Overview:
गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन गुरुवार को उड़ान भरते ही क्रैश हो गया। यह विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था। विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 लोग सवार थे।
Ahmedabad Air India Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन गुरुवार को उड़ान भरते ही क्रैश हो गया। यह विमान अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था। विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 लोग सवार थे। रूपाणी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे। यात्रियों में 52 ब्रिटिश और 7 पुर्तगाली नागरिक भी सवार बताए जा रहे हैं। आइए जानते हैं इस हादसे से जुड़ी सभी अहम जानकारियां।
दो मिनट में हो गया क्रैश
सूत्रों के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने आज दोपहर करीब 1.38 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के करीब दो मिनट बाद ही दोपहर 1.40 बजे यह विमान क्रैश हो गया। हादसे में हताहत हुए यात्रियों, पायलट और केबिन क्रू के विषय में फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि विमान एयरपोर्ट की दीवार और पास ही बनी बिल्डिंग से टकराकर क्रैश हो गया। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। विमान में सवार सभी 242 लोगों की मौत होने की भी आशंका है।
पायलट ने भेजे से सिग्नल
बताया जा रहा है कि विमान क्रैश होने से पहले पायलट में नजदीकी एटीसी को ‘मेडे कॉल’ सिग्नल भी भेजा था। यह सिग्नल खतरे की आशंका के कारण भेजा जाता है। लेकिन कोई कुछ कर पाता, इससे पहले ही विमान हादसे का शिकार हो गया।
जानिए क्या होता है ‘मेडे कॉल’
‘मेडे कॉल’ एक तरह का इमरजेंसी मैसेज होता है। जब विमान में कोई तकनीकी खराबी आती है या विमान आपात स्थिति में होता है तो यह ‘मेडे कॉल’ की जाती है। ‘मेडे कॉल’ के माध्यम से ही पायलट एयर ट्रैफिक कंट्रोल और नजदीकी विमानों को अलर्ट करता है।
बिल्डिंग में रहते थे डॉक्टर्स
सूत्रों के अनुसार विमान जिस बिल्डिंग से टकराया है, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते थे। यह एक हॉस्टल था, जिसमें सभी इंटर्न डॉक्टर रहते थे। सूत्रों के अनुसार हादसे के समय बिल्डिंग में करीब 50 डॉक्टर्स थे। सभी के हताहत होने की सूचना है।
दोनों पायलटों को था लंबा अनुभव
डीजीसीए की ओर से इस हादसे की जानकारी दी गई है। डीजीसीए के अनुसार 12 जून 2025 को एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद से गैटविक लंदन जा रहा था। लेकिन विमान टेक ऑफ के तुरंत बाद ही क्रैश हो गया। विमान में 230 यात्रियों सहित 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल हैं। विमान के पायलट कैप्टन सुमित साभरवाल थे। उनके साथ क्लाइव कुंदर फर्स्ट ऑफिसर थे। सुमित साभरवाल एक बेहतरीन पायलट थे, जिनके पास 8200 घंटे फ्लाइट उड़ाने का अनुभव था। वहीं क्लाइव को भी 1100 घंटे फ्लाइट उड़ाने का अनुभव था।
पीएम मोदी हुए अहमदाबाद रवाना
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में जले हुए विमान का मलबा बिखर गया। पूरे इलाके में राख फैल गई। वहीं पोस्टमार्टम हाउस में अफरा तफरी मच गई। हादसे की सूचना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली से अहमदाबाद रवाना हुए। उनके साथ उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी हैं।
एयरपोर्ट से ऑपरेशन फिलहाल बंद
इस भीषण हादसे के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर फिलहाल ऑपरेशन बंद कर दिए गए हैं। सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने कहा कि प्लेन हादसे को देखते हुए एयरपोर्ट पर ऑपरेशन फिलहाल बंद कर दिया गया है। अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर बचाव और राहत कार्य जारी हैं।
