National Sugar Cookie Day 2023: मीठा किसे पसंद नहीं होता! मीठे के बिना जिंदगी बेस्वाद लगती है और जब बात हो कुकीज की तो दिल और भी खुश हो जाता है। मिठास भरी एक कुकी आपका स्वाद और मूड दोनों ठीक कर देती है। लोगों के इसी कुकी प्रेम को देखते हुए दुनियाभर में हर साल 9 जुलाई को नेशनल कुकीज डे मनाया जाता है। इस दिन को सेलिब्रेट करने का उद्देश्य यही है कि लोग एक दिन रिलेक्स होकर अपने मीठे की क्रेविंग कम कर लें। इस दिन लोग अलग-अलग तरह की कुकीज बनाते हैं और एक-दूसरे को उपहार के रूप में देते हैं।
1700 के दशक में बनी कुकीज

माना जाता है कि चीनी की कुकी की उत्पत्ति 1700 के दशक के मध्य में नाजरेथ, पेंसिल्वेनिया में हुई थी। जर्मन प्रोटेस्टेंट निवासियों ने इसे बनाया था। कुकी गोल, कुरकुरी और मक्खन जैसी थी, जिसे नाजरेथ कुकी के नाम से जाना जाता था। धीरे-धीरे कुकीज लोगों को पसंद आने लगी और लोग खास मौकों और त्योहारों पर इन्हें एक दूसरे को उपहार में देने लगे। समय के साथ कुकीज के प्रकार और सजावट में भी परिवर्तन आया। कुकीज के मीठे स्वाद ने दुनियाभर के कोने-कोने तक इसे पहुंचाया।
जानें कुकी में है इतनी कैलोरी

स्वाद की बात अलग है, लेकिन यह सच है कि कुकीज में हाई कैलोरी होती हैं। ऐसे में जो लोग वेट लॉस की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें कुकीज के सेवन से दूर रहना चाहिए। आपकी कुकीज में कितनी कैलोरीज हैं, यह बात इसपर निर्भर है कि आपने कौनसी कुकीज चुनी हैं। एक ओरियो कुकी में करीब 53 कैलोरी हो सकती हैं, यह कुकी की साइज पर भी निर्भर होती है। वहीं चॉकलेट चिप कुकी में करीब 40 कैलोरी पाई जाती है। पीनट बटर कुकीज काफी हाई कैलोरीज वाली होती है, इसमें प्रत्येक कुकी में 95 कैलोरी होती है। विशेषज्ञों के अनुसार आमतौर पर हर शुगर कुकी में 70 कैलोरी होती है। वहीं हर कुकी में करीब 7 ग्राम फैट, 25 ग्राम कार्बोहाइड्रेट, 1.2 ग्राम फाइबर, 14 ग्राम शर्करा और प्रोटीन मात्र 1 ग्राम होता है।
आपके लिए बेस्ट हैं ये कुकीज

अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं और आपको मीठा खाने का भी मन करता है तो कुछ कुकीज ऐसी हैं जो आपका दोनों काम कर देंगी। इसके लिए आप कम कैलोरी वाली और पौष्टिक कुकीज चुनें। वेट लॉस जर्नी में आपके लिए सबसे बेस्ट रहती है ओटमील और बादाम की कुकीज। ओटमील कुकीज में हाई फाइबर होते हैं। इनमें शुगर की जगह शहद का उपयोग किया जाता है, जिसके कारण ये आपको अतिरिक्त कैलोरीज नहीं देतीं। अगर आप हाई प्रोटीन डाइट चाहते हैं तो पीनट बटर कुकीज खा सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें इसमें कैलोरी की मात्रा भी अधिक होती है। ऐसे में बेस्ट है कि आप घर में कम बटर से इसका निर्माण करें।