Summary: घर पर बनाएं लज़ीज़ पेशावरी चिकन बिरयानी, आसान रेसिपी के साथ
वीकेंड या खास मौके के लिए पेशावरी चिकन बिरयानी एक परफेक्ट नॉन-वेज डिश है, जो अपने रिच मसालों और खुशबूदार स्वाद के लिए मशहूर है। आसान स्टेप्स में जानें घर पर स्वादिष्ट और दमदार बिरयानी बनाने की पूरी विधि।
Peshawari Chicken Biryani recipe: नॉन-वेज के शौक़ीन लोगों को सबसे ज्यादा चिकन पसंद आता है। प्रोटीन से भरपूर चिकन सेहत के लिए भी बहुत फ़ायदेमंद होता है। इसलिए वीकेंड या किसी ख़ास मौके पर हम चिकन की अलग-अलग रेसिपी बनाते ही रहते हैं। लेकिन, इनमें सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली रेसिपी है चिकन बिरयानी, जिसको बच्चों से लेकर बड़े तक सभी खूब चाव से खाते हैं। बिरयानी की भी अलग-अलग रेसिपी बनती हैं और इन्हीं में से एक ख़ास रेसिपी है पेशावर चिकन बिरयानी। पेशावरी बिरयानी, खास तौर पर पेशावर से आयी है, जो अपनी समृद्ध पाक विरासत के लिए जाना जाने वाला शहर है। अब यह बिरयानी दुनियाभर में काफ़ी लोकप्रिय हो चुकी है। चलिए आज हम आपको बताते हैं कि आप किस तरह से ख़ुशबूदार और ज़ायक़ेदार बिरयानी को बहुत ही आसानी से अपने घर में बना सकती हैं। जानते हैं रेसिपी-
पेशावरी चिकन बिरयानी बनाने के लिए सामग्री
- चिकन- 400 ग्राम
- सादा दही- ½ कप
- अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 टेबल स्पून
- लाल मिर्च पाउडर- 1 टी स्पून
- हल्दी- ½ टी स्पून
- गरम मसाला- 1 टी स्पून
- बिरयानी मसाला- 1 टेबल स्पून
- नमक- स्वादानुसार
- चावल- 1 ½ कप
- लौंग- 2-3
- तेज पत्ता- 1
- दालचीनी छड़ी- 1 इंच
- इलाइची- 2 या 3
- कटा हुआ प्याज- 1/2 कप
- टमाटर कटा हुआ- 1/2 कप
- तेल- आवश्यकता अनुसार
- पानी- आवश्यकतानुसार
- केसर- सजावट के लिए
- केवड़ा जल- स्वाद के लिए
पेशावरी चिकन बिरयानी बनाने की विधि
- सबसे पहले चावल को 20-30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। अब अच्छे से धोकर और फिर छानकर अलग रख दें।
- अब चिकन को मेरीनेट कर लें। इसके लिए एक कटोरे में चिकन के टुकड़ों को दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, हल्दी, बिरयानी मसाला, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर और नमक के साथ अच्छी तरह मिलाएँ। इसे कम से कम एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें।
- अब एक कढ़ाई में पानी उबालें। इसमें तेज पत्ता, लौंग, इलायची, दालचीनी और नमक डालें और उसमें भिगोए हुए चावल डालें। चावल के आधे पकने तक पकाएँ।
- एक भारी तले वाले बर्तन में, मैरीनेट किए हुए चिकन की एक परत डालें और उसके ऊपर आंशिक रूप से पके हुए चावल डालें। इसके ऊपर कुछ कटे हुए टमाटर, प्याज़ और धनिया पत्ती डालें। तेल की कुछ बूँदें डालें और अब फिर से चावल की परत चढ़ायें। यह प्रक्रिया दोहरायें जब तक कि यह ऊपर तक न भर जाए।
- इसके ऊपर आप स्वाद के लिए कुछ केसर के रेशे या केवड़ा जल भी डाल सकते हैं।
- इस बर्तन को एल्युमिनियम फॉयल से ढक दें और धीमी आंच पर 40-45 मिनट तक पकाएं।
- ऐसे ही 5 मिनट गैस बंद करके ढँककर रखे रहने दें।
- गरमागरम परोसें और दही के रायता के साथ आनंद लें।
