स्वाद और सेहत का अनोखा मेल है गोभी सोया चीला की ये मजेदार रेसिपी
यह एक अच्छा विकल्प है, अगर आप कुछ हल्का और पौष्टिक खाना चाहते हैं।
Soya Gobi Cheela: गोभी सोया चीला काफी हेल्दी और पौष्टिक नाश्ता होने के साथ स्वाद में भी लाजवाब होता है। जो व्यक्ति अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए स्वादिष्ट और संतुलित आहार लेना पसंद करते हैं, उनके लिए ये चीला काफी अच्छा विकल्प है। गोभी में भरपूर मात्रा में विटामिन C, एंटीऑक्सिडेंट्स और फाइबर मौजूद होते हैं जो शरीर को ताजगी और ऊर्जा प्रदान करते हैं। वहीं दूसरी तरफ सोया प्रोटीन का एक बेहतरीन स्रोत है। इसे खाने से शरीर को जरुरी प्रोटीन मिलता है, जिससे हमारी मासपेशियां मजबूत होती हैं।इस चीले की बनावट काफी मुलायम होती है, जो इसे आसानी से पचने योग्य बनाती है। यह एक अच्छा विकल्प है, अगर आप कुछ हल्का और पौष्टिक खाना चाहते हैं। इस चीले में कैलोरी की मात्रा ना के बराबर होती है, लेकिन फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है,
इसलिए ये वजन घटाने में भी सहायक होता है। गोभी और सोया का मेल आपकी भूख को काफी देर तक शांत रखता है।
सामग्री

तेल – चीला सेंकने के लिए
सोया आटा – 4 चम्मच
हल्दी पाउडर – 1 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 चम्मच
बेकिंग सोडा – 1/2 चम्मच
चने का आटा – 1 कप
कद्दूकस की हुई गोभी – 2 कप

धनिया पत्ती – 2 बड़े चम्मच
जीरा – 1 चम्मच
हींग – एक चुटकी
हरी मिर्च – 2
नमक – स्वाद अनुसार
कद्दूकस की हुई अदरक – 1 इंच टुकड़ा
विधी
गोभी को धोकर उसकी डंठल और पत्तियां निकाल लें। अब इसे कद्दूकस करके एक गहरे बर्तन में रख लें। गोभी को अच्छे से निचोड़ कर उसका पानी निकाल लें।
अब एक बर्तन में सोया और चने का आटा डाल कर इसे अच्छे से मिक्स कर लें । सोया आटा प्रोटीन का एक बेहतरीन स्रोत है, साथ ही ये इस चीले को और अधिक पौष्टिक बनाएगा।
हरी मिर्च ,कद्दूकस की हुई अदरक, धनिया पत्ती, हींग, जीरा, लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर डाल कर इस मिश्रण को अच्छे से मिला लें।

अब तैयार मिश्रण में कद्दूकस की हुई गोभी डाल कर मिला लें। इसमें धीरे-धीरे पानी डालें। इस मिश्रण में थोड़ा बेकिंग सोडा भी डाल सकते हैं, जिससे चीला हल्का और मुलायम बनेगा।
भारी तले वाला तवा लें और उसे गरम करने रखें। तवा गरम होने पर उस पर थोड़ा सा तेल लगा कर अच्छी तरह फैला लें।
अब तैयार मिश्रण को तवे पर गोलाकार में फैला कर डालें। चीले के किनारों पर हल्का हल्का तेल ब्रश की सहायता से लगाएं और माध्यम आंच पर इसे एक तरफ सिकने दें, सावधानी से इसे पलटें और दूसरी तरफ से भी सेंक लें।
इसे मध्यम आंच पर तब तक सेंकें जब तक ये क्रिस्पी और हल्का ब्राउन न हो जाए।
जब चीला दोनों तरफ से अच्छे से सिक जाए, तो इसे तवे से उतार कर गरमा गरम ही सर्व करें।
ये चीला दही, खट्टी मीठी चटनी, हरी चटनी, रायता या मिर्च के अचार के साथ खाने में काफी स्वादिष्ट लगेगा।
काम आने वाले टिप्स
इस चीले में आप अपनी पसंद के अनुसार सब्जियां भी डाल सकते हैं, जैसे बीन्स,मशरुम,शिमला मिर्च, गाजर, मटर आदि।

चीला बनाते वक़्त चम्मच से तेल डालने की जगह ब्रश का इस्तेमाल करें, इस से कम तेल में ही चीला काफी अच्छा बनता है।
इस चीले को अगर आप और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं तो इसके तैयार होने पर इसे छोटे छोटे टुकड़ों में तोड़ कर दही, हरी चटनी, मीठी चटनी, नींबू और प्याज के साथ साथ हरी मिर्च काट कर मिलाएं ,ऊपर से हरा धनिया डाल दें।
