Kitchen Vastu Tips: हिंदू धर्म में झाड़ू को मां लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है। आजकल के तकनीकी युग में सफाई के लिए कई मशीनों का उपयोग किया जाता है, लेकिन फिर भी बहुत से परिवारों में अभी भी सफाई का एक मात्र साधन झाड़ू ही है। हम सभी झाड़ू को सिर्फ सफाई का एक सामान समझ कर घर के किसी भी कोने में रख देते हैं। लेकिन, झाड़ू का संबंध हमारी तकदीर से भी होता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, झाड़ू के गलत उपयोग से घर में वास्तु दोष उत्पन्न हो सकते हैं, जो हमारी तरक्की में बाधा बनते हैं और हमें आर्थिक तंगी, परेशानियों से गुजरना पड़ता है। झाड़ू के सही रख-रखाव से और साफ-सुथरे घर में मां लक्ष्मी निवास करती हैं, जिससे घर में सुख-समृद्धि आती है। इसलिए वास्तुदोष से बचने के लिए झाड़ू को हमेशा सही जगह पर रखना चाहिए। आज हम आपको बताएंगे की झाड़ू से जुड़ी कौनसी गलतियां आपको कंगाल बना सकती है।
पति-पत्नी के रिश्ते पर नकारात्मक प्रभाव

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में झाड़ू करने के बाद उसे सही दिशा में रखना बेहद जरूरी है। झाड़ू को कभी भी उत्तर-पूर्व दिशा में नहीं रखना चाहिए। क्योंकि यह देवताओं की दिशा है। ऐसा करने से शुक्र ग्रह कमजोर होता है। शुक्र ग्रह देवी लक्ष्मी का प्रतीक है। इसलिए शुक्र के स्थान पर सफाई का सामान रखने से महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ साथ पति—पत्नी के रिश्ते पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। रसोईघर में झाड़ू रखने से घर में अन्न की कमी होने लगती है, साथ ही घर की संपन्नता भी खत्म होती है।
यदि घर का कोई व्यक्ति बाहर किसी काम के लिए जा रहा हो तो उसके जाने के तुरंत बाद घर में झाड़ू नहीं करनी चाहिए। ऐसा करने से उस व्यक्ति को काम में सफलता नहीं मिलती। साथ ही झाड़ू को हमेशा दूसरों की नजरों से छुपा कर रखना चाहिए। हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि झाड़ू को कभी पैर न लगाएं, इससे घर में आर्थिक संकट आता है। सूरज ढलने के बाद झाड़ू करने से घर में धन की देवी मां लक्ष्मी रूठ जाती है और घर से धन और वैभव खत्म होने लगता है।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान

वास्तु शास्त्र में बताया गया है कि झाड़ू रखने के लिए दक्षिण पश्चिमी दिशा सही रहती है। टूटी हुई झाड़ू का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। झाड़ू टूटने पर शनिवार के दिन ही नई झाड़ू खरीदनी चाहिए। इससे झाड़ू के वास्तुदोष का नकारात्मक प्रभाव कम हो जाता है। साथ ही यह भी ध्यान रखें कि झाड़ू को हमेशा जमीन पर लेटाकर रखें। क्योंकि खड़ी झाड़ू घर में अपशकुन लाती है। इससे घर का सौभाग्य खत्म हो जाता है। झाड़ू को धोने के लिए साफ पानी का ही इस्तेमाल करना चाहिए। इससे घर के सदस्य वास्तुदोष से होने वाली बीमारियों से बचे रहते हैं।
यह भी पढ़ें: बदलना चाहती हैं किस्मत तो घर के मुख्य द्वार पर स्वास्तिक ही नहीं और भी बातों का रखें ध्यान: Main Door Vastu
