Summary : इन तटीय शहरों की सबसे ख़ास बात
हवा में हल्की ठंड, आकाश में फैला नीला रंग और समुद्र तटों पर गिरी सुनहरी धूप। यह सब मिलकर छुट्टियों को यादगार बना देता है।
Winter Beach Escapes: भारत में समुद्र प्रेमियों के लिए दिसंबर-जनवरी किसी जादुई मौसम से कम नहीं। हवा में हल्की ठंड, आकाश में फैला नीला रंग और समुद्र तटों पर गिरी सुनहरी धूप। यह सब मिलकर छुट्टियों को यादगार बना देता है। लेकिन जैसे ही दिसंबर-जनवरी का महीना आता है अधिकतर लोग सीधा गोवा का ही नाम लेते हैं जबकि भारत में ऐसे कई तटीय शहर और द्वीप हैं जो न केवल कम भीड़भाड़ वाले हैं बल्कि कहीं अधिक शांत, सस्ते और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर हैं। यहाँ समुद्र का अनुभव भी ज्यादा निजी होता है और परिवार, कपल्स तथा सोलो ट्रैवलर्स हर कोई यहाँ अपनी तरह से यात्रा का आनंद ले सकता है।
गोकर्ण : शांति और समंदर दोनों मिलेगा

गोकर्ण उन यात्रियों के लिए स्वर्ग है जो गोवा जैसी खूबसूरती तो चाहते हैं लेकिन भीड़ से बचना पसंद करते हैं। ओम बीच, कुदले बीच और हाफ-मून बीच दिसंबर-जनवरी में शांत, साफ और बेहद सुकून देने वाले होते हैं। यहाँ का वातावरण आध्यात्मिकता और समुद्र का सुंदर संगम है। सुबह की बेला में मंदिर की घंटियाँ और शाम को समुद्र किनारे की ख़ामोशी मन को गहरा सुकून देती है। गोवा की तुलना में यहाँ रहना, खाना और घूमना काफी किफ़ायती है।
वर्कला : लाल चट्टानों का जादू देख सकेंगे
वर्कला दक्षिण भारत का वह अनोखा समुद्री स्थल है जहाँ समुद्र तट ऊँची लाल क्लिफ़्स के नीचे फैला है। दिसंबर में वर्कला का मौसम इतना सुहाना होता है कि दिन भर बीच पर लेटना या क्लिफ़ वॉक करना एक अद्भुत अनुभव लगता है। यहाँ के कैफे, योग रिट्रीट, आयुर्वेदिक स्पा और स्थानीय बाज़ार पर्यटकों को लंबे समय तक बाँधे रखते हैं। गोवा की तरह यहाँ पार्टी कल्चर नहीं बल्कि धीमी, शांत और आत्मिक यात्रा का स्वर है।
दीव : पुर्तगाली वास्तुकला का नयाब नमूना

यदि आप परिवार के साथ सुरक्षित, साफ और शांत समुद्र तट चाहते हैं तो दीव शानदार विकल्प है। इस मौसम में यहाँ की हवा बिल्कुल ठंडी और तट बेहद शांत होते हैं। नागवा बीच, घोघला बीच और चक्रीय किले का क्षेत्र इतिहास और प्राकृतिक सौंदर्य दोनों से भरा है। पुर्तगाली शैली की गलियाँ, समुद्री भोजन और सस्ती रहाइश बिना भीड़ और शोर के गोवा का सबसे आकर्षक विकल्प बना देती है।
पुडुचेरी : समुद्र की सादगी देखने को मिलेगी
पुडुचेरी दिसंबर-जनवरी में सबसे खूबसूरत चेहरा दिखाता है। प्रोमेनेड बीच पर टहलना, व्हाइट टाउन की पीली–सफेद यूरोपीय इमारतों के बीच घूमना और कैफे में बैठकर समुद्री हवा महसूस करना एक अलग ही दुनिया में ले जाता है। यहाँ कोई तेज़ शोर नहीं, कोई भीड़भाड़ नहीं। बस समुद्र की लहरें, फ्रेंच गलियों की शांति और एक धीमी, सुकून भरी यात्रा।
अंडमान : कोरल और ट्रॉपिकल सर्दियों का जादू

समुद्र का सबसे शानदार अनुभव अंडमान में मिलता है। हैवलॉक का राधानगर बीच, एलीफैंटा बीच, नीले कोरल और स्वच्छ पानी यहाँ की पहचान हैं। समुद्र इतना पारदर्शी कि स्नॉर्कलिंग और स्कूबा में पानी के भीतर की दुनिया किसी सपने जैसी दिखती है। परिवारों के लिए सुरक्षित, कपल्स के लिए रोमांटिक और प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग।
तो गोवा की भीड़ से हटकर इन शांत, खूबसूरत और किफ़ायती समुद्री स्थलों को चुनें। यहाँ समुद्र अपने असली, अनगढ़ और सुकूनभरे रूप में मिलता है और आपकी ट्रिप पूरी तरह यादगार बन जाती है।
