त्योहार मनाएं पर संभलकर खाएं: Festival Health Tips
Festival Health Tips

Festival Health Tips: त्योहार का मौसम आते ही लोग पकवानों व मिठाइयों पर टूट पड़ते हैं जो कि आपकी सेहत के लिए नुकसान देह है। इसलिए यहां हम आपको बता रहे हैं त्योहार की मस्ती के बीच खुद को स्वस्थ रखने के आसान टिप्स।

आजकल त्योहारों के सीजन में जहां नित नई मिठाइयों से फ्रिज भरा रहता है वहीं किचन में नये पकवानों की खुशबू ही मुंह में पानी लाने के लिये काफी होती है। ऐसे में खुद को कंट्रोल करना बड़ा मुश्किल हो जाता है लेकिन जिन्हें सेहत संबंधी कोई परेशानी होती है उनके लिये खाने-पीने की चीजों से परहेज करना एक बड़ी चुनौती हो जाती है। अगर खाने-पीने पर सही ध्यान न दिया जाए तो इसके काफी गंभीर परिणाम हो सकते हैं। कुछ ऐसा ही पिछले साल की दिवाली पर रवींद्र शर्मा के साथ हुआ।

Also read: देसी मिठाइयों का अलग अंदाज़: Desi Sweets

दिवाली पर उन्हें दोस्तों और रिश्तेदारों ने ढेर सारी मिठाइयां उपहार में दीं। मिठाइयां देख रवींद्र से रहा नहीं गया और मौका भी था खुशियों भरा, तो ऐसे में वो यह भी भूल गए कि वह डायबिटीज के मरीज हैं। मिठाइयों और पकवानों का स्वाद चखने में ही जरूरत से ज्यादा खा गए। नतीजतन दिवाली की रात अस्पताल में गुजारनी पड़ी। रवींद्र शर्मा की तरह आप में से भी कोई हो सकता है जो त्योहार के दिनों में खाने-पीने और सेहत को लेकर सजग नहीं रहते। आपकी इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली मैक्स हेल्थकेयर की रीजनल हेड व डायटेटिक्स रीतिका समादार बता रही हैं डायबिटीज, ब्लड प्रेशर व कई अन्य बीमारी वाले लोगों के लिए त्योहार के दिनों में खान-पान के प्रति सावधानी बरतने संबंंधी कुछ बातों के बारे में।
जिन लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी है वो नीचे बताई जा रही बातों को अमल में लाकर खान-पान का ध्यान रखें और परिवार के संग सभी त्योहारों का आनंद जमकर उठायें।

1. डायटेटिक्स रीतिका समादार के अनुसार ‘डायबिटीज के मरीजों को त्योहारों के इस सीजन में खास ख्याल रखना चाहिये। उन्हें मीठे के साथ-साथ तैलीय चीजों से भी थोड़ा बचना चाहिये। बहुत ज्यादा खाना भी बुरा है तो भूखे पेट रहना भी डायबिटीज के मरीजों के लिये घातक है। इस सीजन में लोगों का अकसर खाने-पीने पर नियंत्रण नहीं रहता और लोग वजन बढ़ने जैसी समस्या से भी परेशान रहते हैं। डायबिटीज में ये और भी ज्यादा घातक हो सकता है। इसलिये वजन का भी ध्यान रखना बहुत जरूरी है। इसका ये कतई मतलब नहीं है कि त्योहारों में पकवानों को छोड़ दें, खायें जरूर लेकिन थोड़ा संयम के साथ। इन दिनों डॉक्टर से मिलकर खान-पान संबंधी बातों को जान लें ताकि बाद में त्योहारों का मजा खराब न हो। डायबिटीज के मरीज ही नहीं बल्कि जिन्हें दिल संबंधी बिमारियां हैं उन्हें भी इन त्योहारों पर खाने के प्रति विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।Ó
2. दिल संबंधी बिमारियों से पीड़ित मरीज मिठाइयां खा सकते हैं लेकिन ये बहुत जरूरी है कि वो चिकनाई रहित हों जैसे कि छैने की मिठाई। एक साथ ज्यादा खाना न खायें क्योंकि इससे शुगर लेवल बढ़ जाता है जिससे दिल पर दबाव पड़ता है। फ्राई चीजें जैसे कि कचौड़ी, समोसे और पकौड़े इत्यादि से खासतौर पर बचना चाहिये अन्यथा त्योहारों का मजा किरकिरा होने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।
3. ‘खाओ लेकिन थोड़ा-थोड़ाÓ इस पर अमल करने की सबसे ज्यादा जरूरत है क्योंकि दिल के मरीजों का वजन बढ़ना सेहत के लिहाज से खतरनाक हो सकता है। इसलिये बिना सोचे-समझे बिल्कुल न खायें और शराब के सेवन से परहेज करना भी बहुत जरूरी है।
4. त्योहारों की खुमारी में दोस्तों या रिश्तेदारों के घर जाना आम बात है और फिर देर रात तक हंसी-ठिठोली करना लेकिन इस दौरान स्नैक्स खाते रहने से सेहत बहुत ज्यादा प्रभावित होती है। इसलिये नींद पूरी होना और नियंत्रित खाना बहुत जरूरी है।
5.इसके अलावा रक्तचाप के मरीजों को भी मिठाइयों और चिकनाईयुक्त आहार लेने से बचना चाहिये। बहुत ज्यादा चटपटे या नमकीन पकवानों से भी परहेज करना जरूरी है।
6. गौरतलब है कि त्योहारों के सीजन में बहुत से लोगों को सूजन भी हो जाती है। दरअसल ये ज्यादा मीठा खाने से एलर्जी का नतीजा होता है। मिठाइयों या बाजार के पकवानों में मिलावट और रंग मिले होने की वजह से एलर्जी या सूजन हो जाती है।
7.विभिन्न बिमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह बहुत जरूरी है कि वे संतुलित आहार पर ही ज्यादा जोर दें। वरना वजन बढ़ने के साथ-साथ कई और रोगों की आशंका बढ़ जाती है। इसके लिये सबसे महत्त्वपूर्ण है बी.एम.आर यानी कि बेसल मेटाबॉलिज्म रेट को बढ़ाने पर जोर देना चाहिये। बी.एम.आर कई ऑर्गेनिक तरीकों से बढ़ाया जा सकता है और खान-पान में कैलोरी की बजाय फाइबर भरपूर लें, जिससे भूख कम लगेगी और खाने पर नियंत्रण रहेगा।
8.इन दिनों उपहारों में जूस भी खूब मिलते हैं और लोग इन्हें हेल्थी आहार समझ इनका खूब सेवन भी करते हैं। लेकिन इससे शुगर लेवल बढ़ने की आशंका रहती है खासतौर से बीपी और डायबिटीज के मरीजों के लिये तो यह काफी नुकसानदायक होता है। इसकी बजाय ताजे फल खाने पर जोर दें।
9. अगर आहार संतुलित रहेेगा तो वजन भी कंट्रोल में रहेगा और यह आपको फिट रखने का बढ़िया उपाय है। अगर आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं तो चिंता की कोई बात नहीं है बस संभलकर खाएं-पीएं और त्योहारों का भरपूर मजा लें।

Festival Health Tips-in baaton ka rakhen khaas khyaal
in baaton ka rakhen khaas khyaal

1. तले भोजन से परहेज करें।
2. मिठाइयों से पेट न भरें।
3. खान-पान पर नियंत्रण रखें।
4.मेहमाननवाजी के कारण हर बार स्नैक्स या खाना न खायें।
5. नींद पूरी करें।
6. वजन को नियंत्रित करें।
7. बी.एम.आर बढ़ाने वाली चीजों को आहार में शामिल करें।
8. चाय और कॉफी ज्यादा न पीयें।
9. शराब और धूम्रपान से बचें।
10. जितनी भूख है, उतना ही खायें।
11. डॉक्टर से परामर्श लेकर व्यायाम करें।
12. त्योहारों से पहले न्यूट्रीशियनिस्ट से मिलकर खान-पान संबंधी सलाह लें।