Viral Recipe: कुल्हड़ वाली चाय पीने का आनंद ही कुछ और होता है। गर्मागर्म चाय और उसमें मिट्टी के कुल्हड़ का स्वाद, मजा ही आ जाता है। लेकिन, जब बात एक्सपेरिमेंट्स की आती है तो क्या मैगी, क्या समोसा और क्या कुल्हड़। लोगों ने कुल्हड़ को सिर्फ चाय तक ही सीमित नहीं रहने दिया है बल्कि उसे अब मोमोज और पिज्जा बनाने में भी इस्तेमाल करने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है जिसमें एक दुकानदार कुल्हड़ में बेक्ड मोमोज बनाता दिख रहा है। उसने कुल्हड़ में चटनी, शिमला मिर्च, प्याज, मोमोज, मेयोनीस, कोर्न और चीज भरकर ओवन में रखा और गरमागरम कुल्हड़ वाले मोमोज तैयार किए। कुछ लोगों को यह कुल्हड़ मोमोज देखकर अच्छा लगा तो कईयों ने नकारात्मक प्रतिक्रियाएं दीं। आखिर लोग निराश हों भी क्यों न, आए दिन उनके मनपसंद फूड आइटम्स के साथ इतने एक्सपेरिमेंट्स जो होने लगे हैं। अभी कुछ ही दिनों पहले कुल्हड़ पिज्जा की वीडियो भी वायरल हुई थी। साथ ही, फैंटा मैगी, चॉकलेट समोसे, ओरियो के पकौड़े और चाइनीज बिरयानी भी लोगों को झेलनी पड़ी थी।
इस वीडियो को 2 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं। लोगों ने इस पर तरह-तरह के कमेंट्स भी किए हैं। एक यूजर ने लिखा, “मतलब फूड ब्लॉगिंग के चक्कर में कुछ भी,” दूसरे ने लिखा, “तुम्हें नरक में भी जगह नहीं मिलेगी,” तीसरे यूजर का कहना था,”यार पहले अच्छा खासा मोमोज खाते थे, अब पता नहीं क्या कर रहे हैं मोमोज का।” लोगों का गुस्सा मोमोज और कुल्हड़ दोनों के साथ किए गए इस अत्याचार पर फूट पड़ा है। देखने होगा आने वाले समय में और किन चीजों पर एक्सपेरिमेंट्स होंगे।
अगर आप भी यह कुल्हड़ मोमोज खाना चाहते हैं तो आपको दिल्ली के कृष्णानगर जाना होगा।