Overview:
हाल ही में 'टेस्ट एटलस' ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में 'दुनिया के 100 टॉप रेस्टोरेंट' की लिस्ट जारी की है। खास बात यह है कि इसमें भारत के भी 7 रेस्टोरेंट्स शामिल हैं। इनमें से भी 2 रेस्टोरेंट्स टॉप टेन में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
7 Food Wonders: भारतीय व्यंजनों के स्वाद की दुनिया दिवानी है। यहां के मसालों की खुशबू, देसी घी की मिठास और सबसे खास, प्यार से पकाया गया भोजन हर किसी के दिल से होते हुए पेट में जाता है। हाल ही में ‘टेस्ट एटलस’ ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में ‘दुनिया के 100 टॉप रेस्टोरेंट’ की लिस्ट जारी की है। खास बात यह है कि इसमें भारत के भी 7 रेस्टोरेंट्स शामिल हैं। इनमें से भी 2 रेस्टोरेंट्स टॉप टेन में जगह बनाने में सफल रहे हैं। आइए जानते हैं भारत के इन ‘सेवन फूड वेंडर्स’ के बारे में, जिन्होंने दुनियाभर को अपने स्वाद का कायल बना दिया है।
पैरागॉन रेस्टोरेंट, कोझिकोड

स्वाद के इस खजाने में भारत से सबसे आगे है कोझिकोड स्थित पैरागॉन रेस्टोरेंट। इसे टॉप 10 में पांचवां स्थान मिला है। 1939 में स्थापित किए गए इस रेस्टोरेंट की बिरयानी दुनियाभर में मशहूर है। अपने मालाबार व्यंजनों के स्वाद और खुशबू से इस रेस्टोरेंट ने एक अलग पहचान बनाई है। हालांकि बिरयानी इसकी सिग्नेचर डिश है। साल 2023 में भी यह रेस्टोरेंट टॉप 100 रेस्टोरेंट की सूची में 11वें नंबर पर था।
पीटर कैट, कोलकाता
इस लिस्ट में सातवें नंबर पर है कोलकाता का पीटर कैट रेस्टोरेंट। 1975 में स्थापित यह रेस्टोरेंट अपने कबाब के लिए जाना जाता है। शहर की भीड़ भाड़ के बीच अगर आपको टेस्टी खाने के साथ सुकून के कुछ पल बिताने हैं तो पीटर कैट आपके लिए एक परफेक्ट जगह है।
अमरीक सुखदेव, मुरथल
पंजाबी खाने की बात ही कुछ और है, जो एक बार इसका स्वाद चख लेता है वो इसे भूल नहीं पाता। अपने इसी बेहतरीन स्वाद के कारण मुरथल के अमरीक सुखदेव ढाबे ने इस लिस्ट में 13वां स्थान पाया है। 1956 में ट्रक ड्राइवर्स के लिए शुरू हुए इस ढाबे ने आज दुनियाभर में अपना नाम कमाया है। यहां के आलू पराठा इसकी सिग्नेचर डिश है। इसी के साथ यहां पंजाबी और उत्तर भारतीय व्यंजनों की लंबी लिस्ट आपको मिल जाएगी।
करीम, नई दिल्ली
नई दिल्ली भी अपने फूड को लेकर काफी मशहूर है। दिल वालों की दिल्ली में लोग खाने के शौकीन हैं। इसी के साथ इस लिस्ट में 59वें पायदान पर है नई दिल्ली का ‘करीम’ रेस्टोरेंट। इस रेस्टोरेंट की स्थापना साल 1913 में भारत की आजादी से भी पहले की गई थी। यह रेस्टोरेंट अपने आलू गोश्त और दाल के लिए मशहूर है। इसी के साथ कोरमा इसकी खासियत है।
सेंट्रल टिफिन रूम, बेंगलुरु
बेंगलुरु, अपने साउथ इंडियन फूड के लिए जाना जाता है। लेकिन सेंट्रल टिफिन रूम, बेंगलुरु के मसाला डोसा की बात ही कुछ अलग है। यही कारण है कि एक ओल्ड स्कूल कैंटीन से दिखने वाले इस सिंपल कैफे ने टॉप रेस्टोरेंट की लिस्ट में 69 वां स्थान प्राप्त किया है। इस रेस्टोरेंट की स्थापना साल 1920 में की गई थी। यह रेस्टोरेंट अपने मसाला डोसा के लिए इतना मशहूर है कि इसका स्वाद चखने के लिए कई मशहूर हस्तियां यहां आती हैं।
गुलाटी, नई दिल्ली
करीम रेस्टोरेंट के साथ ही नई दिल्ली के गुलाटी रेस्टोरेंट ने भी टॉप रेस्टोरेंट्स की लिस्ट में 77वीं जगह बनाई है। 1959 में स्थापित इस रेस्टोरेंट का मुगलई खाना दुनियाभर में मशहूर है। हालांकि मुर्ग मखानी और बटर चिकन इसकी खासियत है। वेजिटेरियन लोग यहां की दाल मखनी खाना भी पसंद करते हैं।
राम आश्रय, मुंबई
मायानगरी मुंबई में अगर आपको दक्षिण भारतीय व्यंजनों का असली स्वाद चाहिए तो राम आश्रय होटल एक परफेक्ट जगह है। यहां के डोसा, इडली से लेकर उपमा तक, सब आपको साउथ का असली स्वाद देंगे। यही कारण है कि 1939 में स्थापित इस होटल को लिस्ट में 78वें नंबर पर जगह मिली है।
ये हैं टॉप 10 रेस्टोरेंट्स
1. फिगलम्यूलर, विएना
2. पिज्जेरिया दा मिशेल, नेपल्स
3. हॉफ ब्रो हाउस मुंचेन, म्यूनिख
4. गीनो ई टोटो सोरबिलो, नेपल्स
5. पैरागॉन रेस्टोरेंट, कोझिकोड
6. कैफे डे टाकुबा, मेक्सिको सिटी
7. पीटर कैट, कोलकाता
8. कैट्ज डेलिसटेसन, एनवाईसी
9. कर्ने गैरीबाल्डी, ग्वाडलजारा
10.एल पिम्पी, मलागा
