कुछ हैवी खा लिया कोई बात नहीं सन्नाटा पीकर देख लें: Sannata Raita Recipe
Sannata Raita Recipe

Sannata Raita Recipe: आजकल लोगों को डाइजेशन की बहुत समस्या होती है। कुछ अच्छा खाने का तो सभी का मन करता है लेकिन जैसे ही कुछ हैवी लिया पेट में कुछ भारीपन लगता है। आज हम आपको दही की एक रेसिपी बताएंगे जिसके बाद आपको कुछ गरिष्ठ भोजन करने के बाद उसे पचाने की समस्या नहीं रहेगी। यूपी और बिहार में एक रायता बनता है सन्नाटा। इसके नाम के पीछे बड़ी अच्छी कहानी है असल में यह खट्‌टी दही से बनता है और इसे रुखा पीया जाता है। इसे पीने के बाद व्यक्ति एक मिनट तक कुछ कहने की स्थिति में नहीं रहता इसलिए इसे सन्नाटा कहते हैं। यह पेट की जमा गंदगी को निकालने का एक रामबाण नुस्खा है। हींग, पुदीने और खट्‌टे दही का संयोजन आंतों के लिए बहुत अच्छा है। तो चलिए अगर आपको भी पेट संबंधी ऐसी ही कोई समस्या है तो आप भी बनाकर देखें सन्नाटा

सन्नाटा

सामग्री

  • खट्‌टा दही- 1 कप
  • पानी-1 कप
  • जीरा साबुत-1/2 चम्मच
  • भुना जीरा-1/2 चम्मच
  • सफेद नमक- 2 चुटकी
  • काला नमक-2 चुटकी
  • हींग-1/2 चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर-1/2 चम्मच
  • चाट मसाला-1/2 चम्मच
  • सूखा पुदीना-1 चम्मच
  • सरसों का तेल-1 चम्मच

ऐसे बनाएं

  • सबसे पहले आप पानी और दही को अच्छे से मिक्स करें।
  • इसके बाद इसमें भुना जीरा, सफेद और काला नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मासला और सूखा पुदीना डाल लें। आप रायते को चखें। अगर आपको नमक कम लग रहा है थोड़ा और काला नमक डाल लें।
  • इसके बाद सरसों के तेल को गर्म करें और इसे हींग से चटकाएं। इससे रायते को बघार दें। अगर आपको दुघार पसंद है तो दुघार भी लगा सकते हैं।
  • तैयार है आपका सन्नाटा।
  • कुछ भी हैवी खाने के बाद इसे एक कटोरी पीने की आदत डाल लें। कुछ ही समय में आपके पेट संबंधी समस्याएं हल होती नजर आएंगी। यह झटपट बनने वाली एक आसान डिश है।

सन्नाटा रायता पीने के फायदे

सन्नाटा रायते में कई तरह के मसालों का इस्तेमाल किया जाता है, जिस वजह से स्वादिष्ट होने के साथ ही ये पेट सम्बन्धी कई समस्याओं में लाभकारी साबित होता है। सन्नाटा रायते के सेवन से अपच नहीं होती। इसमें दही होने के कारण प्रोबायोटिक होते हैं जो अच्छे गट बैक्टीरिया के लिए फायदेमंद साबित होते हैं।