Weight Loss After Pregnancy: अक्सर महिलाएं प्रेगनेंसी फैट को लेकर परेशान रहती हैं, उन्हें लगता है कि यह बढ़ा हुआ वजन आसानी से कम नहीं हो सकेगा और वे अपनी पहली वाली शेप में नहीं आ पाएंगी। लेकिन इस सोच के विपरीत कई बॉलीवुड सेलेब्स ने यह साबित कर दिखाया है कि डिलीवरी के बाद भी फिर से पहली जैसी बॉडी पाई जा सकती है। बस इसके लिए आपको थोड़ी कोशिश करनी होगी।
ये गलतियां न करें आप

बच्चे को जन्म देने के बाद अक्सर बढ़ते वजन को लेकर परेशान नई मां डाइटिंग करने लगती है। लेकिन ऐसा करना आपकी और बच्चे दोनों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। बच्चे को जन्म देने के बाद मां का शरीर कमजोर हो जाता है। ऐसे में इस दौरान हमेशा पौष्टिक आहार करने पर जोर देना चाहिए। इसमें लापरवाही करने से जल्दी स्वस्थ नहीं हो पाएंगे। वहीं कम भोजन करने से बच्चे के विकास पर भी असर पड़ सकता है क्योंकि स्तनपान के दौरान डाइटिंग बिलकुल नहीं करनी चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार बच्चे को जन्म देने के 6 से 12 महीने के बाद ही महिलाओं को डाइटिंग करनी चाहिए। एकदम से सख्त डाइटिंग की जगह, धीरे-धीरे इसकी शुरुआत करनी चाहिए।
छोटे-छोटे मील लें
‘द इंस्टीटयूट ऑफ मेडिसिन’ की एक रिपोर्ट के अनुसार डिलीवरी के बाद करीब आधी महिलाओं का वजन 5 किलो से ज्यादा बढ़ जाता है। वहीं एक चौथाई महिलाओं का वजन करीब 10 किलो तक बढ़ जाता है। ऐसे में डिलीवरी के बाद वजन कम करने के लिए महिलाओं को कुछ प्रयास करने चाहिए। दिनभर में आपको 5 से 6 छोटे-छोटे मील लेने चाहिए। ब्रेकफास्ट हमेशा पौष्टिक करें। इससे आपको दिनभर एनर्जी मिलेगी। अपनी डाइट से शुगर, फैट, सोडा डिंरक्स आदि को दूर रखें।
मालिश को लेकर न हों भ्रमित
डिलीवरी के बाद मालिश को लेकर अधिकांश महिलाएं भ्रमित रहती हैं। अगर सी सेक्शन डिलीवरी हुई है तो असमंजस और भी बढ़ जाता है। असल में डिलीवरी के बाद मालिश करवाना बहुत जरूरी है। अगर आपकी नॉर्मल डिलीवरी हुई है तो एक सप्ताह बाद और सी सेक्शन डिलीवरी के दो से तीन सप्ताह बाद आपको मालिश करवानी चाहिए। हालांकि इस दौरान हल्की मालिश करवानी चाहिए। इससे पेट पर जमी चर्बी को तोड़ने में मदद मिलती है। कई बार लिम्फनोड्स में लिक्विड व गंदगी जमी रह जाती है, मालिश इन्हें भी बाहर निकाल देती है। मालिश से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जिससे डिलीवरी के बाद मांसपेशियों में आए खिंचाव से राहत मिलती है। इतना ही नहीं मालिश से ऑक्सीटोसिन हार्मोन को बढ़ावा मिलता है, जिससे ब्रेस्ट मिल्क बढ़ता है। इसलिए डिलीवरी के बाद मालिश जरूर करवाएं।
नियमित पिएं मेथी का पानी
महिलाएं डिलीवरी के तुरंत बाद एक्सरसाइज और डाइटिंग नहीं कर सकती, लेकिन कुछ काम वे डिलीवरी के बाद से ही कर सकती हैं। डिलीवरी के बाद नियमित रूप से मेथी का पानी पिएं। आप रात में आधी टीस्पून मेथी दानें भिगो दें, सुबह इस पानी का सेवन करें और मेथी दाना खा लें। आप चाहें तो इस पानी को गुनगुना करके भी पी सकती हैं। इसी के साथ एक लीटर पानी में दो टीस्पून सौंफ डालकर रखें और दिनभर इस पानी का सेवन करें। डिलीवरी के बाद अजवाइन का पानी पीना भी फायदेमंद रहता है।
दालचीनी और लौंग की चाय
भारतीय रसोई के अहम मसाले दालचीनी और लौंग दोनों ही डिलीवरी के बाद वजन कम करने में मददगार बन सकते हैं। सुबह आप दूध की चाय की जगह दालचीनी-लौंग की चाय पिएं। इसके लिए आप दो कप पानी लें। उसमें दो लौंग, एक इलायची व एक इंच लंबा दालचीनी का टुकड़ा डालें। ध्यान रखें आपको दालचीनी का पाउडर नहीं डालना है, स्टिक ही काम में लेनी है। पैन को गैस पर चढ़ाएं और सारी सामग्री को उबाल लें। जब पानी एक कप रह जाए तो इसे छानकर इसका सेवन करें। इस चाय से प्रेगनेंसी फैट कम हो सकता है।
ब्रेस्टफीडिंग से घटेगा वजन

डिलीवरी के बाद अपने बच्चे को स्तनपान करवाना बच्चे के साथ ही मां के लिए भी बहुत ही महत्वपूर्ण है। स्तनपान से जहां शिशु को पूरा पोषण मिलता है। वहीं नई मां का वजन भी तेजी से कम होता है। शोध बताते हैं कि स्तनपान करवाने से मां का एक महीने में दो से तीन किलो तक वजन कम हो सकता है। हालांकि यह मानक हर किसी के लिए अलग हो सकता है। दरअसल, स्तनपान करवाने में काफी कैलोरी बर्न हो जाती है। इससे दूध का प्रोडक्शन भी बढ़ता है, ऐसे में मां का वजन भी तेजी से कम होने लगता है।
पेट पर बांधे बेल्ट
डिलीवरी के बाद कई महिलाओं के पेट पर काफी फैट जमा हो जाता है। इसे कम करने के लिए आप पेट पर टाइट कपड़ा बांधकर रखें। इससे न सिर्फ पेट की चर्बी कम होगी, बल्कि आपकी रीढ़ की हड्डी को भी सहारा मिलेगा। इससे वजन तेजी से कम होगा। आपको मार्केट में कई प्रकार की बेल्ट्स भी मिल जाएंगी, जिन्हें आप पेट पर बांध सकती हैं। इससे गर्भाश्य भी शेप में आता है।
करें वी-अप वर्कआउट
प्रेगनेंसी फैट कम करने के लिए महिलाओं के लिए वी-अप वर्कआउट बेस्ट है। यह एक फुल बॉडी वर्कआउट है। इससे पेट के साथ ही पैर, पीठ और कंधों का फैट कम होता है। इससे पेट की चर्बी तेजी से पिघलती है। इसे करना बेहद आसान है। सबसे पहले आप जमीन पर योगा मैट बिछाकर कमर के बल लेटें। फिर दोनों हाथों को कानों से सटाते हुए पीछे की ओर लेकर जाएं। अब अपने दोनों पैरों को सीधा जमीन पर रखें। गहरी सांस लें और हाथ-पैरों को एक साथ हवा में ऊपर उठाएं। अब अपनी कमर से जोर लगाते हुए ऊपर की ओर उठने की कोशिश करें। आपके सिर्फ हिप्स जमीन पर होने चाहिए। इस एक्सरसाइज को प्रतिदिन कम से कम 20 बार करें। शुरुआत 3-3 के सेट से करें।
योग से कम होगा तेजी से वजन

नियमित एक्सरसाइज के साथ ही योग से भी आप प्रेगनेंसी वेट कम कर सकती हैं। इसके लिए प्राणायाम के साथ ही भुजंगासन, त्रिकोणासन, नौकासन, वीरभद्रासन और पश्चिमोत्तानासन जैसे आसन आपको करने चाहिए। ये सभी आसन आपकी पेट की चर्बी को तेजी से कम करने में मददगार हैं। इससे आपके शरीर को मजबूती और लचीलापन दोनों मिलते हैं।
माउंटेन क्लाइंबर है बेहतरीन एक्सरसाइज
माउंटेन क्लाइंबर भी प्रेगनेंसी फैट कम करने के लिए एक बेहतरीन एक्सरसाइज है। इससे शरीर का फैट तेजी से कम होता है। इसके लिए आप पहले प्लैंक एक्सरसाइज की पोजीशन में आएं। अब हाथ-पैरों पर शरीर का बराबर वजन डालें। अब अपने दाएं घुटने को छाती की ओर लाएं और वापस पीछे करें। फिर बाएं घुटने से भी यही प्रक्रिया करें।
प्लैंक से कम होगी चर्बी
डिलीवरी के बाद बढ़े वजन को कम करने का दूसरा प्रभावशाली तरीका है प्लैंक। प्लैंक से डिलीवरी के बाद बाहर निकले पेट को फिर से शेप में किया जा सकता है। इस शानदार एक्सरसाइज से कैलोरी तेजी से बर्न होती है। इससे आपका पोस्चर भी बेहतर होता है। प्लैंक करने के लिए आप योग मैट पर पेट के बल लेटें। अब अपने पंजों और कोहनी के सहारे बॉडी को ऊपर उठाएं। इस दौरान हाथों को कंधे के नीचे रखें। कोशिश करें कि आपकी बॉडी सीधी हो। सिर को न्यूट्रल रखें। इस पोजीशन में आप 20 से 30 सेकंड रहें। धीरे-धीरे इस समय को एक मिनट तक बढ़ाएं।
