इस बार गणपति को लगायें बच्चों की पसंद के चॉकलेट मोदक का भोग, जानें रेसिपी: Chocolate Modak
अगर आपके घर में बच्चे हैं और उन्हें चॉकलेट पसंद है तो आप इस बार गणेशोत्सव में ख़ास चॉकलेट मोदक बना सकते हैं। बच्चों के साथ-साथ गणपति बप्पा को भी ये मोदक खूब भायेंगे।
Chocolate Modak Recipe: आने वाली सात तारीख़ से गणेश उत्सव शुरू होने वाला है। गणपति के दस दिन लोग बेसन के साथ ही तरह-तरह के लड्डुओं का बप्पा का भोग लगाते हैं। ख़ासतौर पर बप्पा के लिए मोदक का भोग सभी लगाते हैं। अगर आपके घर में बच्चे हैं और उन्हें चॉकलेट पसंद है तो आप इस बार गणेशोत्सव में ख़ास चॉकलेट मोदक बना सकते हैं। बच्चों के साथ-साथ गणपति बप्पा को भी ये मोदक खूब भायेंगे। इन्हें बनाने के लिए बहुत ही कम इंग्रेडिएंट्स की ज़रूरत होती है और इनको आप बहुत कम समय में फटाफट तैयार कर सकते हैं। जानते हैं इन्हें बनाने की आसान सी रेसिपी-
Also read: बच्चों के लिए घर में बनाएं चॉकलेट वेफर रोल, नोट करें रेसिपी
चॉकलेट मोदक बनाने के लिए सामग्री

डार्क चॉकलेट-250 ग्राम
नारियल का बुरादा-100 ग्राम
कटा हुआ बादाम-2 टेबल स्पून
काजू- 2 टेबल स्पून
पिस्ता-2 टेबल स्पून
दूध- 2 कप
चीनी- 1 कप
घी-1 टी स्पून
चॉकलेट मोदक बनाने की विधि

- एक पैन में पानी लेकर गरम कर लें और इसके ऊपर एक बाउल में चॉकलेट रख दें। चॉकलेट पूरी तरह से पिघलने में 4-5 मिनट का समय लगता है। अच्छी तरह से एक साथ चॉकलेट पिघलने के लिए ज़रूरी है कि चॉकलेट के सभी टुकड़े एक ही साइज के करें।
- फिलिंग बनाने के लिए एक दूसरे पैन में घी डालकर काजू, बादाम, पिस्ता और नारियल डालकर थोड़ी देर भून लें।
- इसमें कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं और एक मिश्रण तैयार कर लें।
- मोदक के लिए आप कंडेंस्ड मिल्क भी घर में ही तैयार करें। इसके लिए दो कप दूध में एक कप चीनी लेकर पैन में लगातार चलाते हुए खूब गाढ़ा कर लें। जब दूध आधे से भी कम हो जाये तो उसमें बैकिंग सोडा डालें और फिर दूध को लगातार 6-7 तक चलाते रहें। गैस बंद कर दें। इस कंडेंस्ड मिल्क को मोदक में उपयोग करें।
- पॉलीथिन के एक कोन में पिघली हुई चॉकलेट डालकर इसको मोदक बनाने के साँचे आधा भर दें।
- इसके बाद इसमें मोदक के लिए बनायी हुई फिलिंग भर दें। अब ऊपर से एक बार फिर मेल्ट चॉकलेट डाल दें।
- दस मिनट के लिए इनको सेट होने के लिए फ्रिज में रख दें।
- आप चाहें तो फिलिंग की जगह बीच-बीच में थोड़ा सा नटेला या पीनट बटर भी डाल सकते हैं।
- बस तैयार हो गये आपके चॉकलेट मोदक। इनको आसानी से निकाल लीजिए।
- मोदक बनाने के लिए प्लास्टिक की जगह सिलिकॉन मोल्ड का इस्तेमाल करें क्योंकि इससे मोदक को निकालने में आसानी होती है।
तो, आप भी इस बार अपने गणपति के लिए चॉकलेट से ये मोदक ज़रूर बनाकर देखें। यक़ीन मानिए इनसे ज्यादा स्वादिष्ट मोदक आपने अभी तक नहीं खाए होंगे। ख़ासतौर, पर बच्चे तो बप्पा के लिए बनाये गये इन मोदक को खाकर बहुत खुश हो जाएँगे।
