Summary:प्राकृतिक नुस्खे जो देंगे खांसी और गले की जलन से राहत
सर्दी के मौसम में पुरानी खांसी से परेशान हैं तो दादी मां के बताए ये घरेलू नुस्खे अपनाएं — काली मिर्च, तुलसी और अदरक-शहद का मिश्रण देगा तुरंत राहत।
Home Remedies for Cough: बुजुर्ग हों या बच्चे सर्दी के मौसम में एक बार खांसी होने पर वह जाने का नाम नहीं लेती। कई बार खांसी किसी एलर्जी की वजह से तो कभी पॉल्यूशन की वजह से हो जाती है। अक्सर लोग खांसी की दवा लेना पसंद नहीं करते क्योंकि इससे नींद बहुत आती है। लेकिन अगर आप भी पुरानी खांसी की वजह से बहुत परेशान है तो आप नीचे दिए गए इन घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं। सबसे अच्छी बात है कि इन्हें लेने से आपको ड्रॉयजीनेस की समस्या भी नहीं होगी।
काली मिर्च की बॉल्स
अगर आपको बार बार खांसी उठती है। तो आपके लिए काली मिर्च की छोटी सी बॉल बेस्ट रहेगी। इसके लिए आपको काली मिर्च का पाउडर और मिश्री को बराबर मात्रा में लेना है। इसमें इतनी देसी घी डालना है कि यह आपस में अच्छे से मिक्स हो जाए। इसके छोटे छोटे बॉल आप तैयार कर लें। अगर आपको ज्यादा खांसी है तो दिन में तीन से चार बाल इन बॉल्स का सेवन करें। आपकी खांसी में आपको आराम मिलेगा।
तुलसी का रस

अक्सर हम भारतीय लोगों के घरों में तुलसी का पौधा होता है। सर्दी खांसी होने पर हम तुलसी की चाय पीते हैं। लेकिन अगर आपको खांसी थोड़ी ज्यादा है तो आप तुलसी के पत्तों को ग्राइंडर या हैंड क्रशर की मदद से पीस लें। इसके बाद इसे मलमल के कपड़े से छानकर इसका रस निकाल लें। रोजाना तीन से चार चम्मच इस रस को पिएं। आप देखेंगी कि आपकी खांसी में आपको कितनी राहत महसूस होती है। इसे पीने से आपकी इम्यूनिटी भी स्ट्रॉन्ग होगी।
जीरा और काली मिर्च
काली मिर्च तो खांसी में फायदा करती ही है। लेकिन अगर आप पुरानी खांसी से परेशान हैं तो इसे शाह जीरे के साथ खाएं। आपको करना यह है कि आप तीन साबुत काली मिर्च लें। इसमें आधा चम्मच शाह जीरा और जरा सा नमक मिलाकर इसे चबा लें। इसके ऊपर लगभग आधे घंटे तक आपको कुछ भी नहीं लेना है।
छोटा लेकिन काम का उपाय

खांसी होने पर अक्सर हम लोग शहद और अदरक के रस को मिलाकर उसका सेवन करते हैं। इस रस को लेने से खांसी में तो आराम मिलता ही है। वहीं गले को भी काफी आराम मिलता है। लेकिन अगर आपकी खांसी थोड़ी ज्यादा है तो इस रस को हल्का सा गुनगुना करके पिएं। दिन में दो तीन बार इसका सेवन करें। आजमा कर देख लें। आप काफी राहत महसूस करेंगी।
कुछ बातों का ध्यान रखना भी है जरुरी
अगर आपको खांसी हो रही है तो आप यह सब घरेलू उपाय करें यह आपके लिए अच्छे रहेंगे। इसके अलावा आपको अपनी डाइट में भी कुछ चीजों का ध्यान रखना चाहिए। जैसे कि आप दही, चावल, आइसक्रीम, तले हुए खाने और ठंडी चीजों का सेवन ना करें। जितना हो सके आप गुनगुना पानी ही पिएं। यह कुछ छोटी लेकिन असरदायक चीजें हैं जो आपकी खांसी की समस्या को दूर करने में सहायक होंगी। कई बार खांसी गले में इंफेक्शन की वजह से भी होती है। ऐसे में हल्दी के पानी के गरारे असरदायक रहेंगे।
