Pakistani Famous Eid Dishes: रमजान का पाक महीना चल रहा है और सबको इंतजार है ईद का। ईद का त्योहर हर किसी के लिए खुशियां लेकर आता है। इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोग नए कपड़े पहनकर दोस्तों और रिश्तेदारों के घर ईदी मिलने जाते हैं। ईद के दिन घरों में ढेरों पकवान बनाए जाते हैं जिसमें नॉनवेज के अलावा कई तरह की मिठाईयां भी शामिल हैं। यदि आपके घर में मेहमानों का हुजूम लगने वाला है तो आप इस बार ट्रेडिशनल डिशेज के अलावा पाकिस्तानी डिश बनाकर वाहवाही लूट सकते हैं। पाकिस्तान में इस दिन बेशुमार व्यंजन बनाए और खिलाए जाते हैं। जो बेहद लजीज और यूनीक होते हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में।
शीर खुरमा

ईद के दिन हर घर में शीर खुरमा जरूर बनाया जाता है। ये डिश सेंवई, दूध, मेवे और खजूर से तैयार की जाती है। इस डिश की खासियत है इसका गाढ़ा और सोंधापन। वैसे तो आपने कई बार शीर खुरमा बनाया होगा लेकिन इस बार पाकिस्तानी स्टाइल से बनाकर मेहमानों की तारीफें लूट सकते हैं। पाकिस्तान में शीर खुरमा को शक्कर की बजाय डेट्स से तैयार किया जाता है। जो इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है।
किमामी सेवइयां
नॉर्मल सेवइयां तो आपने कई बार खाई होगी लेकिन इस ईद पर आप अपने घर में किमामी सेवइयां जरूर बनाएं। किमामी सेवइयां को बादाम, सेवइयां, लोटस सीड्स, नारियल, काजू, दूध, खोया, इलायची, मखाना और चीनी से तैयार किया जाता है। ये खाने में बेहद स्वादिष्ट और यूनीक लगती है। इसे पिस्ते की कतरन और गुलाब की पत्तियों से गार्निश किया जाता है।
हरियाली चिकन टिक्का
ये एक बेहतरीन स्टार्टर है जिसे मेहमानों को शिकंजी या रुहआफजा के साथ सर्व किया जा सकता है। इस डिश को हरा बनाने के लिए पुदीना, धनिया और अदरक लहसुन का पेस्ट इस्तेमाल किया जाता है। हरियाली चिकन टिक्का को बनाना बेहद आसान है। आप इसे तंदूर, ओवन या एयरफ्रायर में मिनटों में बना सकते हैं। पाकिस्तान में इस डिश को विशेष तौर पर ईद के दिन बनाया जाता है।
दम का मुर्ग
चिकन से कई डिश बनाई जा सकती हैं लेकिन दम मुर्ग का स्वाद आप कभी भूल नहीं पाएंगे। दम का मुर्ग पाकिस्तान के हर घर में बनाई जाने वाली डिश है। इसमें चिकन को धीमी आंच पर दम लगाकर बनाया जाता है। दम के मुर्ग की खासियत होती है इसका मेरिनेशन। यानी जितना अच्छा और जायकेदार मेरिनेशन होगा चिकन उतना ही स्वादिष्ट बनता है। दम का मुर्ग को रोटी, नान, तंदूरी रोटी या चावल के साथ खाया जा सकता है।
मटन लैंब करी

मटन लैंब करी को पाकिस्तान में खूब पसंद किया जाता है। इस डिश को विशेषतौर पर ईद के दिन बनाया जाता है। ये डिश दही और खड़े मसालों से तैयार होती है। जो लोग लैंब खाना पसंद नहीं करते वह इसे मटन के साथ भी बना सकते हैं। ये बेहद स्पाइसी और चटपटी डिश होती है जिसे रोटी या नान के साथ सर्व किया जाता है।
पाकिस्तानी हलीम
वैसे तो हलीम हैदराबाद में भी बनाया जाता है लेकिन पाकिस्तान हलीम का स्वाद बेहद अनोखा और स्वादिष्ट होता है। हलीम को बोनलेस चिकन, गेहूं, मूंगदाल, चना दाल, चावल और खड़े मसालों से तैयार किया जाता है। इसमें मौजूद केसर और जावित्री की खुशबू आपके जहन में बस जाएगी। यदि आप इस ईद पर कुछ नया बनाने का विचार कर रहे हैं तो ये डिश आपके लिए परफेक्ट हो सकती है।
