Dal Breakfast: नाश्ता हमारे दिन का पहला मील होता है और इसलिए यह आपकी सेहत पर गहरा असर डालता है। आप अपने दिन की शुरुआत में जो भी खाते हैं, उससे आपकी सेहत, काम, मूड व एनर्जी प्रभावित होती है। यूं तो नाश्ते में आप कई तरह की चीजों का सेवन कर सकते हैं। लेकिन दाल को अपने नाश्ते का हिस्सा बनाना यकीनन एक अच्छा विचार है। दाल प्लांट बेस्ड प्रोटीन का अच्छा सोर्स माने जाते हैं, जो आपको दिनभर एनर्जेटिक बनाए रखने में मददगार साबित हो सकते हैं। इतना ही नहीं, दाल में कई तरह के आवश्यक पोषक तत्व जैसे कि आयरन, फाइबर और विटामिन बी आदि भी पाया जाता है। यही वजह है कि दाल का सेवन करना आपकी ओवर ऑल हेल्थ के लिए काफी अच्छा है।
हालांकि, अधिकतर लोगों को यह समझ में ही नहीं आता है कि वे दाल को अपने नाश्ते का हिस्सा किस तरह बनाएं। आप दाल की मदद से स्टीम्ड इडली से लेकर मूंग दाल चीला और स्वादिष्ट दाल पराठा तक कई बेहतरीन डिशेज को बनाकर खा सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसी ही कुछ दाल बेस्ड रेसिपीज के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप अपने नाश्ते में शामिल कर सकते हैं-
Also read: क्रीम ऑफ एसपेरेगस एंड अलमंड सूप मील
मूंग दाल चीला

नाश्ते में मूंग दाल चीला बनाना अच्छा विचार हो सकता है। मूंग दाल प्रोटीन व फाइबर से भरपूर होती है। जिसकी वजह से आपको लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। साथ ही साथ, इससे आपको लगातार ऊर्जा मिलती रहती है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप पीली मूंग दाल, 2 घंटे के लिए भिगोई हुई
- 1-2 हरी मिर्च, कटी हुई
- 1/2 इंच अदरक, कटा हुआ
- 1/4 चम्मच हल्दी पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- 1/4 कप बारीक कटा हुआ प्याज़ और टमाटर
- कटा हुआ धनिया पत्ता
- खाना पकाने के लिए तेल
मूंग दाल चीला बनाने का तरीका-
- सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल को हरी मिर्च, अदरक, हल्दी और नमक के साथ मिलाकर ब्लेंड कर लें।
- इससे एक स्मूथ पेस्ट बन जाएगा। अगर ज़रूरत हो तो आप इसमें थोड़ा पानी मिला सकते हैं।
- अब एक गरम नॉन-स्टिक पैन पर एक चमच्च घोल डालें और इसे डोसे की तरह पतला फैलाते चले जाएं।
- इसमें ऊपर से कटा हुआ प्याज़, टमाटर और धनिया पत्ता डालें।
- अब किनारों पर थोड़ा तेल डालें और एक तरफ़ से गोल्डन ब्राउन होने तक पकाएं, अब इसे पलटें और दूसरी तरफ़ से भी पकाएं।
- अंत में, इसे हरी चटनी या दही के साथ गरमागरम परोसें।
दाल पराठा

अगर आपको सुबह नाश्ते में पराठा खाने की आदत है तो ऐसे में आप दाल पराठा बनाकर भी खा सकते हैं। जहां मूंग दाल से आपो प्रोटीन और फाइबर मिलता है, वहीं, साबुत गेहूं के आटे का सेवन करने से कॉम्पलेक्स कार्ब्स और अधिक फाइबर प्राप्त होता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप पकी हुई मूंग दाल (अतिरिक्त पानी निकाल दें)
- 2 कप साबुत गेहूं का आटा
- 1/2 चम्मच जीरा
- 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
- 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- खाना पकाने के लिए तेल या घी
दाल पराठा बनाने का तरीका-
- सबसे पहले गेहूं के आटे में पानी और एक चुटकी नमक मिलाकर नरम आटा गूंथ लें।
- अब पकी हुई मूंग दाल में जीरा, हल्दी, मिर्च पाउडर और नमक डालकर मिलाएं।
- तैयार आटे को बॉल्स में बांट लें और हर बॉल को बेल लें।
- इसके बीच में मूंग दाल के मिश्रण का एक हिस्सा रखें।
- किनारों को मोड़ें और फिर से बेल लें।
- अब गरम तवे पर थोड़ा तेल या घी डालकर दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने तक पकाएं।
- आप इन पराठों को दही या अचार के साथ खा सकते हैं।
दाल इडली
नाश्ते में दाल इडली से बेहतर शायद ही कोई दूसरा ऑप्शन हो। फरमेंट होने की वजह से दाल इडली को गट हेल्थ के लिए काफी अच्छा माना जाता है। साथ ही साथ, उड़द की दाल में प्रोटीन और आवश्यक अमीनो एसिड की मात्रा अधिक होती है, जिसकी वजह से टिश्यू रिपेयर और इम्यून हेल्थ पर अच्छा असर पड़ता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1/2 कप उड़द दाल
- 1 1/2 कप चावल
- स्वादानुसार नमक
- चिकनाई के लिए तेल
दाल इडली बनाने का तरीका-
- सबसे पहले उड़द दाल और चावल को 4-5 घंटे के लिए अलग-अलग भिगोएं।
- अब उन्हें अलग-अलग पीसकर चिकना घोल बनाएं।
- दोनों घोलों को मिलाएं। साथ ही, इनमें नमक डालें और रात भर के लिए खमीर उठने दें।
- चिकना किए हुए इडली के सांचों में घोल डालें और 10-12 मिनट तक भाप में पकाएं।
- नारियल की चटनी या सांभर के साथ गरमागरम परोसें।
दाल पोहा
अगर आप नाश्ते में पोहा खाना पसंद करते हैं तो अब दाल पोहा बनाकर देखें। जहां पोहा आपको तुरंत एनर्जी देता है, वहीं चना दाल से आपको प्रोटीन मिलता है। इतना ही नहीं, पोहा और चना दाल दोनों ही आयरन से भरपूर होते हैं। यह काफी लाइट डिश है, इसलिए आप सुबह के समय इसका सेवन कर सकते हैं।
आवश्यक सामग्री-
- 1/2 कप चना दाल, 1 घंटे के लिए भिगोया हुआ
- 1 कप पोहा
- 1/2 चम्मच सरसों के बीज
- करी पत्ता
- 1/4 चम्मच हल्दी पाउडर
- हरी मिर्च, कटी हुई
- 1 छोटा प्याज, कटा हुआ
- स्वादानुसार नमक
- नींबू का रस
- सजावट के लिए ताजा धनिया पत्ता
दाल पोहा बनाने का तरीका-
- सबसे पहले पोहा को अच्छी तरह से धोकर पानी निकाल दें और एक तरफ रख दें।
- भिगी हुई चना दाल को एक पैन में थोड़े से पानी के साथ तब तक पकाएं जब तक वह नरम न हो जाए, लेकिन गूदेदार न हो।
- अब पानी निकाल दें। इसके बाद एक पैन में तेल गरम करके सरसों के बीज डालकर उन्हें चटकने दें।
- अब इसमें करी पत्ता, हल्दी पाउडर, हरी मिर्च और प्याज डालें।
- प्याज के पारदर्शी होने तक भूनें, फिर चना दाल डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- इसमें पोहा व नमक डालें और तब तक पकाएं, जब तक सब कुछ अच्छी तरह से मिल न जाए।
- इसमें नींबू का रस निचोड़ें और धनिया पत्ती से गार्निश करें।
- दही के साथ गरमागरम परोसें या ऐसे ही परोसें।
