Dehydration Signs: जब आपके शरीर में पानी की कमी होती है तो उस स्थिति को डिहाइड्रेशन कहा जाता है। ऐसे में आप पीने से अधिक पानी शरीर से निकाल देते हैं। इससे आपके शरीर से बहुत मामूली काम भी नहीं हो पाते हैं जैसे वेस्ट बाहर निकालना या फिर शरीर के तापमान को एक जैसा बनाए रखना आदि। शरीर से पानी बाहर निकालने के कई तरीके होते हैं जैसे पसीना आना, आंसू आना या पेशाब के माध्यम से। आपके द्वारा की जाने वाली हर गतिविधि को एनर्जी की जरूरत होती है और यह एनर्जी आपके खाने पीने से ही आती है। तो आइए जान लेते हैं कि डिहाइड्रेशन से आपके शरीर पर क्या असर पड़ सकता है।
पानी की कमी से क्या असर पड़ता है?
आपके शरीर का आधा वजन पानी का ही होता है। अगर शरीर में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं होगा तो कई तरह से आप प्रभावित हो सकते है जैसे आपको सिर दर्द हो सकता है और आप बहुत जल्दी थक सकते हैं। आपका मूड, याददाश्त और फोकस भी प्रभावित हो सकते हैं। अगर आप जिम में ज्यादा मेहनत करते हैं तो आपके शरीर में खून की मात्रा भी कम हो सकती है।
क्या प्यास डिहाइड्रेशन का एक लक्षण है?
जी हां, लेकिन इसमें आपको ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है। जब आपको प्यास लगती है तो आप उस समय थोड़े डिहाइड्रेटेड होते हैं। ऐसे ही आपका शरीर काम करता है। लेकिन जब आपका शरीर आपको पानी पीने को कहता है और आप पी लेते हैं तब तक चिंता की कोई बात नहीं लेकिन अगर आप तब भी पानी नहीं पीते हैं तो डिहाइड्रेशन के शिकार हो सकते हैं। अगर आप को साथ में उल्टी आ रही है या डायरिया भी है तो इस स्थिति में आप को समझ जाना चाहिए की आप को डिहाइड्रेशन हो सकता है।
