स्कूल बस से जुड़ी जरूरी बातें बच्चे को सिखाएं, नहीं करेगा बस में बदमाशी
बच्चे को डांटने व मारने की नौबत आए ही ना, इससे पहले ही आप बच्चे को कुछ जरूरी बातें सीखा दें, ताकि बच्चा स्कूल बस में भूलकर भी बदमाशी करने की गलती ना करेI
School Bus Etiquette: हर पेरेंट्स अपने बच्चों को प्यार से स्कूल बस में बैठाते हैं, यहाँ तक कि जब तक बस चली नहीं जाती है, तब तक घर भी वापस नहीं आते हैंI दरअसल पेरेंट्स ऐसा इसलिए भी करते हैं ताकि वे यह सुनिश्चित कर सकें कि उनका बच्चा सुरक्षित तरीके से बस में जा रहा हैI लेकिन पेरेंट्स इस बात से बिलकुल अनजान होते हैं कि उनके जाने के बाद उनका बच्चा स्कूल बस में क्या शैतानी करता है और दूसरे बच्चों के साथ कैसे बर्ताव करता हैI ऐसे में जब स्कूल से शिकायत आती है तो बच्चे को डाँटने व मारने के लिए मजबूर हो जाते हैंI बच्चे को डांटने व मारने की नौबत आए ही ना, इससे पहले ही आप बच्चे को कुछ जरूरी बातें सीखा दें, ताकि बच्चा स्कूल बस में भूलकर भी बदमाशी करने की गलती ना करेI
Also read: स्कूल के लिए बच्चे हो जाते हैं लेट, इन तरीकों से नहीं होगी परेशानी
खिड़की से हाथ बाहर निकालने से मना करें

आए दिन ऐसी ख़बरें आते रहती हैं कि बच्चा स्कूल बस की खिड़की से हाथ निकाल कर बैठा था और हादसे का शिकार हो गयाI आप अपने बच्चे को सुरक्षित रखने के लिए उसे सिखाएं कि वह स्कूल बस में कैसे बैठे और कभी भी खिड़की से हाथ बाहर ना निकालेI अगर वह ऐसा करता है तो किसी बड़ी दुर्घटना का शिकार हो सकता हैI
कभी ना दे बच्चों को धक्का

अक्सर बच्चे स्कूल बस में मस्ती के दौरान या दूसरे बच्चों को परेशान करने के लिए उतरते समय धक्का देते हैं या उन्हें गिराने की कोशिश करते हैंI आप अपने बच्चे को जरूर सिखाएं कि ऐसा करना गन्दी बात हैI ऐसा करने से चोट लग सकती है और बड़ी दुर्घटना भी हो सकती हैI इसलिए स्कूल बस में ऐसा कभी ना करें, हमेशा आराम से चढ़े और उतरेI
सीट के लिए कभी ना करे लड़ाई

बच्चे स्कूल बस में अपनी सीट फिक्स कर लेते हैं और हमेशा उसी सीट पर बैठना पसंद करते हैंI अगर गलती से कभी कोई दूसरा बच्चा उस सीट पर बैठ जाए तो उससे लड़ाई करने लगते हैंI कई बार तो छोटे बच्चे पसंदीदा सीट के लिए रोना भी शुरू कर देते हैंI ऐसे में आप अपने बच्चे को बताएं कि स्कूल बस में सभी सीट एक जैसा ही होता है, उसे जहाँ जगह मिले, वहां बैठ जाएI कभी भी सीट के लिए ना ही रोए और ना ही लड़ाई करे, ऐसा करना गलत आदत होती हैI
किसी बच्चे को ना करे बुली

सबसे जरूरी बात जब आपका बच्चा बस से स्कूल जाता है तो उसे जरूर समझाएं कि वह बस में किसी भी बात को लेकर कभी भी किसी बच्चे को बुली ना करे और ना किसी बच्चे को कभी नीचा दिखाएI अगर वह ऐसा करता है तो उसे स्कूल से निकाल भी दिया जा सकता हैI
बस में टीचर की बातों का करे पालन

आजकल स्कूल बस में बच्चों के साथ एक टीचर या फिर केयर टेकर भी होती हैं, जो बच्चों को जरूरी बातें बताते रहती हैंI ऐसे में आप अपने बच्चे को जरूर समझाएं कि वह टीचर व केयर टेकर की बातों को ध्यान से सुनें और उनकी बातों का अच्छे से पालन भी करेI
