Summary: स्क्रीन फ्री एक्टिविटीज़: बच्चों के लिए विकास और खुशियों से भरे पल
बच्चों के स्क्रीन टाइम को कम करके, पौधे लगाना, किताबें पढ़ना, बेकिंग और मिट्टी में खेलना जैसी एक्टिविटीज़ उनके मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक विकास को बढ़ावा देती हैं। ये पल माता-पिता और बच्चों के रिश्ते को भी मजबूत बनाते हैं।
Reduce Kids Screen Time: आज के डिजिटल युग में बच्चे लम्बे समय तक टैबलेट, मोबाइल, लैपटॉप और टीवी स्क्रीन पर बिता रहे हैं। ये लत बच्चों के सामाजिक मानसिक और शारीरिक विकास को पूरी तरह से प्रभावित कर रही है। स्क्रीन टाइम ज्यादा होने की वजह से बच्चों के सोचने समझने की शक्ति भी कमज़ोर हो गयी है। पहले के समय में बच्चे भरपूर नींद लिया करते थे, लेकिन डिजिटल युग में बच्चे नींद पूरी नहीं कर पा रहे हैं और उनमें अक्सर चिड़चिड़ापन, जिद्दी स्वभाव जैसी परेशानियां देखने को मिल रहीं हैं। इसलिए माता-पिता को बच्चों के स्क्रीन टाइम पर नियंत्रण रखना चाहिए।
पढ़ाई और मनोरंजन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए आपको बच्चों के साथ कुछ एक्टिविटी में हिस्सा लेना चाहिए जो आसानी से घर के अंदर बैठ कर भी एन्जॉय की जा सकती हैं।
पौधे उगाना और देखभाल करना

बच्चों को प्रकृति से जोड़ने का आसान माध्यम है उन्हें पौधों की जानकारी देना। बीज बोना, पौधों को पानी देना और उनकी देखभाल करने से बच्चों में जिम्मेदारी की भावना आएगी। जब वह एक पौधे को अपने सामने बढ़ते हुए देखते हैं, तो उन्हें पेड़-पौधों की अहमियत समझ आने लगती है।
खेल-खेल में किताबें पढ़ना

कहानियाँ बच्चों की दुनिया को एक नई सोच देती हैं। माता-पिता जब बच्चों के साथ मिलकर कहानियाँ पढ़ते हैं, तो एक भावनात्मक रिश्ता बनता है। बच्चों के साथ किताबों में अलग-अलग शब्द ढूंढने का खेल खेलें, इस तरह वो किताबें पढ़ने रूचि लेने लगेंगे।
बेकिंग करना

बेकिंग बहुत मजेदार एक्टिविटी है जिसमें बच्चे काफी कुछ सीखते हैं। केक या कुकीज़ बनाते समय वह विज्ञान के कई तरह के एक्सपेरिमेंट समझ पाते हैं। जब उनका बनाया हुआ स्वादिष्ट केक तैयार होता है, तो उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ता है।
विज्ञान किट
बच्चों में जिज्ञासा होना स्वाभाविक है। इस किट से उन्हें कई तरह के प्रयोग करने का मौका मिलेगा। वोल्केनो बनाना, रंगों के अलग अलग एक्सपेरिमेंट, माइक्रोस्कोप से चीजें देखना , इससे उनकी सोच को नई दिशा मिलेगी।
मिट्टी में खेलना

मिट्टी में खेलने से बच्चों की इम्युनिटी बढ़ती है। इसमें पाए जाने वाले कुछ बैक्टीरिया बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अच्छे माने जाते हैं। आजकल अधिकतर बच्चे स्क्रीन की दुनिया में सिमट गए हैं, ऐसे में मिट्टी में खेलना उन्हें वास्तविक जीवन के अनुभव देता है और सामाजिक रूप से भी उन्हें सक्रिय बनाता है।
मिट्टी के बर्तन बनाना

मिट्टी के बर्तन बनाना बच्चों के लिए एक मज़ेदार और मन को शांति देने वाली एक्टिविटी है। जब बच्चा मिट्टी को अपने हाथों से आकार देता है, तो उसका खुद पर भरोसा बढ़ता है। यह एक्टिविटी बच्चों में ध्यान, सब्र और फाइन मोटर स्किल्स को बढ़ावा देती है।
फायदे भी जानें
बच्चों के साथ इन तरह की गतिविधियों में समय बिताना न केवल उनके विकास में मदद करता है, बल्कि माता-पिता और बच्चों के बीच के रिश्तों को मजबूत बनाता है। बच्चे बिना स्क्रीन टाइम के भी खुश रहने लगेंगे और यही खुशियाँ उनके बचपन की सबसे सुंदर यादें बनेंगी।
