Summary: एयर प्यूरीफायर सच में क्या करते हैं, जानने के बाद ही खरीदें
एयर प्यूरीफायर को ज्यादातर लोग गलत जानकारी के साथ खरीदते हैं। असल में प्यूरीफायर हवा को लगातार फिल्टरिंग प्रक्रिया से गुजारकर PM 2.5, धूल, पॉलेन और गंध को हटाते हैं। खरीदने से पहले CADR, फिल्टर की उम्र, शोर का स्तर और बिजली की खपत को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है।
Right Air Purifier Guide: हम जब भी घर के अंदर कदम रखते हैं, हमें यह महसूस होता है कि बाहर की हवा में चाहे कितनी भी धूल या धुआं हो, घर की हवा तो साफ होगी। लेकिन सच यह है कि आजकल घर की हवा भी उतनी ही प्रदूषित होती है जितनी बाहर की। खासकर बड़े शहरों में, जहां AQI लगातार खराब रहता है। ऐसे में ज्यादातर लोग एयर प्यूरीफायर खरीदना चाहते हैं, लेकिन जल्दीबाजी में गलत एयर प्यूरीफायर चुन लेते हैं। फिर शिकायत रहती है कि हवा साफ ही नहीं हो रही। इसलिए जरूरी है कि आप एयर प्यूरीफायर खरीदने से पहले उसकी असली काम करने की प्रक्रिया, जरूरी फीचर्स और आम गलतफहमियों के बारे में पूरी तरह से जान लें।
आखिर करता क्या है एयर प्यूरीफायर?
हम में से कई लोग सोचते हैं कि एयर प्यूरीफायर बस कमरे को फ्रेश कर देता है, जबकि असल में इससे कहीं ज्यादा काम करता है। यह लगातार हवा को खींचने, साफ करने और वापस कमरे में छोड़ने की प्रक्रिया पर काम करता है। मशीन के अंदर मौजूद पंखा कमरे की गंदी हवा, धूल, PM 2.5, पॉलेन, पालतू जानवरों के बाल, धुआं सब अंदर खींच लेता है। फिर अलग-अलग फिल्टर अपना-अपना काम करते हैं।
- HEPA फिल्टर बेहद महीन कणों को पकड़ता है।
- एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर घर की गंध, खाना पकने की गंध और गैस को सोख लेता है।
- प्री फिल्टर बड़े कणों को रोककर HEPA की उम्र बढ़ाता है।
- कुछ मशीनों में आयनाइजर या हाइब्रिड सिस्टम भी होते हैं, जो हवा को और बेहतर बनाते हैं।
एयर प्यूरीफायर खरीदने से पहले 5 बेहद जरूरी चेकपॉइंट

अगर आप अपने परिवार के लिए प्यूरीफायर खरीद रही हैं, तो इन बातों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें।
1. CADR जितना ज्यादा, उतना अच्छा
CADR बताता है कि मशीन कितनी तेजी से हवा को साफ करती है। बड़े कमरे के लिए ज्यादा CADR और छोटे कमरे के लिए मध्यम CADR। गलत CADR चुनने पर हवा कभी साफ ही नहीं लगती।
2. समझें फिल्टर की उम्र और बदलवाने की लागत
कई लोग सिर्फ मशीन खरीदने पर ध्यान देते हैं, पर बाद में फिल्टर बदलवाने की कीमत भारी लगती है। याद रखें कि एयर प्यूरीफायर एक बार की नहीं, नियमित रखरखाव की चीज है।
3. कितना करता है शोर?
खासकर सर्दियों में जब कमरे में न पंखा चलता है न एसी, उस स्थिति में प्यूरीफायर की हल्की आवाज भी रातभर सुनाई देती है। अगर एयर प्यूरीफायर का शोर ज्यादा है, तो नींद खराब होगी और फायदा कम मिलेगा।
4. बिजली की खपत होनी चाहिए कम
एयर प्यूरीफायर को दिन में कई घंटे चलाना पड़ता है। इसलिए कम पावर खपत वाली मशीन ही लंबे समय में फायदे का सौदा होती है।
5. स्मार्ट फीचर्स हैं जरूरी
अगर आप टेक फ्रेंडली हैं, तो Wi-Fi, मोबाइल ऐप, Google Home/Alexa जैसे फीचर्स आपके लिए काफी सुविधाजनक साबित हो सकते हैं। ये आपको मशीन को दूर बैठे भी कंट्रोल करने की सुविधा देते हैं।
3 मिथक अभी से निकाल दें दिमाग से
मिथक 1: एक प्यूरीफायर काफी है पूरे घर के लिए
यह बिल्कुल गलत है। एयर प्यूरीफायर उतनी ही हवा साफ कर पाता है, जितना उसका कवरेज एरिया है। हर कमरे के लिए अलग प्यूरीफायर ही सही नतीजे देता है।
मिथक 2: HEPA फिल्टर हटा देता है गंध भी
HEPA सिर्फ कणों को पकड़ता है। गंध और गैस साफ करने की क्षमता केवल एक्टिवेटेड कार्बन में होती है।
मिथक 3: प्यूरीफायर चाहिए सिर्फ सर्दियों में
हवा सिर्फ ठंड में गंदी नहीं होती। बड़े शहरों में AQI साल के अधिकतर महीनों खराब रहता है, इसलिए एयर प्यूरीफायर पूरे साल उपयोगी है।
