Rava laddoo
Rava laddoo

Overview: रवा लड्डू बनाते समय फॉलो करें ये टिप्स

अगर आप घर पर रवा लड्डू बना रहे हैं तो ऐसे में कुछ छोटे-छोटे टिप्स आपके बेहद काम आएंगे।

Rava Ladoo: अधिकतर लोग मीठे के काफी शौकीन होते हैं और अक्सर वे तरह-तरह की मिठाइयां खाना पसंद करते हैं। बरफी से लेकर लड्डू तक, इन्हें देखते ही मुंह में पानी आ जाता है। इतना ही नहीं, इनमें भी अलग-अलग टेस्ट पसंद करते हैं। मसलन, रवा लड्डू हर किसी के पसंदीदा होते हैं। नरम और मुंह में घुल जाने वाले उन गोल-गोल लड्डू को त्योहारों पर अवश्य बनाया जाता है। इतना ही नहीं, जब कभी कुछ अच्छा और मीठा खाने का मन होता है तो हम रवा लड्डू खाना पसंद करते हैं। रवा लड्डू दिखने में भले ही आसान लगें, लेकिन परफेक्ट टेक्सचर और वह बेमिसाल स्वाद पाने के लिए आपको थोड़ा अतिरिक्त ध्यान देने की जरूरत होती है।

अक्सर यह देखने में आता है कि रवा लड्डू बनाते समय कभी वे सूखे तो कभी बिखरने लगते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आज इस लेख में हम आपको घर पर परफेक्ट तरीके से रवा लड्डू बनाने के लिए आसान टिप्स के बारे में बता रहे हैं-

use fine rava for making laddoo
use fine rava for making laddoo

जब भी आप रवा लड्डू बनाएं तो हमेशा बारीक सूजी का ही इस्तेमाल करें। दरअसल, बारीक सूजी से लड्डू का टेक्सचर मुलायम और मुंह में घुलने वाला बनता है। वहीं, अगर आप मोटी सूजी का इस्तेमाल करते हैं, तो इससे लड्डू कड़क और दानेदार बनते हैं। हालांकि, अगर आपके पास घर में मोटी सूजी ही है, तो बेहतर होगा कि आप इसे मिक्सी में एक बार हल्का पीस लें। ध्यान रखें कि आपको इसका पाउडर नहीं बनाना है, बस थोड़ा बारीक कर लें। इससे काफी फर्क आएगा।

सूजी को अच्छी खुशबू और स्वाद तभी मिलता है जब उसे धीरे-धीरे भुना जाए। अक्सर लोग जल्दी लड्डू बनाने के चक्कर में उसे तेज आंच पर भूनते हैं, लेकिन इससे वह कच्ची रह जाती है। ध्यान रखें कि कच्ची सूजी से लड्डू में कच्चा स्वाद आता है। तेज आंच पर सूजी बाहर से तो भूरे रंग की हो जाएगी, पर अंदर से कच्ची रह जाएगी। 

जब आप रवा लड्डू बना रहे हैं तो उस समय घी डालने में बिल्कुल भी कंजूसी ना करें। घी ही वो चीज़ है, जो लड्डू को बांधने में मदद करता है। अगर घी कम हुआ तो लड्डू टूटने लगेंगे। ज़्यादा घी से लड्डू चिपचिपे और चिकने हो सकते हैं। इसलिए, जब आखिरी में जब लड्डू का मिक्स तैयार करें, तब धीरे-धीरे घी डालें। जब मिक्स मुट्ठी में दबाने पर आसानी से बंध जाए, तो घी डालना बंद कर दें।

use powder sugar for making rava laddoo
use powder sugar for making rava laddoo

लड्डू बनाते समय उसमें मिठास के लिए चीनी का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन आप ध्यान रखें कि आप हमेशा बारीक पिसी चीनी का इस्तेमाल करें। मोटी चीनी मुंह में किरकिराहट देती है और जल्दी नहीं घुलती। जबकि पिसी चीनी से हर बाइट में मिठास बराबर रहती है। अगर आपके घर में पिसी चीनी नहीं है तो आपको इसे अलग से बाजार से खरीदकर लाने की जरूरत नहीं है। आप मिक्सी में सामान्य चीनी पीस लें।

कभी-कभी सही रेसिपी फॉलो करने के बाद भी लड्डू का मिश्रण सूखा लग सकता है। ऐसे में थोड़ा गुनगुना दूध मिलाने से लड्डू आसानी से बनते हैं। लेकिन याद रखें कि दूध डालने से लड्डू जल्दी खराब होते हैं, इसलिए आप दूध का इस्तेमाल केवल तभी करें, जब आपको 2-3 दिन में लड्डू खत्म करने हों। हमेशा दूध को आखिरी उपाय की तरह ही आजमाएं। पहले घी से ट्राय करें, फिर भी बात न बने तो थोड़ा-सा गुनगुना दूध डालें।

मैं मिताली जैन, स्वतंत्र लेखिका हूं और मुझे 16 वर्षों से लेखन में सक्रिय हूं। मुझे डिजिटल मीडिया में 9 साल से अधिक का एक्सपीरियंस है। मैं हेल्थ,फिटनेस, ब्यूटी स्किन केयर, किचन, लाइफस्टाइल आदि विषयों पर लिखती हूं। मेरे लेख कई प्रतिष्ठित...