Overview:
हमारी लाइफस्टाइल का असर सिर्फ शरीर पर ही नहीं बल्कि मस्तिष्क पर भी पड़ता है। इसके लिए आपको अपनी जिंदगी में कुछ छोटे बदलाव करने की जरूर है।
Brain Damaging Habits: हमारी लाइफस्टाइल का असर सिर्फ शरीर पर ही नहीं बल्कि मस्तिष्क पर भी पड़ता है। कुछ गलत आदतें दिमागी समस्याओं का कारण बन सकती हैं। हालांकि समय पर इन्हें सुधार कर आप न सिर्फ दिमाग को तेज कर सकते हैं। बल्कि स्वस्थ और खुशहाल जीवन भी जी सकते हैं। इसके लिए आपको अपनी जिंदगी में कुछ छोटे बदलाव करने की जरूर है। योग एक्सपर्ट मयूर कार्तिक ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसी आदतें शेयर की हैं। आइए जानते हैं कि ऐसी कौनसी आदतें हैं जो दिमाग को बर्बाद कर सकती हैं।
लोगों से दूर-दूर रहना

ज्यादा समय अकेले रहना और दोस्तों से मिलना कम करना मस्तिष्क पर नकारात्मक असर डाल सकता है। इससे आपके विचार एक ही जगह ठहर जाते हैं। इसलिए सामाजिक संबंधों को बनाए रखें और दूसरों से जुड़ें। परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताएं।
स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताना
मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर आज सभी की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं। लेकिन लगातार स्क्रीन का इस्तेमाल करना आपके मस्तिष्क को थका सकता है। इसलिए स्क्रीन टाइम कम करें और आउटडोर एक्टिविटी पर ध्यान दें। इससे आप फिजिकली और मेंटली दोनों तरीकों से फिट रहेंगे।
हर समय अंधेरे में रहना
अगर आप हर समय डार्क या डिम लाइट में बैठते हैं। सूरज की रोशनी से दूर रहते हैं तो भी आपकी मानसिक सेहत पर असर पड़ता है। आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए सूरज की रोशनी बहुत जरूरी है। इसलिए धूप में बाहर निकलें और ताजगी का अनुभव करें।
नेगेटिव खबरों और बातों पर ध्यान देना
यह दुनिया नकारात्मक खबरों और बातों से भरी पड़ी है। लेकिन अगर आप हमेशा और लगातार इनपर ही ध्यान देंगे तो मानसिक दबाव महसूस करने लगेंगे। इसलिए वही नकारात्मक खबरें सुनें या पढ़े जो जरूरी हैं। कोशिश करें कि आप पॉजिटिव खबरें पढ़ें और अच्छी मूवीज या शो देंखें, जिससे आपको खुशी मिले।
चीनी का ज्यादा सेवन
बहुत कम लोग जानते हैं कि चीनी का ज्यादा सेवन करना भी मानसिक सेहत को प्रभावित कर सकता है। चीनी से रक्त में ग्लूकोज लेवल बढ़ता है, जिससे मस्तिष्क के कुछ हिस्सों में नुकसान हो सकता है। चीनी से डोपामाइन का स्तर बढ़ता है, जिससे मूड स्विंग, चिंता और अवसाद जैसी समस्याएं होती हैं। इसलिए चीनी का सेवन कम करें और पौष्टिक आहार लें।
एक्सरसाइज से दूरी
शारीरिक गतिविधि से मस्तिष्क को बेहतर ऑक्सीजन और ऊर्जा मिलती है। योग, जिम या किसी अन्य शारीरिक गतिविधि को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। इससे आप मेंटली रिलैक्स महसूस करेंगे। इससे न केवल आपका मस्तिष्क स्वस्थ रहेगा, बल्कि आप खुश रहेंगे।
पर्याप्त नींद न लेना
मस्तिष्क की सेहत के लिए पर्याप्त और अच्छी नींद बहुत जरूरी है। नींद की कमी से मस्तिष्क की कार्यक्षमता घट सकती है। इसलिए रात में 8 से 9 घंटे की अच्छी नींद लेना बेहद महत्वपूर्ण है। इससे मस्तिष्क को आराम करने का समय मिल पाता है।
ऊंची आवाज में ईयरफोन सुनना
ईयरफोन यूज करना आज की जरूरत भी है और स्टाइल भी। लेकिन अगर आप तेज आवाज में ईयरफोन पर म्यूजिक सुनने के शौकीन हैं तो संभल जाएं। ये आदत आपके कान और दिमाग, दोनों पर बुरा असर डाल सकती है।
योग, मेडिटेशन का लें सहारा
अपने जीवन में योग, मेडिटेशन, ध्यान को समय दें। इससे आपको अंदर से शांत और पॉजिटिव महसूस होगा। आपकी सोच और विचारों में सकारात्मक बदलाव आने लगेंगे।
