Overview:
भारत में खाने के ढेरों विकल्प हैं। जिन्हें लोग स्वाद के साथ ही प्रोटीन और सेहत का खजाना मानते हैं। लेकिन असल में ये उतने हेल्दी नहीं हैं, जितना लोग समझते हैं।
Worst Foods for Weight Loss: अगर सुबह के नाश्ते में गरम गरम आलू के पराठे और छोले भटूरे मिल जाएं तो लोगों का दिन बन जाता है। भारत में व्यंजनों के ढेरों विकल्प हैं। जिन्हें लोग स्वाद के साथ ही प्रोटीन और सेहत का खजाना मानते हैं। लेकिन असल में ये उतने हेल्दी नहीं हैं, जितना लोग समझते हैं। पिछले दिनों एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया के फिटनेस ट्रेनर सिद्धार्थ सिंह ने लोगों को इन फूड्स विकल्पों की सच्चाई बताई।
वजन घटाने में हैं रुकावट

सिद्धार्थ सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने ऐसी 5 खाने की चीजों के बारे में बताया जो वजन घटाने में सबसे बड़ी रुकावट बन सकती हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि ये ज्यादातर चीजें हमारे रोज के खाने में शामिल होती हैं।
1. आलू पराठा – स्वाद भरपूर, सेहत दूर
आलू पराठा लगभग हर भारतीय की फेवरेट फूड लिस्ट में शामिल होता है। लेकिन सिद्धार्थ कहते हैं कि अगर आप इसे प्रोटीन के बिना खाते हैं तो इसमें कोई खास पोषण नहीं होता। अगर आप इसके साथ अंडा या पनीर जैसा कुछ जोड़ते हैं तो कैलोरी इतनी बढ़ जाती है कि वजन कम होना तो दूर, बढ़ने लगता है।
2. भटूरा – एक में ही 150 कैलोरी
अक्सर लोग छोले भटूरे खाना पसंद करते हैं। छोले प्रोटीन से भरपूर होते हैं। लेकिन भटूरे कैलोरी का भंडार होते हैं। एक भटूरे में लगभग 150 कैलोरी होती हैं। अगर आप छोले की सब्जी के साथ दो भटूरे खाते हैं तो करीब 500 से 600 कैलोरी मिलती हैं। मैदा और तेल से मिलने वाली यह कैलोरी आपके शरीर के बिल्कुल अच्छी नहीं होती।
3. इंस्टेंट नूडल्स – सेहत का दुश्मन
अपने वीडियो में सिद्धार्थ ने कहा कि पैकेज्ड इंस्टेंट नूडल्स सिर्फ मैदा से बने होते हैं। इसमें कोई पोषण नहीं होता। ऊपर से इसमें सोडियम और प्रिजर्वेटिव्स की मात्रा भी काफी होती है। इन्हें खाने से जल्दी भूख लगने लगती है। साथ ही वजन बढ़ने का खतरा रहता है।
4. दाल – हेल्दी लेकिन आधा सच
ज्यादातर लोग दाल को प्रोटीन का अच्छा स्रोत मानते हैं। वहीं सिद्धार्थ का कहना है कि यह हेल्दी विकल्प है, लेकिन आधा ही सच है। दाल में कार्बोहाइड्रेट ज्यादा और प्रोटीन कम होता है। अगर आप इसे अकेले प्रोटीन मानकर खा रहे हैं तो आपको संतुलित पोषण नहीं मिल रहा है।
5. कोल्ड ड्रिंक – सिर्फ ढेर सारी कैलोरी
फिटनेस एक्सपर्ट का कहना है कि कोल्ड ड्रिंक वेटलॉस के लिए सबसे खराब चीजों में से एक है। एक गिलास कोल्ड ड्रिंक में करीब 100 से 150 कैलोरी तक होती है। इसमें फाइबर और प्रोटीन जैसे पोषक तत्व नहीं होते हैं। यह सिर्फ ढेर सारी चीनी और कैलोरी का भंडार होती है।
हमेशा चुनें सही विकल्प
सिद्धार्थ ने बताया कि अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो सबसे पहले ऊपर बताई गई पांचों चीजों को अपनी डाइट से हटा दें। उनकी जगह हाई प्रोटीन, फाइबर युक्त और कम प्रोसेस्ड चीजों को अपने ब्रेकफास्ट में शामिल करें। जैसे अंडे, ओट्स, फल, नट्स और बिना शक्कर वाला दही आदि अच्छे विकल्प हैं।
