरते हैं। इसलिए आप अपने गार्डन में कुछ वाॅटर स्प्रिंकलर लगा सकते हैं। आप इसे टाइमर के साथ सेट करके लगा सकते हैं जिससे कबूतर के आने पर स्प्रिंकलर चल जाए, अचानक पानी की बौछार से कबूतर डर कर चले जाएं।
बर्ड नेट लगाएं

कबूतर को अपने किचन गार्डन में आने से रोकने के लिए बर्ड नेट लगाना बेस्ट है। नेट के अंदर कबूतर नहीं जा पाएंगे और आपका गार्डन सुरक्षित रख सकते हैं।
रैपलेंट का इस्तेमाल करें
गार्डन से कबूतरों को दूर करने के लिए आप चाहे तो हार्डवेयर स्टोर से रेडिमेड रैपलेंट ला सकते हैं। या फिर लाल मिर्च पाउडर, वेनेगर, लहसून, नींबू जैसी चीजों को पीस कर पानी में मिलाकर गार्डन में स्प्रे कर सकते हैं। कबूतर इनकी खुशबू से दूर रहेंगे। जहां कबूतर ज्यादा आते हैं, वहां लाल मिर्च या काली मिर्च पाउडर को फैला दें। इनकी गंध से कबूतर भाग जाएंगे।
चमकने वाली चीजें टांगें

गार्डन के पेडों पर या तार से बांधकर आप डीवीडी प्लेयर की पुरानी सीडी, कांच की बोतल, शीशा, एल्यूमीनियम फाॅयल जैसे शाइनी ऑब्जेक्ट टांग सकते हैं। धूप और हवा में हिलने पर इन ऑब्जेक्ट से चमकदार लाइट रिफ्लैक्ट होती है जिससे कबूतर डरते हैं। चमकने वाली इन चीजों की वजह से कबूतर आपके गार्डन में नहीं आएंगे।
काले रंग का पाॅलिथीन टांगें
काले रंग के पाॅलिथीन में अखबार के एकाध पेज का गोला बनाकर डालें। इस पाॅलिथीन में धागा बांधकर गार्डन के पेड़-पौधों या तार पर टांगें। हवा के कारण हिलने पर इससे आने वाली आवाज और दूर से कौवे के समान दिखने के कारण कबूतर आपके गार्डन में नही आएंगे। असल में कबूतर कौवे से डरते हैं, उनसे दूर रहते हैं। इसलिए काले पाॅलिथीन वाला आपका जुगाड़ काफी कारगर हो सकता है।
कांटेदार तार और स्पाइक्स लगाएं

अपने गार्डन के चारों तरफ कांटेदार तार भी लगा सकते हैं। कांटे चुभने से कबूतर आपके गार्डन में नहीं आ पाएंगे और वहां से चले जाएंगे। आप बाजार में मिलने वाली प्लास्टिक या लोहेे की स्पाइक्स भी अपने गार्डन में उस जगह लगा सकते हैं जहां कबूतर ज्यादा आते हैं। इन्हें आप पेड़ों या जमीन पर लगा सकते हैं। इनकी स्पाइक्स के कारण कबूतर वहां नहीं जा पाएंगे।
एसेंशियल ऑयल से भगाएं
पेपरमिंट, क्लोव, लैमनग्रास, लैवेंडर जैसे एसेंशियल ऑयल की गंध से कबूतरों को एलर्जी होती है जिससे वो इनसे दूर रहते हैं। आप इन एसेंशियल ऑयल के रूई के फाहे पर डालकर अपने गार्डन में रख सकते हैं।
टांगें विंड चाइम

आप अपने गार्डन में पेड़-पौधों या पोल पर छोटी-बड़ी विंड चाइम भी टांग सकते हैं। हवा के चलने पर इनमे से आने वाली आवाज और वाइबरेशन से कबूतर वहां टिक नहीं पाएंगे।
अल्ट्रासोनिक बर्ड रिपेलेंट
जब इन रेपलेंट के आसपास कोई पशु-पक्षी आता है। तो रेपलेंट में लगे सेंसर उसे पहचान लेते हैं और इसमें से बहुत तेज कर्कश आवाज निकलती है। अचानक आवाज सुनकर पशु-पक्षी डर जाते हैं और उड़ जाते हैं। अल्ट्रासोनिक रेपलेंट को आप गार्डन जमीन पर या गमले में आसानी से लगा सकते हैं। ये आपको ऑनलाइन आसानी से मिल सकती हैं।
रखें स्लिंकी खिलौने

अपने गार्डन में जमीन पर या पेड़-पौधों पर स्लिंकी खिलौने रख सकते हैं या टांग सकते हैं। कुत्ता, बिल्ली, कौवा, साॅंप या उल्लू जैसे जानवरों से कबूतर डरते हैं। रबर या प्लास्टिक के बने इन खिलौनों को देखकर कबूतर ही गार्डन से दूर चले जाएंगे। ध्यान रखें कि आप दो-चार दिन में इन खिलौनों की जगह बदलते रहें क्योंकि इनके नकली होने का कबूतर को अंदेशा हो जाता है।
तेज महक वाले पौधे लगाएं
गेंदा, लैवेंडर, लहसून, लैमनग्रास, अजवायन जैसे पौधों की गंध कबूतर बर्दाश्त नहीं कर पाते। अपने गार्डन में इन पौधों को लगाने से कबूतर गार्डन में आने से परहेज करेंगे।
