Summary: सब्ज़ी नहीं है तो इस रेसिपी से बना लें कुकुम्बर करी
इस बार हमारी बतायी ये खीरा या कुकुम्बर करी की रेसिपी ट्राय करना। ये स्वाद में इतनी टेस्टी होती है कि खाने के बाद सिर्फ़ आप ही नहीं, आपके घर के सभी लोग अंगुली चाटते रह जाएँगे।
Cucumber Curry Recipe: हर दिन लंच और डिनर में क्या सब्ज़ी बनायी जाये, इस बात की टेंशन बनी रहती है। वही एक जैसी सब्ज़ियां खाते-खाते बोरियत भी होने लगती है। कई बार ऐसा भी होता है कि अचानक से पता चलता है कि घर में कोई हरी सब्ज़ी है ही नहीं। ऐसे में समझ नहीं आता है कि अब क्या बनाया जाये। अगर आपके साथ भी कभी ऐसी स्थिति हो तो आप इस बार हमारी बतायी ये खीरा या कुकुम्बर करी की रेसिपी ट्राय करना। ये स्वाद में इतनी टेस्टी होती है कि खाने के बाद सिर्फ़ आप ही नहीं, आपके घर के सभी लोग अंगुली चाटते रह जाएँगे। इसको आप कभी वीकेंड में जब कुछ स्पेशल बनाने का मन हो तब भी बना सकती है। जानते हैं स्पेशल कुकुम्बर करी बनाने की रेसिपी-
कुकुम्बर करी बनाने के लिए सामग्री
- खीरे- 2
- दूध- 1/2 कप
- तेल- 2 टेबल स्पून
- जीरा- 1/2 टी स्पून
- राई- ¼ टी स्पून
- प्याज़- 1
- टमाटर- 1
- अदरक पेस्ट – ½ टी स्पून
- लहसुन पेस्ट- ¼ टी स्पून
- हरी मिर्च का पेस्ट- 1/2 टी स्पून
- हल्दी-1/4 टी स्पून
- मिर्च पाउडर- 1/2 टी स्पून
- धनिए पाउडर- 1/2 टी स्पून
- जीरा पाउडर- ¼ टी स्पून
- गरम मसाला – ¼ स्पून
- नमक- स्वादानुसार
- हरा धनिया- सजाने के लिए
कुकुम्बर करी बनाने की विधि

- सबसे पहले दो खीरों को धोकर, छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
- कड़ाही में तेल हल्का गर्म करें और इसमें जीरा, राई, हल्दी और मिर्च पाउडर डाल दें। तेज फ्लेम रखने से हल्दी, मिर्च जल जाएगी।
- फ्लेम धीमी करके इसमें बारीक कटा हुआ प्याज़ डालें और गोल्डन ब्राउन होने तक फ्राई करें।
- इसके बाद अदरक, लहसुन का पेस्ट डालें और थोड़ी देर और चलाते हुए फ्राई करें।
- हरी मिर्च का पेस्ट डालें और अच्छे से चलायें।
- इसके बाद धनिया पाउडर और गरम मसाला डालें।
- टमाटर को पीसकर प्यूरी बना लें और मसाले में डालें।
- जब मसाला अच्छे से भुन जाये तो इसमें कटे हुए खीरे डाल दें।
- अच्छे से चलाते हुए इसको खूब भूने और फिर एक कप पानी डाल दें।
- ढक्कन बंद कर दें और इसको कम से कम दस से बारह मिनट तक पकने दें।
- ढक्कन खोलकर देखें, अभी खीरा पूरा नहीं पका होगा।
- इसमें दूध डाल दें और फिर ढक्कन बंद करके सात से आठ मिनट तक पकायें।
- ढक्कन खोलकर देखें। खीरा अच्छे से पक गया होगा। अगर आपको ग्रेवी ज्यादा लग रही हो तो आप ढक्कन हटाकर इसको गैस पर पाँच मिनट और गाढ़ा होने दें।
- अब गार्निश के लिये ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें।
- तैयार है आपकी वीकेंड स्पेशल खीरा करी।
- इसको गरमा गरम पराठों के साथ सर्व करें।
तो, आप भी इस बार किसी दिन हमारी बतायी रेसिपी से ये स्पेशल खीरा करी ज़रूर बनायें। यह सब्ज़ी टेस्टी तो होती ही है, हेल्दी भी बहुत है।
