Pakode for Vrat: नवरात्रि के दिनों में लोग व्रत के नियमों का खासा पालन करते हैं। लेकिन इस दौरान भी खान-पान पर संयम बरतते हुए वे कुछ ऐसी चीजों को खाना पसंद करते हैं, जो उनके टेस्ट बड को भी अच्छी लगे। ऐसे में अधिकतर लोग दही के साथ कुट्टू के पकौड़े खाते हैं। लेकिन कुट्टू के पकौड़े तभी अच्छे लगते हैं, जब वे क्रिस्पी हों। कभी-कभी ये नरम, ज्यादा तेल वाले या बहुत भारी बन जाते हैं, और वो कुरकुरापन नहीं आता जो हम चाहते हैं। अगर इस नवरात्रि आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है।
सही आटे के मिश्रण से लेकर बैटर की कंसिस्टेंसी, तेल का तापमान और फ्राई करने के सही तरीके अपनाकर आप व्रत के दिनों में एकदम परफेक्ट व क्रिस्पी पकौड़े बना सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में टपरी किचन रेस्टोरेंट के हेड शेफ हिमांशु त्यागी आपको कुछ ऐसे ही टिप्स के बारे में बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप नवरात्रि व्रत के दिनों में एकदम टेस्टी व क्रिस्पी पकौड़े बना सकते हैं और खा सकते हैं-
आटे का सही हो कॉम्बिनेशन
अक्सर व्रत में लोग पकौड़े बनाते समय सिर्फ कुट्टू के आटे का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन सिर्फ कुट्टू का आटा इस्तेमाल करने से पकौड़े ना केवल हैवी बनते हैं, बल्कि नरम भी हो सकते हैं। इसलिए, आप उन्हें क्रिस्पी बनाने के लिए आप 2-3 बड़े चम्मच सिंघाड़े का आटा कुट्टू के आटे में मिलाएं। सिंघाड़े का आटा ना केवल हल्का होता है, बल्कि इसे पकौड़ों में एक क्रिस्पीनेस भी आता है।
ठंडे पानी का करें इस्तेमाल
यह एक छोटा सा टिप है, लेकिन पकौड़े बनाते समय यह आपके बेहद काम आ सकता है। पकौड़ों का बैटर बनाते समय आप हमेशा ठंडे पानी का इस्तेमाल करें। ठंडा पानी ना केवल ग्लूटेन बनने को प्रोसेस को धीमा करता है और पकौड़ों को सॉगी होने से बचाता है। अगर आप चाहें तो बैटर बनाते समय 1-2 बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं। इससे बैटर में छोटे-छोटे एयर पॉकेट बनते हैं, जो तलते समय पकौड़ों को अधिक कुरकुरा बनाते हैं।
बैटर की कंसिस्टेंसी का रखें ध्यान
आपके पकौड़े क्रिस्पी बनेंगे या फिर नरम, यह काफी हद तक आपके बैटर पर ही निर्भर करता है। बैटर न तो ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही ज्यादा गाढ़ा। अगर बैटर बहुत पतला होगा, तो इससे पकौड़े ज्यादा तेल सोखेंगे और नरम हो जाएंगे। वहीं, अगर बैटर गाढ़ा होता है, पकौड़े भारी और कम कुरकुरे बनेंगे। साथ ही, बैटर को अच्छे से मिलाएं, लेकिन इसे बहुत ज्यादा फेंटने से बचें, वरना पकौड़े सख्त हो सकते हैं।
तेल के तापमान में ना हो गलती
पकौड़े तलते समय आपको तेल के तापमान का भी ध्यान रखना चाहिए। तेल के तापमान से ही यह सुनिश्चित होता है कि पकौड़े कितने क्रिस्पी बनेंगे। इसलिए, हमेशा पकौड़ों को तेल में तलने से पहले उसे अच्छी तरह से गरम करें। इसे चेक करने के लिए आप थोड़ा सा बैटर तेल में डालें। अगर तेजी से ऊपर आकर बुलबुले बनते हैं, तो तेल सही गरम है। वहीं, अगर बैटर नीचे बैठ जाता है, तो तेल ठंडा है और पकौड़े तेल सोख लेंगे। वहीं, अगर जल्दी जल जाए, तो तेल ज्यादा गरम है। कोशिश करें कि आप पकौड़ों को मीडियम-हाई आंच पर तलें, ताकि पकौड़े अच्छी तरह सिकें और ज़्यादा तेल ना सोखें।
