प्रेग्नेंसी में ज़रूर अपनाएं 5 डाइट टिप्स
गर्भवती महिलाओं को हर एक सीजन में देखभाल की जरूरत होती है, लेकिन सर्दियों में उन्हें अपना खास ध्यान रखने की आवश्यकता है।
Winter Pregnancy Diet: प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को अपने खानपान और लाइफस्टाइल पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है, ताकि वे और उनका होने वाला बच्चा स्वस्थ रह सके। इसके साथ ही प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाली परेशानियों से भी बचा सके। गर्भवती महिलाओं को हर एक सीजन में देखभाल की जरूरत होती है, लेकिन सर्दियों में उन्हें अपना खास ध्यान रखने की आवश्यकता है। इस दौरान अपने डाइट को लेकर गर्भवती महिलाओं को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। दरअसल, सर्दियों में इम्यूनिटी काफी कमजोर होती है। ऐसे में कई तरह की बीमारियों का खतरा रहता है। ऐसे में सर्दियों में होने वाली परेशानियों से बचने के लिए डाइट पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। आइए जानते हैं प्रेग्नेंसी में कैसा होना चाहिए महिलाओं का डाइट?
Winter Pregnancy Diet: विटामिन सी है जरूरी

सर्दियों में प्रेग्नेंसी में इम्यूनिटी काफी कमजोर होने लगती है। ऐसे में महिलाओं को विटामिन सी से भरपूर आहार जैसे- आंवला, नींबू, संतरा इत्यादि का सेवन करना चाहिए। विटामिन सी का सेवन करने से आपकी इम्यून पॉवर मजबूत हो सकती है।
ड्राई फ्रूट्स हैं हेल्दी

प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को भरपूर रूप से प्रोटीन की जरूरत होती है। शरीर में प्रोटीन की कमी को दूर करने के लिए आप ड्राई फ्रूट्स का सेवन करें। सर्दियों में आप सूखे मेवे बिना भिगोए भी खा सकते हैं। यह आपके स्वास्थ के लिए हेल्दी हो सकता है। इसके साथ ही रातभर भिगोकर भी ड्राईफ्रूट्स का सेवन किया जा सकता है। यह मां और बच्चे दोनों के लिए फायदेमंद हो सकता है।
डेयरी प्रोडक्ट्स का करें सेवन

प्रेग्नेंसी में शरीर को भरपूर रूप से प्रोटीन और कैल्शियम की जरूरत होती है। ऐसे में डेयरी प्रोडक्ट्स आपके लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है। गर्भावस्था में महिलाओं को अधिक से अधिक दूध, क्रीम, पनीर, छाछ का सेवन करना चाहिए। खासतौर पर सर्दियों में इस तरह के आहार का सेवन करने से आपके और आपके बच्चे की हड्डियां मजबूत होंगी।
ताजे फल और सब्जियां

सर्दियों में मार्केट में बहुत ही आसानी से ताजे फल और सब्जियां मिल जाती हैं। ऐसे में शरीर में पोषक तत्वों की कमी को दूर करने के लिए आप इन फल और सब्जियों का सेवन करें। गर्भावस्था में जितनी ज्यादा हो सके उतनी हरी सब्जियों और फलों का सेवन करें। इससे शरीर को भरपूर रूप से एनर्जी और पोषक तत्व प्राप्त होगा।
शरीर को रखें हाइड्रेट

सर्दियों में गर्भवती महिलाओं को अपने शरीर को हाइड्रेट रखने की जरूरत है। इसके लिए दिन में कम से कम 7 से 8 गिलास पानी पिएं। इसके साथ ही नारियल पानी, छाछ इत्यादि का सेवन करें। इससे शरीर को हाइड्रेट रखा जा सकता है।
प्रेग्नेंसी में महिलाओं को कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में उन्हें अपने डाइट पर ध्यान देने की जरूरत है। इसके लिए आप इन आहार का सेवन कर सकते हैं। हालांकि, गर्भावस्था में किसी भी तरह का डाइट लेने से पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।
