इस महाशिवरात्रि पर बिना नमक के बनाएं ये रेसिपीज : Recipes Without Salt For Fasting
आज हम आपके लिए कुछ ऐसे व्यंजन की रेसिपी लेकर आए हैं, जिन्हें बनाने के लिए सेंधा नमक की भी आवश्यकता नहीं पड़ती है और आप महाशिवरात्रि के व्रत में इन्हें बनाकर खा सकते हैं।
Recipes Without Salt For Fasting: महाशिवरात्रि का त्यौहार आने वाला है। इस दिन सभी लोग महादेव को प्रसन्न करने के लिए दिन भर उपवास रखते हैं। इस व्रत में कई लोग सेंधा नमक डालकर फलाहारी व्यंजन बनाते हैं, जबकि कई ऐसे लोग भी मौजूद हैं, जो व्रत में सेंधा नमक भी खाना पसंद नहीं करते हैं। ऐसे में आज हम आपके लिए कुछ ऐसे व्यंजन की रेसिपी लेकर आए हैं, जिन्हें बनाने के लिए सेंधा नमक की भी आवश्यकता नहीं पड़ती है और आप महाशिवरात्रि के व्रत में इन्हें बनाकर खा सकते हैं।
Also read: महाशिवरात्री में घर पर बनाएं सिंघाड़े की पकौड़ी, जानिए रेसिपी
काजू हलवा

काजू का हलवा बनाने के लिए सामग्री
3 कप काजू
आधा कप चीनी
केसर
एक चम्मच पिसी हुई इलायची
दो चम्मच नारियल पाउडर
घी
कटा हुआ ड्राई फ्रूट्स
काजू का हलवा बनाने की पूरी विधि
महाशिवरात्रि के व्रत में काजू से हलवा बनाने के लिए सबसे पहले सभी काजू को पानी में भिगोकर रख दें और कुछ देर बाद मिक्सर ग्राइंडर में उसे पीस लें। अब एक कटोरी में केसर के धागे और 2 चम्मच पानी डालकर भिगो लें। एक पैन में घी गर्म करें और उसमें नारियल पाउडर और पिसे हुए काजू को डालकर ब्राउन होने तक भून लें। जब नारियल और काजू भून जाए, तो इसमें गर्म पानी डालकर मिश्रण को चलाते रहें। अब थोड़ी देर बाद इसमें चीनी डालें और धीमी आंच पर पकने दें। ध्यान रखें कि चम्मच से इसे चलाते रहना है, नहीं तो मिश्रण जल सकता है और उसका स्वाद कड़वा हो सकता है। अब इस मिश्रण में केसर पानी और इलायची पाउडर मिलाकर अच्छे से मिक्स करें। जब हलवा से अच्छी खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर उतार लें। अब इस हलवा को ड्राई फ्रूट्स से सजा दें और सभी को सर्व करें।
बादाम और केसर की खीर

बादाम और केसर की खीर बनाने के लिए सामग्री
एक कप बादाम
एक लिटर दूध
दो चम्मच चीनी
घी
केसर
किशमिश
ड्राई फ्रूट्स
बादाम और केसर की खीर बनाने की विधि
बादाम और केसर की खीर बनाने के लिए सबसे पहले बादाम को एक रात पहले पानी में भिगोकर रख दें। इसके बाद अगली सुबह आपको इसका पानी हटाकर बादाम के छिलके हटाने होंगे। फिर इन सभी बादाम को पीसकर पाउडर रखना होगा।इसके बाद आपको एक पैन में दूध को तब तक उबालना होगा जब तक दूध थोड़ा अधिक गाढा न हो जाए। अब दूध को उबालते वक्त ही बीच-बीच में चीनी को डाल दें और दूध को चलाते रहना होगा। इसके बाद पिसा हुआ बादाम डाल दें और दूध में उसे चलाते रहना है। गैस को धीमे ही रखें। अब दूध में केसर को मिलाएं और पीला होने तक दूध को चलाते रहें। जब दूध बिल्कुल गाढ़ा हो जाए तो वह खीर की तरह लगने लगेगा। अब इस खीर को किशमिश, केसर और बाकी के ड्राई फ्रूट्स से सजा दीजिए। इसके बाद आप इस व्रत की खीर को सभी में सर्व कर सकती हैं।
फलाहारी जलेबी

फलाहारी जलेबी बनाने के लिए सामग्री
चार उबले आलू
एक कटोरी दही
एक कटोरी समा के चावल का आटा
दो चम्मच साबुदाने का आटा
एक कप चीनी
पानी
दो चम्मच इलाइची पाउडर
एक चुटकी पीला रंग
फलाहारी जलेबी बनाने की पूरी विधि
महाशिवरात्रि के व्रत के लिए फलाहारी जलेबी बनाने के लिए सबसे पहले आलू को उबालें और फिर उनके छिलके उतारकर छोटे छोटे टुकड़े में काटें और मिक्सर जार में ट्रांसफर कर दें। इसके बाद जार में दही डालें और अच्छी तरह से पीसकर स्मूद पेस्ट तैयार कर लें अब इस पेस्ट में समा के चावल का आटा और साबूदाने का आटा डालकर लगभग 1 मिनट तक अच्छी तरह ब्लेंड करें। आपको पेस्ट को बिल्कुल गाढ़ा नहीं रखना है। अब इस मिश्रण को कुछ देर तक फेंटने के बाद मीठा पीला रंग मिला दें। इसके बाद पेस्ट को और फेंटे ताकि पेस्ट में रंग अच्छी तरह से चढ़ जाए। अब एक बर्तन में जरुरत के मुताबिक पानी और चीनी डालकर मीडियम आंच पर गर्म करने रख दें। जब चीनी और पानी चाशनी बन जाए तो उसमें इलायची पाउडर मिक्स कर दें और चाशनी तैयार कर लें।
फिर एक पैन को गैस पर गर्म होने के लिए रख दें। उसमें घी डाल दें। अब जलेबी के मिश्रण को एक कोन में डाल लें। जब घी गर्म हो जाए तो कोन की मदद से घी में जलेबी बनाकर डालें और फ्राई करें। कुछ देर एक तरफ से तलने के बाद जलेबी को पलटें और दूसरी ओर से भी फ्राई कर लें। जब जलेबी दोनों तरफ से सुनहरी होकर क्रिस्पी हो जाए तो उसे पैन से निकालकर चाशनी के बर्तन में डालकर 5 मिनट के लिए डुबोकर रख दें। अब आपको बाकी मिश्रण से जलेबी बनाना है और चाशनी में डाल देना है। इसके सेवन से आपको व्रत में भी कमजोरी महसूस नहीं होगी।
सिंघाड़े की बर्फी

सिंघाड़े की बर्फी बनाने के लिए सामग्री
दो कप सिघाड़े का आटा
आधा कप घी
एक कप चीनी
इलायची पाउडर
ड्राई फ्रूट्स
सिंघाड़े की बर्फी बनाने की विधि
महाशिवरात्रि के व्रत में सिंघाड़े के आटे से बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले सिंघाड़े के आटे को गैस पर अच्छी तरह से भून ले और जब आटे का रंग हल्का भूरा हो जाए तो आटे में पानी डाल दें। अब इस घोल को लगातार चलाते हुए पका लें। ध्यान रखें कि आटे में गुठली नहीं पड़नी चाहिए। जब ये हल्का-सा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें चीनी और इलाइची पाउडर मिला दें और 5 मिनट तक पका लें। जब ये मिश्रण हलवे में बदल जाएं तो ऐसे में गैस बंद कर दें और बाकी का एक चम्मच घी भी इसमें मिला दें। इसके बाद एक समतल प्लेट लें। इस थाली में घी से ग्रीसिंग कर लें। ताकि हलवा चिपके नहीं। अब इसमें हलवा डाल देना है और इसे पूरी तरह ठंडा होने देना है। ठंडा होकर ये जम जाएगा, जिसके बाद एक चाकू की मदद से इसे बर्फी के आकार में काट लेना है और सभी को सर्व कर देना है।
