Summary: भारत के 5 प्रसिद्ध जैन मंदिर, जहां मिलती है आस्था और शांति का संगम
भारत में जैन धर्म के अनुयायियों के लिए कई प्राचीन और भव्य मंदिर हैं, जो अपनी वास्तुकला और आध्यात्मिक ऊर्जा के लिए प्रसिद्ध हैं। आइए जानें ऐसे 5 प्रमुख जैन मंदिरों के बारे में, जहां दर्शन से मिलता है आत्मिक सुकून।
Famous Jain Temples of India: पूरी दुनिया में भारत ही एक मात्र ऐसा देश है जहाँ सभी धर्म के लोग एक साथ आपस में मिलकर रहते हैं। इन्हीं धर्मों में से एक धर्म जैन धर्म है। दरअसल जैन धर्म भारत का सबसे प्राचीन धर्म है। ‘जैन’ का अर्थ होता है ‘जिन द्वारा प्रवर्तित’। ऐसे में जैन उन लोगों को कहा जाता है जो ‘जिन’ के अनुयायी होते हैं। जैन धर्म में अहिंसा को ही परम धर्म माना जाता है। जैन धर्म को मानने वाले लोग सृष्टिकर्ता ईश्वर को नहीं मानते, वे सिर्फ़ जिन या फिर अरिहन्त को ही ईश्वर मानते हैं। उन्हीं की प्रार्थना करते हैं और उन्हीं के निर्मित मंदिर में भी दर्शन के लिए जाते हैं। भारत में कई प्रसिद्ध जैन मंदिर हैं, जहाँ श्रद्धालु भारी संख्या में दर्शन करने के लिए जाते हैं। आइए जानते हैं भारत के 5 प्रसिद्ध जैन मंदिर के बारे में।
श्री पावापुरी जैन मंदिर, बिहार (नालंदा)
श्री पावापुरी जैन मंदिर जैन धर्म में सबसे प्रमुख धार्मिक स्थल है। यह मंदिर बिहार के नालंदा जिले में स्थित है। यह मंदिर राजगीर और बोधगया दोनों ही जगहों से काफी पास है। यही वह स्थान है जहाँ पर भगवान महावीर को मोक्ष की प्राप्ति हुई थी। जैन धर्म को मानने वाले लोग हर साल इस मंदिर में दर्शन करने के लिए आते हैं।
श्री रणकपुर जैन मंदिर, राजस्थान (उदयपुर)

श्री रणकपुर जैन मंदिर अरावली की पहाड़ियों के जंगलों में बसा हुआ है। यह मंदिर उदयपुर से तकरीबन 90 किलोमीटर दूर पाली जिले में स्थित है। इस मंदिर की सबसे खास बात यह है कि यह मंदिर 1444 जटिल नक्काशीदार खंभों पर टिका हुआ है।
श्री सम्मेद शिखरजी, झारखंड (गिरिडीह)

श्री सम्मेद शिखरजी मंदिर जैन धर्म के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है। इसे पारसनाथ के नाम से भी जाना जाता है। इस स्थान पर 24 में से 20 तीर्थंकरों ने मोक्ष की प्राप्ति की थी। यह स्थान झारखण्ड के गिरिडीह में स्थित है और जैन धर्म के लोग यहाँ के पारसनाथ पर्वत की परिक्रमा भी करते हैं।
दिलवाड़ा जैन मंदिर, राजस्थान (माउंट आबू)

दिलवाड़ा जैन मंदिर भारत के प्रमुख जैन मंदिरों की सूची में शामिल है। यह मंदिर राजस्थान के माउंट आबू से कुछ ही दूरी पर स्थित है। यह पाँच मंदिरों का एक समूह है, जो संगमरमर पत्थर के बने हुए हैं। इस जैन मंदिर में दर्शन करने के लिए पूरे भारत से जैन धर्म के लोग यहाँ भारी संख्या में पहुँचते हैं।
गोमतेश्वर जैन मंदिर, कर्नाटक

गोमतेश्वर जैन मंदिर जैन धर्म का एक प्रसिद्ध मंदिर है। यह मंदिर कर्नाटक राज्य के श्रवणबेलगोला शहर में विंध्यगिरी पहाड़ी के ऊपर स्थित है। इस मंदिर में भगवान गोम्मटेश्वर की 57 फीट ऊँची प्रतिमा रखी गई है। इस जगह पर हर 12 साल में एक बड़ा उत्सव का आयोजन किया जाता है, दूध, गन्ने का रस और फूलों से भगवान का अभिषेक किया जाता है। यहाँ आपको काफी शांत वातावरण और प्राकृतिक खूबसूरती का मनमोहक नजारा देखने को मिलेगा।
