गंगटोक की सबसे ख़ास बात
इस जगह पर ऊँचे पहाड़, घने जंगल, तेज़ बहती नदियाँ और रोमांचक ट्रेल्स हैं, जो हर एडवेंचर लवर के दिल को खुश कर देते हैं।
Gangtok Trip: सिक्किम की राजधानी गंगटोक पर्यटन के साथ साथ अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी मशहूर है। इस जगह पर आकर आप घूमने के साथ साथ साहसिक गतिविधियों का भी हिस्सा बन सकते हैं। इस जगह पर ऊँचे पहाड़, घने जंगल, तेज़ बहती नदियाँ और रोमांचक ट्रेल्स हैं, जो हर एडवेंचर लवर के दिल को खुश कर देते हैं। अगर आपको एडवेंचर पसंद है तो गंगटोक की यात्रा जरूर करना चाहिये। इस यात्रा के दौरान आपको कई ऐसे अनुभव होंगे जो आपकी यात्रा को ख़ास बना देंगे।
वॉटर राफ्टिंग का अनुभव
रोमांच के शौकीन हैं तो तीस्ता नदी में वाइट वॉटर राफ्टिंग आपके लिए एक बेहतरीन अनुभव होगा। यह नदी अपनी तेज़ धारा और टेढ़े-मेढ़े रास्तों के लिए जानी जाती है। इस जगह पर आपको विभिन्न ग्रेड के रैपिड्स मिलते हैं जो शुरुआती और अनुभवी दोनों तरह के राफ्टर्स के लिए परफेक्ट हैं। तेज़ धारा में बहते हुए पहाड़ों और घने जंगलों के बीच से गुज़रने का अनुभव दिल दहला देने वाला मगर ख़ूबसूरत होता है।
याक सफारी और ट्रेकिंग
गंगटोक में याक सफारी और ऊँचाई पर ट्रेकिंग एडवेंचर लवर्स के लिए एक अनोखा अनुभव है। त्सोंगमो झील के पास आप याक की सवारी कर सकते हैं जो इस क्षेत्र में बहुत लोकप्रिय है। वहीं, गोइचाला ट्रेक और ज़ोंगरी ट्रेक जैसे प्रसिद्ध ट्रेकिंग रूट्स आपको हिमालय की खूबसूरती के करीब ले जाते हैं। ये ट्रेकिंग रूट्स हिमालय की बर्फीली चोटियों, हरे-भरे जंगलों और ग्लेशियरों से होकर गुज़रते हैं जो एक मज़ेदार अनुभव प्रदान करते हैं।
पैराग्लाइडिंग का मज़ा
अगर आपको ऊँचाई पसंद है तो गंगटोक में पैराग्लाइडिंग एक ज़रूरी एडवेंचर एक्टिविटी है। यहाँ से आप पूरे शहर और हिमालय की बर्फीली चोटियों का अद्भुत दृश्य देख सकते हैं। गंगटोक में हाई फ्लाईट और मीडियम फ्लाईट पैराग्लाइडिंग विकल्प उपलब्ध हैं जो शुरुआती और प्रोफेशनल दोनों के लिए उपयुक्त हैं। उड़ते हुए नीचे दिखने वाला हरियाली से भरा नज़ारा आपकी यात्रा को अविस्मरणीय बना देगा। इस यात्रा अनुभव को आप यात्रा के ख़त्म होने के बाद भी नहीं भुल पाएँगे।
माउंटेन बाइकिंग का क्रेज़
गंगटोक का पहाड़ी इलाका और घुमावदार रास्ते इसे माउंटेन बाइकिंग के लिए परफेक्ट बनाते हैं। यहाँ के चुनौतीपूर्ण ट्रेल्स बाइकिंग के दीवानों को रोमांचित कर देते हैं। आप गंगटोक से नाथुला पास, रूमटेक मोनेस्ट्री और त्सोंगमो झील तक बाइकिंग कर सकते हैं। यह यात्रा न केवल रोमांचक होती है बल्कि आपको प्रकृति के करीब भी ले जाती है। बस बाइकिंग करते हुए आपको सभी तरह के बाइकिंग गियर्स को अच्छे से उपयोग करना है।
जिपलाइनिंग और कैंपिंग
गंगटोक में जिपलाइनिंग और कैंपिंग का मज़ा लेना भी एक यादगार अनुभव होता है। घने जंगलों और पहाड़ों के बीच जिपलाइनिंग करना रोमांच से भर देता है। वहीं, अगर आप प्रकृति के करीब रहना चाहते हैं तो जंगलों में कैंपिंग कर सकते हैं। रात के समय जलती हुई आग के सामने बैठकर ताज़ी हवा में सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेना किसी सपने से कम नहीं होता। इस दौरान यदि आसमान साफ़ है तो आप स्टार गेजिंग भी कर सकते हैं। रात के समय किसी पहाड़ से चाँद तारों को देखने का एक अलग ही अनुभव होता है।
