Overview: तनावमुक्त शरीर, शांत मन और गहरी नींद – सिर्फ कुछ मिनटों की स्ट्रेचिंग से
सोने से पहले सिर्फ 5-10 मिनट का ये स्ट्रेचिंग रूटीन आपकी नींद को बेहतर बना सकता है। ये आसान स्ट्रेचेस न केवल शरीर की जकड़न को दूर करते हैं, बल्कि आपके मन को भी दिनभर की हलचल से बाहर निकालकर शांत अवस्था में लाते हैं।
Simple Stretching on Bed: क्या आप रात को करवटें बदलते रहते हैं और अच्छी नींद नहीं आती? दिनभर की थकान, तनाव और शरीर में जकड़न अक्सर चैन की नींद में खलल डालते हैं। ऐसे में एक छोटा सा बदलाव आपकी नींद की गुणवत्ता को काफी हद तक सुधार सकता है। सोने से ठीक पहले बिस्तर पर किए गए कुछ आसान स्ट्रेच न केवल शरीर को आराम देते हैं, बल्कि दिमाग को भी शांत करते हैं, जिससे आप गहरी और सुकून भरी नींद ले पाते हैं। तो आइए जानते हैं 7 आसान स्ट्रेचेस जो आप अपने ही बिस्तर पर कर सकते हैं।
घुटनों को छाती से लगाना
इस स्ट्रेच को करने से आपकी कमर और पीठ की मांसपेशियों को आराम मिलता है। बस पीठ के बल लेट जाएं, घुटनों को मोड़ें और धीरे-धीरे दोनों घुटनों को छाती की ओर खींचें। कुछ सेकंड होल्ड करें और फिर छोड़ें। 3-5 बार दोहराएं। यह रीढ़ को रिलैक्स करता है और आपको हल्का महसूस कराता है।
बटरफ्लाई स्ट्रेच

इस स्ट्रेच से हिप्स और ग्रोइन एरिया में खिंचाव आता है, जिससे शरीर धीरे-धीरे नींद की स्थिति में आने लगता है। पीठ के बल लेट जाएं, पैरों के तलवे आपस में मिलाएं और घुटनों को बाहर की तरफ ढीला छोड़ दें। हाथों को आराम से पेट या साइड में रखें। ये स्ट्रेच हिप्स और जांघों को रिलैक्स करता है और मन को शांत करता है।
स्पाइनल ट्विस्ट
यह स्ट्रेच रीढ़ की हड्डी के लिए बहुत लाभकारी है। पीठ के बल लेटें, एक घुटना मोड़कर विपरीत दिशा में घुमाएं और दोनों हाथों को फैला लें। सिर को भी घुटनों की विपरीत दिशा में घुमाएं। यह स्थिति तनाव को कम करने में मदद करती है।
कैट-काउ स्ट्रेच
अपने हाथों और घुटनों के सहारे बिस्तर पर झुकें। सांस अंदर लेते हुए पीठ को नीचे की ओर झुकाएं (काउ पोज़), और सांस छोड़ते हुए पीठ को ऊपर की ओर गोल करें (कैट पोज़)। यह स्ट्रेच रीढ़ की लचीलापन और तनाव घटाने के लिए बहुत फायदेमंद है।
हैमस्ट्रिंग स्ट्रेच
पीठ के बल लेटकर एक टांग को ऊपर उठाएं और हाथों से पकड़े रहें (या किसी स्कार्फ या बेल्ट की मदद लें)। कुछ सेकंड होल्ड करें और फिर बदलें। यह स्ट्रेच पैरों की जकड़न को दूर करता है और नींद के लिए शरीर को तैयार करता है।
शवासन
यह स्ट्रेच कम और ध्यान अधिक है। पीठ के बल सीधा लेटें, हाथ और पैर फैलाकर रखें और आंखें बंद करें। गहरी सांस लें और धीरे-धीरे सांस छोड़ें। यह शरीर को शांत करता है और नींद को न्योता देता है।
नेक रोटेशन
बैठे-बैठे या लेटे-लेटे धीरे-धीरे गर्दन को दाएं-बाएं घुमाएं। फिर सिर को आगे-पीछे झुकाएं। इससे गर्दन की जकड़न दूर होती है और सिरदर्द जैसी समस्याओं में राहत मिलती है।
