Reverse Grocery List: महंगाई बढ़ रही है और हमें बचत करने की जरूरत भी उसी हिसाब से बढ़ रही है। लोन और ईएमआई के इस दौर में सब चाहते हैं कि वे बचत कर सकें और साथ ही अपने स्वास्थ्य के साथ जीवनशैली का ध्यान भी रखें। स्वस्थ भोजन सबसे बड़ी प्राथमिकता है, लेकिन स्वस्थ भोजन के चक्कर में हम अपने बजट की अनदेखी नहीं कर सकते हैं। हो सकता आप यह कहें कि मैं ऐसा बिल्कुल नहीं करती हूं, मैं बहुत ध्यान रखती हूं लेकिन यह भी आप जानते हैं कि कई बार आपके फ्रिज में रखी हुई चीजें एक्सपायर हो जाती हैं और आप उन्हें फेंक देती हैं।

कई बार फ्रिज में रखे रखे सब्जियां खराब हो जाती हैं, उनमें से पानी निकलने लगता है तो कुछ बहुत बुरी तरह से सूख जाती हैं। इसी तरह किचन के दराज में रखे बिस्कुट और स्नैक्स भी एक्सपायर होकर खराब हो जाते हैं और अन्ततः आपको फेंकना ही पड़ता है।
क्या है रिवर्स ग्रोसरी लिस्ट?
रिवर्स ग्रोसरी लिस्ट बनाने का एक शानदार तरीका है। यह एक शानदार और कमाल का शॉपिंग हैक है, जिसकी मदद से आप उन चीजों को दोबारा नहीं खरीदेंगी, जो घर में पहले से बची हुई हैं और पहले आपको उनको इस्तेमाल करने की जरूरत है। रिवर्स ग्रोसरी लिस्ट दरअसल उन चीजों की सूची है, जो आपके किचन में पहले से मौजूद हैं।
कैसे बनाए रिवर्स ग्रोसरी लिस्ट?

रिवर्स ग्रोसरी लिस्ट बनाने के लिए आप हाथ से चीजों की लिस्ट बना सकती हैं या स्प्रेड्शीट का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। यदि आपको लैपटॉप या कंप्युटर पर ज्यादा कम्फर्टेबल महसूस होता है, तो आप माइक्रोसॉफ्ट एक्सेल या गूगल शीट की मदद से उन पर लिख सकती हैं।
क्या लिखें रिवर्स ग्रोसरी लिस्ट में?
घर में राशन खत्म हो गया तो जाहिर सी बात है कि आप उसकी लिस्ट बनाएंगे और उसके बाद ही राशन की खरीदारी के लिए बाजार जाएंगे। कई बार ऐसा भी होता है कि आप फ्रिज पर या किसी नोटबुक में नोट करती रहती हैं कि किचन में से कौन-कौन सी चीजें खत्म हो गई है और कौन-कौन सी चीजें आनी है। इस तरह से आपको आसानी रहती है और बाजार जाने पर चीजें भूलने का डर नहीं बना रहता है। लेकिन हम आपको यह सलाह देते हैं कि आप इस तरह से लिस्ट न बनाकर हमारे बताए अनुसार लिस्ट बनाएं, जिसे रिवर्स ग्रोसरी लिस्ट कहा जाता है।
- किचन में उन सभी चीजों की लिस्ट बनाएं, जो पहले से किचन के डिब्बों में हैं। जैसे दाल, गेंहू, मसाले, सूखी चीजें, सब्जियां और फल।
- अपने घर और परिवार के लिए एक मील प्लान भी बनाएं। आपको यह लग रहा होगा कि यह क्यों जरूरी है तो इस सवाल का जवाब आपको आगे मिल जाएगा। इस काम को करने से आपके पैसे की बचत होगी और भोजन भी बर्बाद नहीं होगा।
- इसके अलावा यह भी कर सकती हैं कि जो चीजें जल्दी खराब होने वाली है, उनको सबसे आगे रखें ताकि आपकी नजर बार-बार उन चीजों पर पड़े और आप उन चीजों को जल्दी खत्म करें।
- कुछ ऐसा ही काम आपको फ्रिज में रखी चीजों के लिए भी करना है। फ्रिज के बाहर स्टिकी नोट्स लगाकर उस पर उन चीजों का नाम लिखिए, जिन्हें तुरंत खत्म करने की जरूरत है।
- यही तरीका आप बचे हुए खाने के साथ भी आजमा सकती हैं, जिससे घर का बचा हुआ खाना बर्बाद नहीं होगा और उसे फेंकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
