Dark Circles: आंखें देखने में भले ही छोटी हों, लेकिन उससे आप पूरा संसार देख सकते हैं। महिलाओं की खूबसूरत आंखें तो आकर्षण का केन्द्र होती हैं और इसलिए महिलाएं तरह-तरह के आई मेकअप करना पसंद करती हैं। लेकिन हर वक्त तो मेकअप करना संभव नहीं होता है। ऐसे में आपको इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि आपकी आंखें नेचुरली ब्यूटीफुल हों। लेकिन, ऐसी कई वजहें होती हैं, जिसकी वजह से आपकी आंखों की खूबसूरती छिन जाती है और आंखों के नीचे डार्क सर्कल्स नजर आते हैं। अमूमन महिलाएं इन डार्क सर्कल्स को छिपाने की कोशिश करती हैं। लेकिन आपको इन्हें छिपाने की जगह इन्हें दूर करने और इसके होने के कारणों पर ध्यान देना चाहिए।
आमतौर पर, यह माना जाता है कि डार्क सर्कल्स का मुख्य कारण नींद की कमी होती है। लेकिन इसके अलावा भी ऐसे कई अन्य कारण होते हैं, जो डार्क सर्कल्स की वजह बनते हैं। जिसके बारे में आज हम आपको इस लेख में बता रहे हैं-
अधिक स्क्रीन टाइम से हो सकते हैं डार्क सर्कल्स

आज के समय में बच्चों से लेकर बड़ों तक हर कोई स्क्रीन पर अपना एक लंबा समय बिताता है। लेकिन लगातार स्क्रीन पर बैठे रहने और टीवी, मोबाइल या लैपटॉप का लगातार व अधिक इस्तेमाल आपकी आंखों के लिए अच्छा नहीं माना जाता। इससे ना केवल आपकी आंखें कमजोर होती हैं, बल्कि आंखों के नीचे डार्क सर्कल्स भी हो जाते हैं।
गृहलक्ष्मी टिप्स- कोशिश करें कि आप अपने स्क्रीन टाइम को कम करें। अगर काम के चलते आपको अधिक देर तक स्क्रीन के सामने बैठना पड़ता है तो ऐसे में आप बीच-बीच में ब्रेक अवश्य लें। साथ ही कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठे रहने पर बीच-बीच में अपनी पलकें झपकाते रहें। एक टक आंखों से कंप्यूटर स्क्रीन को ना देखें।
जेनेटिक कारणों से भी हो सकते हैं डार्क सर्कल्स

कई बार जेनेटिक कारणों के चलते भी डार्क सर्कल्स हो सकते हैं। इसमें आपकी कोई गलती नहीं होती, बस आपके जीन्स के कारण ही आंखों के नीचे काले घेरे हो जाते हैं। ऐसे डार्क सर्कल से पूरी तरह निपटना थोड़ा कठिन हो सकता है, लेकिन फिर भी कुछ उपायों के जरिए इन्हें मैनेज किया जा सकता है।
गृहलक्ष्मी टिप्स- जेनेटिक कारणों से होने वाले डार्क सर्कल्स के समाधान के लिए डॉक्टर से संपर्क करें। इसके अलावा, कुछ घरेलू उपाय भी आपकी मदद कर सकते हैं। जैसे डार्क सर्कल दूर करने के लिए टमाटर बहुत ही कारगर साबित हो सकता है। इसके लिए आप टमाटर के रस की कुछ बूंदे हर रोज़ डार्क सर्कल्स पर लगाए और दस मिनट बाद इसे पानी की मदद से वॉश कर लें। नियमित रूप से आप टमाटर का रस लगाएं। आपको कुछ ही दिनो में फर्क नजर आने लगेगा।
शरीर में पानी की कमी से हो सकते हैं डार्क सर्कल्स

आपकी सेहत और स्किन के लिए पानी किसी वरदान से कम नहीं है। जब आप आवश्यकता से कम मात्रा में पानी का सेवन करते हैं तो इससे आपको सिरदर्द सहित कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। वहीं पानी की कमी के चलते स्किन में डलनेस और डार्क सर्कल्स की परेशानी भी हो सकती है। दरअसल, शरीर में पानी की कमी से शरीर में ऑक्सीज़न की कमी हो जाती है जिससे ब्लड सर्कुलेशन सही से नहीं हो पता और इससे डार्क सर्कल की समस्या उत्पन्न होती है।
गृहलक्ष्मी टिप्स- डार्क सर्कल्स की समस्या को दूर करने के लिए अपना वाटर इनटेक बढ़ाएं। दिन में कम से कम आठ से दस गिलास पानी पीएं। अगर आप काम के बीच में पानी पीना भूल जाते हैं तो अपनी वर्क टेबल पर ही पानी रखें और फोन में रिमाइंडर भी अवश्य लगाएं, ताकि आपके शरीर में पानी की कमी ना हो।
कॉस्मेटिक्स के अधिक इस्तेमाल से हो सकते हैं डार्क सर्कल्स

महिलाओं को होने वाले डार्क सर्कल्स की यह कुछ मुख्य वजहों में से एक है। दरअसल, कुछ लड़कियों को मेकअप करने का बहुत शौक होता है। लेकिन कॉस्मेटिक्स का आवश्यकता से अधिक इस्तेमाल करना और अपनी स्किन की सही तरह से केयर ना करने से भी डार्क सर्कल्स हो जाते हैं।
गृहलक्ष्मी टिप्स- कॉस्मेटिक्स का इस्तेमाल मिमिनल तरीके से ही करने की कोशिश करें। साथ ही, हमेशा ब्रांडेड और अच्छी क्वालिटी के मेकअप प्रोडक्ट्स को ही यूज करें। इतना ही नहीं, कभी भी रात में मेकअप लगाकर ना सोएं। बल्कि सोने से पहले मेकअप को अच्छी तरह रिमूव करें और मॉइश्चराइजर और टोनर से अपनी स्किन को पैम्पर करें।
हार्मोनल असंतुलन से हो सकते हैं डार्क सर्कल्स

जैसे-जैसे महिलओं की उम्र बढ़ती हैं, उनके शरीर में कई बदलाव होते हैं। महिलाअोंं के शरीर के भीतर समय-समय पर हार्मोनल उतार-चढ़ाव होते हैं और यह हार्मोनल असंतुलन की वजह से कई बार महिलाओं को कुछ स्किन प्रॉब्लम्स भी हो सकती हैं, जिसमें डार्क सर्कल्स की समस्या भी है।
गृहलक्ष्मी टिप्स- यूं तो मार्केट में डार्क सर्कल को दूर करने के लिए बहुत सारी कम्पनियों के कई तरह के प्रोडक्ट्स मिलते हैं। लेकिन कभी भी आंख मूंदकर इन प्रोडक्ट्स पर भरोसा ना करें। बल्कि पहले किसी स्किन केयर एक्सपर्ट से मिलकर सलाह दें और उनके द्वारा सुझाए गए प्रोडक्ट्स का ही इस्तेमाल करें। आप चाहें तो डॉक्टर की सलाह पर हार्मोन्स को संतुलित करने के लिए कुछ दवाओं का भी सेवन कर सकते हैं।
गलत खान पान से हो सकते हैं डार्क सर्कल्स

आपकी बाहरी स्किन आपकी अंदरूनी हेल्थ का ही एक आईना होती है। आप जो भी खाते-पीते हैं, उसका असर सिर्फ आपकी सेहत पर ही नहीं पड़ता है, बल्कि इससे आपकी स्किन भी प्रभावित होती है। जिन लोगों को धूम्रपान करने, शराब पीने व जंक फूड आदि खाने की आदत होती है, उनकी स्किन बेहद डल नजर आती है और उनकी आंखों के नीचे काले घेरे हो जाते हैं। इसलिए कोशिश करें कि आप इस तरह के खानपान से बचें।
गृहलक्ष्मी टिप्स- अपनी खान पान की आदतों को सुधारें। शराब और सिगरेट से दूर रहें। अपनी डाइट में विटामिन, मिनरल्स व एंटी-ऑक्सीडेंट युक्त फूड्स को डाइट में शामिल करें।
