Jamun Recipes or Benefits: आजकल जामुन का मौसम चल रहा है, जिसे लोगों द्वारा काफी पसंद किया जाता है। ये देखने में काला और चमकदार होता है साथ ही इसमें भरपूर मात्रा में औषधीय गुण होते हैं। इसे कई नामों से भी जाना जाता है जैसे राजमन, ब्लैकबेरी,काला जामुन आदि। इसे आप कहीं भी आसानी से खा सकते है क्योंकि इसे ना काटने की जरूरत होती और न छीलने की। अगर आप इसे नमक के साथ खाते है तो ये और भी स्वादिष्ट लगते हैं। जामुन में बहुत से पोषक तत्व पाए जाते हैं, जैसे आयरन, विटामिन,और फाइबर। बारिश के मौसम में फलने वाले जामुन को खाने के बहुत कई फायदे होते हैं।
जामुन खाने के फायदे

- खासकर जामुन डायबिटीज में काफी फायदा पहुंचाता है। तथा इसके नियमित सेवन से डायबिटीज होने का खतरा भी कई हद तक कम हो जाता है। डायबिटीज के मरीज के इलाज के लिए जामुन का सेवन बेहद लाभदायक साबित होता है। इसके बीज को सुखाकर पीसकर सेवन करने से शुगर का स्तर सामान्य बना रहता है।
- जिन लोगों का अक्सर पेट खराब रहता है जिससे जामुन जरूर खाना चाहिए। ये पेट के लिए अमृत है। साथ ही आपकी पाचन शक्ति को मजबूत बनाता है। इसको खाने से पेट के विकार खत्म हो जाते है।
- फलों को नियमित तौर पर खाने से बहुत सी बीमारियों से बचा जा सकता है। साथ ही जामुन में कैंसर रोधी गुण होते है। जिससे कैंसर जैसी बीमारियों से भी बचा जा सकता है।
- यौवन अवस्था में मुहांसों की समस्या ज्यादा बनी रहता है। इससे आपके चेहरे की सुंदरता खत्म हो जाती है। ऐसे में मुहांसों की समस्या होने पर जामुन की गुठलियों को सुखाकर इसका पाउडर बनाकर चेहरे पर लगाने से राहत मिलती है। इसको सप्ताह में दो बार चेहरे पर लगाया जा सकता है। इसको लगाने के लिए जामुन की गुठलियों को सूखाकर उसका पाउडर बना लें, फिर इस पाउडर में पानी मिलकर स्मूथ पेस्ट चेहरे पर लगाएं। पेस्ट के सूखने के बाद उसे साफ़ पानी से धो लें।
- जिन लोगों को बार-बार पथरी हो जाती है उन्हें जामुन खाने चाहिए। इससे पथरी नहीं बनती है। किडनी और लीवर दोनों के लिए जामुन काफी फायदेमंद है।
- अगर आप मुंह में होने वाले छालों से परेशान रहते हैं तो जामुन आपके लिए काफी फायदेमंद है। जामुन से छाले होने की समस्या खत्म हो जाती है।
- कई लोगों का खाना सही से नहीं पचता और बार-बार दस्त लग जाते है ऐसे में दस्त की समस्या को खत्म करने में जामुन का सेवन सही रहता है। जामुन को सेंधा नमक के साथ खाए आपके दस्त बंद हो जायेंगे।
जामुन से बनाएं स्वादिष्ट रेसिपी
जामुन को वैसे तो साबुत ही खाया जा सकता है लेकिन कई बार बच्चों और बुजुर्गों को इसका स्वाद ज्यादा अच्छा नहीं लगता। अगर आप जामुन की कुछ तरह-तरह की रेसिपीज़ को बनाती हैं तो यक़ीनन ये आपके घर में सभी को बेहद मजेदार लगेंगी। यहां हम आपको जामुन की कुछ रेसिपी के बारे में बता रहे हैं-
जामुन शॉट्स

जामुन शॉटस का आजकल काफी क्रेज देखा जा रहा है। जो लोग जामुन को सीधा नहीं खाना पसंद नहीं करते वे जामुन के शॉट्स बनाकर पी सकते हैं, ये हेल्दी होने के साथ बेहद स्वादिष्ट भी लगता है।
सामग्री
- जामुन -15 से 20 जामुन
- नींबू का रस- एक चम्मच
- ठंडा पानी -1.5 कप
- चीनी- स्वादानुसार
- काला नमक-एक चौथाई चम्मच
- पुदीने की पत्तियां
विधि
जामुन को अच्छे से धोकर उनकी गुठली को निकाल लीजिए। फिर जामुन में चीनी, काला नमक, बर्फ और पानी डालकर पीस लें। पानी उतना ही डाले जिससे वह अच्छी तरह पीस जाए। इसे एक गिलास में डालें और उसमें नींबू का रस डाल दें फिर इसे अच्छी तरह मिला लें। इसमें बचा पानी और मिला लें और इसे बड़े गिलास से कांच के छोटे गिलास में डाले जिससे देखने में ये शॉटस लगे और गिलास के किनारे पूदीना की पत्तियां लगाकर परोसें।
जामुन की चाट

जो जामुन खा सकते हैं उनको इसकी चाट बेहद स्वादिष्ट लगेगी। कम समय में बनने वाली रेसिपी सभी को खूब पसंद आएगी।
सामग्री
- जामुन- एक कप
- कसौंदी-2 चम्मच
- काला नमक- एक चम्मच
- चाट मसाला-एक चम्मच
- कटी हुई हरी मिर्च -दो या तीन
- चीनी-दो चम्मच
- नींबू का रस- आधा चम्मच
विधि
सबसे पहले सभी जामुन के बीज निकाल लें। बीज निकालने के बाद जामुन में चाट मसाला, नींबू का रस, चीनी और काला नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसमें ऊपर से कसौंदी डालें और फिर से मिला लें। बची हुई सामग्री में हरी मिर्च रह गई है इसे भी आप इसमें मिला लें। हरी मिर्च आप अपने हिसाब से भी डाल सकते है कि आपको ज्यादा तीखा खाना है या कम तीखा। उसी हिसाब से हरी मिर्च डालें।
जामुन का जैम

सालों साल चलने वाला जामुन का जैम खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है। इसे आप एक बार बनाकर फ्रिज में रख लें और फिर नाश्ते में ब्रेड पर लगाकर खाएं। साथ ही बच्चे जो जामुन नहीं खाते उन्हें जैम बहुत पसंद आएगा।
सामग्री
- जामुन-एक किलो
- ब्राउन शुगर-एक कप
- पानी-एक कप
विधि
सबसे पहले जामुन को अच्छी तरह धोकर बीच में कट लगा दें। अब एक बड़ा बर्तन लें जिसमें पानी डाले पानी की मात्रा इतनी रखनी है कि सारे जामुन उबल जाएं। फिर जब जामुन उबल जाएंगे तो गुठलियां अपने आप अलग हो जाएंगी। फिर गैस बंद करके बीज को अलग से निकाल कर जामुन को प्लेट में रख लें। इसके बाद एक पैन लें जिसमें चीनी को डालें और उसे गाढ़ा होने तक पकाएं। 20 मिनट चीनी पकने के बाद इसमे उबले हुए जामुन मिला लें और अच्छी तरह चीनी में ही इसे मैश करते जाएं। अब इस मिश्रण को 10 मिनट तक और पकाएं। जब दोनों चीजें अच्छे से मिक्स हो जाएं तो गैस बंद कर इसे ठंडा होने के बाद एक कांच के जार में भरकर फ्रिज में रख लें। आप इसे अलग-अलग तरह से खा सकते है।
