Self Confidence Tips: आज के जमाने में महिलाएं पुरुषों से कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। लेकिन, बहुत सी महिलाएं आज भी आत्मविश्वास की कमी के चलते पुरुष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने में हिचकिचाहट रखती हैं। इसलिए हर महिला में आत्मविश्वास होना चाहिए। आत्म विश्वास के बल पर एक महिला कुछ भी कर पाने में सक्षम होती है। महिलाओं में आत्मविश्वास की कमी के पीछे कमजोर ग्रह भी हो सकते हैं। पंडित इंद्रमणि घनस्याल बताते हैं कि कुंडली में ग्रहों की स्थिति भी व्यक्ति के आत्मविश्वास को प्रभावित करती है। इसलिए ज्योतिष शास्त्र में आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए कुछ विशेष उपाय बताए गए हैं। ग्रहों की स्थिति को मजबूत करके महिलाएं अपना आत्मविश्वास बढ़ा सकती हैं। तो चलिए जानते हैं ग्रहों की स्थिति को मजबूत करने के कारगर ज्योतिष उपाय।
बुध व सूर्य ग्रह को करें मजबूत

अगर आपमें आत्मविश्वास की कमी है, तो आपको बुध ग्रह को मजबूत करना चाहिए। ज्योतिष शास्त्र में बुध ग्रह को बुद्धि का कारक ग्रह माना गया है। इसके साथ ही बुध ग्रह को वाणी और चतुराई से भी संबंधित माना जाता है। इसलिए महिलाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रत्येक बुधवार को गणेश जी और मां आदिशक्ति की पूजा करनी चाहिए। गणेश जी को हरी दुर्वा अर्पित करनी चाहिए और गाय को हरा घास खिलाएं। इस उपाय से आप में एक नई ऊर्जा का संचार होगा, जिससे आपका मनोबल बढ़ेगा।
ज्योतिष शास्त्र में सूर्य ग्रह को आत्मविश्वास और मान सम्मान का कारक माना जाता है। इसलिए महिलाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रतिदिन स्नान करने के बाद सूर्य ग्रह को मजबूत करने के लिए तांबे के लोटे में जल भरकर सूर्य देव को अर्घ्य देना चाहिए। कुंडली में अगर आपका सूर्य ग्रह कमजोर चल रहा है तो आपको माणिक्य रत्न धारण करना चाहिए। सुर्य ग्रह के मजबूत होने पर आप शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनती है और आपके आत्मविश्वास, मनोबल में वृद्धि होती है।
मंगल ग्रह साहस का प्रतीक

महिलाओं में अगर आत्मविश्वास और साहस होता है तो वो हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती है। लेकिन साहस और आत्मविश्वास की कमी के कारण महिलाएं किसी भी परिस्थिति से घबराकर हार मान सकती है। मंगल ग्रह को साहस का प्रतीक माना जाता है। इसलिए यदि आपकी कुंडली में मंगल ग्रह कमजोर है तो इसे मजबूत बनाने के लिए आप मुंगा धारण कर सकती है। प्रत्येक मंगलवार को आपको लाल रंग के वस्त्र धारण करने चाहिए। क्योंकि, मंगल ग्रह को साहस और निडरता का कारक माना जाता है। यदि आप में साहस और पराक्रम है तो आपमें आत्मविश्वास अपने आप ही आ जाता है।
खुद पर करें विश्वास

इन ज्योतिष उपायों के अलावा आपको अपने आप पर विश्वास होना चाहिए। यदि आपको खुद पर विश्वास है तो आप हर फैसला लेने में सक्षम होती हैं। आप जैसी है वैसी अपने लिए पर्याप्त है इसलिए खुद को किसी से कम नहीं समझना चाहिए। महिलाओं को हमेशा सकारात्मक सोच रखनी चाहिए। आपको हर काम पूरी लगन और दृढ़ता से करना चाहिए, इससे आप में कभी आत्मविश्वास की कमी नहीं होगी। महिलाओं को हमेशा अपडेट रहना चाहिए तथा अपने द्वारा लिए गए फैसलों पर विश्वास रखना चाहिए। इसके अलावा आप योगा और मेडिटेशन करके भी अपनी अंदर आत्मविश्वास बढ़ा सकती हैं।
यह भी पढ़ें: बदलना चाहती हैं किस्मत तो घर के मुख्य द्वार पर स्वास्तिक ही नहीं और भी बातों का रखें ध्यान: Main Door Vastu