Summary: क्रिएटिव DIY आइडियाज से घर को दें अनोखा फेस्टिव लुक
पेपर लालटेन, बोतल लैम्प, कपड़ों की रंगोली, अपसाइकल्ड दीये और अखबार से बने तोरण जैसे यूनिक सजावट की चीजें बनाकर आप इस दिवाली अपने घर को रोशन कर सकती हैं।
Diwali DIY Decor: दिवाली सिर्फ एक त्योहार नहीं बल्कि भावनाओं और रिश्तों को जोड़ने का एक जरिया भी है। यह वह समय है जब पूरा परिवार एक साथ दीप जलाता है, रंग-बिरंगी रंगोली बनाता है और अपने घर को सजाकर उसे रोशनी से भर देता है। लेकिन आधुनिक समय में एक बड़ी चुनौती यह भी है कि त्योहार मनाते समय पर्यावरण का ध्यान कैसे रखा जाए। पटाखों के शोर और प्रदूषण से लेकर प्लास्टिक सजावट तक, कई चीजें हमारी धरती और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही हैं। ऐसे में अगर हम चाहें तो क्रिएटिविटी और जागरूकता से दिवाली को पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ ही घर को इको फ़्रेंडली चीजों से सजा सकते हैं।
पेपर लालटेन
पुराने अखबार, मैगजीन या पैकिंग पेपर को फेंकने की बजाय आप उनसे खूबसूरत लालटेन बना सकती हैं। कागज की पट्टियां काटकर उन्हें आपस में चिपकाएं और लालटेन का आकार दें। रंग-बिरंगे पोस्टर कलर या वॉटरकलर से इन्हें सजाएं और चाहें तो छोटी सी कटिंग करके डिजाइन भी डालें। इन्हें घर के कोनों, बालकनी या छत पर टांगने से चारों ओर रोशनी और उमंग हो जाएगी।
कांच की बोतलों से लैम्प

अक्सर घर में कोल्ड ड्रिंक या सॉस की खाली बोतलें इकट्ठा हो जाती हैं। इन्हें बेचने या फेंकने की बजाय लैम्प के रूप में इस्तेमाल करें। साफ की हुई बोतलों के अंदर स्ट्रिंग वाली लाइट्स डालें और बाहर रंगीन पेंट या ग्लिटर से सजाएं। बस ध्यान यह रखें कि पेंट हल्के रंग से करें ताकि अंदर की लाइट बाहर झलके। चाहें तो बोतल पर ओम या स्वस्तिक का डिजाइन बनाकर परफेक्ट दिवाली लुक दे सकती हैं। ये लैम्प खिड़की, ड्रॉइंग रूम या गार्डन, हर जगह सजाने के लिए परफेक्ट हैं।
पुराने कपड़ों से रंगोली
रंगोली बनाने के लिए पाउडर कलर या फूलों की जरूरत नहीं। अलमारी में पड़े पुराने कपड़ों के टुकड़े काटकर iनसे सुंदर कपड़े की रंगोली बनाई जा सकती है। बस अलग अलग रंग की पट्टियों को गोलाई या चौकोर पैटर्न में सजाते जाइए और थोड़ी कल्पना के साथ अद्भुत डिजाइन तैयार हो जाएगा। उन्हें सि धागे से सिलने की जरूरत पड़ेगी। सबसे अच्छी बात यह है कि इस रंगोली को आप अगले साल भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
अपसाइकल्ड दीये

यदि आपके पास पुराने कांच के छोटे जार या मिट्टी के टूटे-फूटे बर्तन हैं, तो उन्हें रंग कर, उन पर मोती या सीक्वेंस चिपकाकर नए दीये बनाए जा सकते हैं। इसमें छोटी सी टी लाइट या रूई की बाती डाल दीजिए और आपका घर झिलमिल रोशनी से जगमगाने लगेगा। यह न सिर्फ किफायती तरीका है बल्कि आपके घर की सजावट को व्यक्तिगत और अनोखा अंदाज भी देगा।
अखबार से तोरण
मुख्य द्वार की सजावट के बिना दिवाली अधूरी है। आप चाहें तो पुराने अखबार की पट्टियां रोल करके उनसे सुंदर तोरण बना सकती हैं। इन्हें रंग-बिरंगे पेंट से सजाएं और छोटे-छोटे आकार जैसे पत्ता, फूल या घंटी बनाकर जोड़ दें। इस तरह का तोरण न केवल सुंदर लगेगा बल्कि मेहमानों का स्वागत भी इको फ्रेंडली तरीके से होगा।
कार्डबोर्ड रंगोली स्टेंसिल

रंगोली बनाने का मन है पर रंग और पाउडर का इस्तेमाल नहीं करना चाहती हैं, तो पुराने कार्डबोर्ड बॉक्स से स्टेंसिल काट लें। सुंदर-सुंदर डिजाइन काटकर तैयार स्टेंसिल को जमीन पर रखें और चावल, दाल या फूल की पंखुड़ियों से भर दें। इससे आपकी रंगोली और भी अट्रैक्टिव और यूनिक लगेगी।
