Oil for Bones: जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। हड्डियों की कमजोरी के कारण आपको एक हेल्दी लाइफ जीने में भी समस्या हो सकती है। ऑस्टियोपोरोसिस जैसी क्रॉनिक बीमारी हड्डियों की कमजोरी के कारण ही होती है। साथ ही, हड्डियों के कमजोर होने पर जरा सी चोट लगने पर भी हड्डियों के टूटने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए कहा जाता है कि मजबूत हड्डियां स्वस्थ जीवन का आधार हैं। लेकिन यहां आपको यह भी ध्यान रखना चाहिए कि हड्डियों का मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने के लिए उनकी सही तरह से देखभाल करना भी जरूरी है।
व्यायाम करना और स्वस्थ भोजन खाना निश्चित रूप से आपकी हड्डियों के स्वास्थ्य को बनाए रखने के दो महत्वपूर्ण तरीके हैं। लेकिन इसके अलावा सही तेल का इस्तेमाल भी आपकी हड्डियों का ख्याल रखने में मदद करेगा। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे तेलों के बारे में बता रहे हैं, जो आपकी हड्डियों को लाभ पहुंचा सकती हैं-
हड्डियों के लिए लाभदायक है तिल का तेल

जब बात हड्डियों का ख्याल रखने की आती है, तो तिल का तेल किसी चमत्कार की तरह काम करता है। यहां तक कि आयुर्वेद में भी तिल के तेल को हड्डियों के लिए लाभदायक माना गया है। दरअसल, तिल के बीज में कॉपर, मैग्नीशियम, कैल्शियम और हेल्दी ओमेगा -3 फैटी एसिड पाए जाते हैं। साथ ही, इसमें उच्च प्रोटीन सामग्री होती है, जो हड्डियों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है। हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए आप तिल के बीज खा सकते हैं और तिल के तेल से मालिश कर सकते हैं। आयुर्वेद के अनुसार, तिल के तेल से मालिश करना हड्डियों के लिए फायदेमंद होता है। थोड़ा गर्म तिल का तेल लें और इसे अपने शरीर पर लगाएं। कम से कम 15 मिनट के लिए धीरे से मालिश करें, जिससे तेल त्वचा में समा जाए। 10 मिनट बाद नहा लें। प्रभावी परिणाम के लिए एक महीने तक इसका अभ्यास करें।
हड्डियों के लिए कोल्ड-प्रेस्ड, ऑर्गेनिक, एक्स्ट्रा-वर्जिन जैतून का तेल

कोल्ड-प्रेस्ड, ऑर्गेनिक, एक्स्ट्रा-वर्जिन जैतून का तेल एंटीऑक्सिडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है। इसमें ओलेओकैंथल और ओलिक एसिड जैसे घटक पाए जाते हैं। रिसर्च से पता चलता है कि यह, ओलेओकैंथल और ओलिक एसिड घटक दर्द और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। आप इसका इस्तेमाल सलाद ड्रेसिंग के रूप में कर सकते हैं या फिर वेजिटेबल्स पर इसे मक्खन के स्थान पर डालें। कोशिश करें कि आप इस ऑयल को गर्म ना करें, क्योंकि इससे इनकी गुणवत्ता कम हो जाती है।
हड्डियों के लिए कोल्ड-प्रेस्ड, ऑर्गेनिक, एक्स्ट्रा-वर्जिन नारियल तेल

कोल्ड-प्रेस्ड, ऑर्गेनिक, एक्स्ट्रा-वर्जिन नारियल तेल में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। इतना ही नहीं, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ द्वारा प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, यह शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में भी मदद करता है और दर्द को कम कर सकता है। ऐसे में आप अपनी हड्डियों की देखरेख करने के लिए इस ऑयल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
हड्डियों के लिए फिश ऑयल का इस्तेमाल

फिश ऑयल भी हड्डियों के लिए लाभदायक माना जाता है। आप फिश ऑयल सप्लीमेंट का इस्तेमाल करने पर विचार करें। ध्यान दें कि एक हाई-क्वालिटी वाला फिश ऑयल सप्लीमेंट लेने से आपकी बॉडी को पर्याप्त मात्रा में ओमेगा -3 फैटी एसिड मिलता है। बता दें कि आपके जोड़ों, हड्डियों और मांसपेशियों के लिए सबसे अच्छा तेल कम से कम प्रोसेस्ड ऑयल और सैचुरेटिड फैट में कम होना चाहिए। हालांकि, इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड में अधिक होना चाहिए।
हड्डियों के लिए लौंग एसेंशियल ऑयल

अगर आप किसी तरह की हड्डियों से जुड़ी समस्या जैसे फ्रैक्चर या हड्डियों में दर्द आदि की समस्या से जूझ रहे हैं, तो आपको लौंग एसेंशियल ऑयल के इस्तेमाल पर विचार कर सकते हैं। आमतौर पर, लौंग एसेंशियल ऑयल को पाचन की गड़बड़ी को ठीक करने और श्वसन प्रणाली को फायदा पहुंचाने के लिए जाना जाता है। लेकिन इसके अलावा, लौंग का तेल हड्डियों को ठीक करने के लिए सबसे अच्छा है। लौंग में कई चिकित्सीय गुण जैसे एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं और इसका उपयोग आयुर्वेद में लंबे समय से किया जाता रहा है। यह एक एंटीसेप्टिक और दर्द निवारक के रूप में और भी अच्छा है। ऐसे में आपको लौंग के तेल का इस्तेमाल करना चाहिए। आप इसे नारियल तेल आदि में मिक्स करके इससे मसाज कर सकते हैं।
हड्डियों के लिए अदरक का तेल

अदरक का तेल एक एसेंशियल ऑयल है, जिसके एक या दो नहीं, बल्कि कई लाभ होते हैं। विशेष रूप से यह हड्डियों के उपचार और फ्रैक्चर के लिए बहुत ही कारगर है। हड्डियों के लिए अदरक एसेंशियल ऑयल को सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी और दर्द निवारक गुण होते हैं। एक अध्ययन में, यह पाया गया कि अदरक के एसेंशियल ऑयल में एनाल्जेसिक प्रभाव होता है, जो जोड़ों और घुटने के दर्द के लिए अच्छा होता है। अगर कोई व्यक्ति ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित है, तो उसे अदरक के तेल का इस्तेमाल करना चाहिए। यदि आप अदरक के एसेंशियल ऑयल का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो आपको प्रभावित क्षेत्र पर ऊपर से कुछ बूंदें डालनी चाहिए। आप इसे कैरियर ऑयल के साथ मिक्स करके मसाज भी कर सकते हैं। अदरक के तेल को टूटी हड्डियों के लिए सबसे अच्छे एसेंशियल तेलों में से एक माना जाता है।
