Festive Gifts: यूं तो भारतीय घरों में उत्सव के कई मौके आते हैं, शादी और ब्याह भी हमारे लिए उत्सव के सामान होते हैं। ऐसे में इन दिनों को यादगार बनाने के लिए आप अपनों को कोई खास तोहफा दे सकते हैं।
त्यौहारों का मौसम शुरू होने वाला है। गणपति से लेकर दीवाली तक सभी के घरों में त्यौहारों की रौनक छाई रहती है। त्यौहारों में घरों के साथ हम अपनों के जीवन में भी खुशियां भरना चाहते हैं। कुछ खास त्यौहार जैसे करवाचौथ और दीवाली कुछ ऐसे मौके होते हैं जिन पर अपनों को गिफ्ट देकर हम उन्हें खुशियों की सौगात देना चाहते हैं। त्यौहारों के मौके पर रिश्तेदारों, कुछ खास सहकॢमयों और दोस्तों से मिलने जाते हैं। आमतौर पर हम उनके लिए ड्राइफ्रूट्स या मिठाई लेकर जाते हैं। इस बार त्यौहारों के मौसम में अपनों को आप कुछ खास तोहफा गिफ्ट देकर उनके त्यौहार को यादगार बना सकते हैं। हम आपको बताते हैं कुछ ऐसे गिफ्ट्स आइटम जिन्हें आप अपनों को इस खास मौसम में दे सकते हैं।
Also read : इस दिवाली गिफ्ट में दीजिए किचन एप्लाइंसेज
घर को रौशन करने वाले गिफ्ट्स
त्यौहारों पर खुशियां भरने के लिए ये एक बेहतरीन गिफ्ट आइटम हो सकता है। आप कुछ डेकोरेटिव लैम्प्स घरों के सजाने के लिए गिफ्ट्स कर सकते हैं। मार्केट में आजकल डिफरेंट शेप्स और डिजाइन के लैम्प्स अवेलेबल हैं, जिनसे आप इन त्यौहारों के इस मौसम में अपनों के घरों और जीवन को रौशनी से भर सकते हैं।
बेडशीट्स या दोहर
अगर आपकी फैमिली में किसी की नई शादी हुई है या किसी ने नया घर लिया है तो उनको आप बेडशीट्स या दोहर गिफ्ट कर सकते हैं। नया कपल अपने घर में धीरे-धीरे गृहस्थी बनाने की कोशिश में लगा रहता है। ऐसे में ये छोटा सा गिफ्ट उनके काम का साबित हो सकता है। वैसे भी त्यौहारों के सीजन के बाद सर्दियां शुरू हो जाएंगी तो दोहर उनके काम की साबित हो सकती है।
डेकोरेटिव इनडोर प्लांट्स
आजकल पौधे गिफ्ट करने का ट्रेंड है। ऐसे में गिफ्ट करने के लिए पौधे भी एक अच्छा ऑप्शन है। इन डोर प्लांट्स में कुछ पौधे गुड लक के लिए होते हैं। वे भी आपके अपनों के लिए खास तोहफा हो सकते हैं। जैसे जेड प्लांट और बम्बू प्लांट। आजकल बेहद सुंदर प्लांटर्स के साथ भी पौधे मार्केट में मौजूद हैं। जो घर को सजाने के काम भी आ सकते हैं।
डेकोरेटिव आइटम
त्यौहारों में हम सभी अपने घरों को तो सजाते ही हैं अगर अपनों के घरों को सजाने के लिए भी कोई तोहफा दें तो ये सोने पे सुहागा जैसा है। डेकोरेटिव आइटम उनके घरों के किसी-न-किसी कोने में रंग भरने का काम करेगा। इसके लिए आप किसी तरह के छोटे फीगरीन डेकोरेटिव आइटम जैसे बुद्धा का स्टेच्यू, कपल या अन्य किसी तरह का स्टेच्यू आप गिफ्ट कर सकते हैं। आप चाहें तो छोटे फाउंटेन भी घर की सजावट और पॉजिटिव एनर्जी के लिए गिफ्ट कर सकते हैं।
क्रॉकरी या कस्टमाइज मग
घर की जरूरतों में क्रॉकरी वो आइटम है जो जितने हों कम ही लगते हैं। ऐसे में क्राकरी गिफ्ट कर उनके लिए जरूरत का एक सामान दे सकते हैं। आप अगर दोस्तों के लिए चुनना चाहें तो कस्टमाइज मग गिफ्ट कर सकते हैं। इन मग्स में कोई स्पेशल मैसेज या उनकी फोटो लगा आप ये तोहफा खास बना सकते हैं। रिश्तेदारों के लिए आप पुडिंग, आइसक्रीम सेट, बॉडल सेट, डिनर सेट जैसे आइटम्स अपने गिफ्ट लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
किचन अप्लायंसेज
अपने कुछ करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों की फैमिली को आप किचन अप्लायंसेज भी उपहार स्वरूप दे सकते हैं। जैसे सैंडविच मेकर, कॉफी और जूस मेकर, टोस्टर, हैंड मिक्सर जैसे अप्लायंसेज जो उनकी डेली लाइफ में काम आसान करने में भी मदद कर सकते हैं। अपनी जिंदगी से जुड़ी महिलाओं को इस त्यौहार आप इस तोहफे से त्यौहार की खुशी को दोगुना कर सकते हैं।
सेहत से भरपूर ईटेबल कस्टमाइज गिफ्ट
इस त्यौहार क्यों न अपनों को उनकी सेहत के लिए सेहत से भरपूर चीजें उपहार में दी जा सकती हैं। आजकल लोग खाने को लेकर बहुत सचेत रहते हैं। कुछ लोग ऑर्गेनिक आइटम्स और ग्रीन टी जैसी चीजों को अपने जीवन का हिस्सा बना चुके हैं। आप अपने कुछ करीबियों की खाने की वरीयता को जानते हैं। ऐसे में उनके लिए कुछ आइटम्स को एक साथ करके उनके लिए गिफ्ट हैम्पर बना सकते हैं जैसे ग्रीन टी का बॉक्स, फ्लैक्स सीड्स, मिक्स सीड्स और नट्स को एकसाथ कस्टमाइज साथ गिफ्ट हैम्पर दे सकते हैं।
ज्वैलरी या सिक्के
करवाचौथ और दीवाली पर अपनों को कुछ खास सोने चांदी के अनमोल तोहफे भी दे सकते हैं। आप अपने बजट के अनुसार चांदी या सोने के सिक्कों से लेकर ट्रेंडी ज्वैलरी उपहार में दे सकते हैं। आप अपनी पत्नी को उसके नाम वाला पेंडेंट दे सकते हैं। अगर बजट कम है तो आजकल सिल्वर की डिजाइनर ज्वैलरी भी दे सकते हैं।
चॉकलेट्स के साथ फ्रैगरेंस वाला गिफ्ट
खास मौकों पर मुंह मीठा कराना तो बनता है। चॉकलेट्स के साथ फ्रैगरेंस वाले कैंडल या एअर फ्रेशनर वाले गिफ्टस आपके दोस्तों या सहकर्मियों को गिफ्ट देने के लिए बेहतरीन आइटम हो सकता है। आप चॉकलेट्स के साथ सेंटेड कैंडेल या फ्रैगरेंस डिफ्यूजर का कस्टमाइज गिफ्ट पैक बनवाकर दे सकते हैं।
