इडली के बैटर से बनाएं स्वादिष्ट डिश, खाकर मन हो जाएगा खुश
इडली बनाने का इस से बेहतरीन तरीका आज तक आपने नहीं अपनाया होगा।
Idli Shakshuka Recipe: क्या आपके पास इडली का बचा हुआ घोल है और आप सोच रहे हैं कि उसका क्या करें? तो अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है! आज हम आपको एक अनोखी और स्वादिष्ट फ्यूज़न डिश – इडली सांभर शाकशुका की रेसिपी बताने जा रहे हैं। ये डिश अलग अलग तरह के स्वाद का बेहतरीन मिश्रण है, जो न केवल स्वाद में लाजवाब होगी , बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है। इडली शाकशुका को आप नाश्ते, दोपहर के खाने या रात के खाने के लिए भी बना सकते है। यकीन मानिए इसे खाने के बाद आप बचे हुए इडली बैटर की राह नहीं देखेंगे बल्कि इडली बैटर इस डिश को बनाने के लिए ही बचा कर रखेंगे। इडली बनाने का इस से बेहतरीन तरीका आज तक आपने नहीं अपनाया होगा। इसका स्वाद आम इडली से बिलकुल अलग होगा।
अगर आप चाहें तो इसमें अपनी पसंद की सब्जियां भी डाल सकते हैं।
सामग्री
इडली बैटर – 1 कप

तेल – 3 चम्मच
गुड़ – 2 चम्मच
नमक – स्वाद अनुसार
हरा धनिया – 2 चम्मच
राई – 2 चम्मच
टमाटर – 3
सब्ज़ियाँ ( शिमला मिर्च, फूलगोभी, गाजर) – 2 कप

उबली हुई अरहर दाल – 1 कप
करी पत्ते – 10-12
कटा हुआ प्याज – 2
सांभर मसाला – 2-3 चम्मच
इमली का पेस्ट – 2 चम्मच
सूखा नारियल – 2 चम्मच कद्दूकस किया हुआ
इडली शाकशुका बनाने की विधि
तड़का
एक भारी तले वाले पैन में तेल डालकर उसे गर्म करें। अब इसमें राई डालें और उसे चटकने दें। इसके बाद करी पत्ता डाल दें। फिर कटा हुआ प्याज डालकर इसके नरम और हल्का ब्राउन होने पर इसमें कटा हुआ टमाटर डाल दें ।
मसाला डालें
पैन में सांभर मसाला डालें और इसके अच्छी तरह से पकने दें। इसमें कटी हुई सब्ज़ियाँ डालकर इनके नरम होने के बाद इसमें दाल डाल दें।
इमली का पेस्ट
इसमें इमली का पेस्ट और गुड़ डालें, ये स्वाद को एक बेहतरीन संतुलन देगा। इमली के पेस्ट से खट्टास और गुड़ से मिठास मिलेगी।
इडली बैटर डालें

अब बचे हुए इडली बैटर को पैन के चारों कोनों में डालें। बैटर को डालते समय ध्यान रखें कि वह पूरी तरह से मिश्रण के ऊपर फैल जाए, ताकि वह उबले और पक सके। बैटर को मध्यम आंच पर पकने दें। लगभग 7 मिनट तक पैन को ढककर पकाएं, ताकि इडली बैटर अच्छे से पक जाए और सॉस पूरी तरह से गाढ़ा हो जाए।
गार्निश
जब इडली बैटर पूरी तरह से पक जाए, तब पैन को आंच से हटा लें। अब इसे सूखे करी पत्तों, कद्दूकस करे हुए नारियल और ताजे कटे हुए हरे धनिए से गार्निश करें। लीजिये स्वादिष्ट इडली शाकशुका पूरी तरह से तैयार है।
इस तरह बढ़ाएं स्वाद
अगर आप चाहें तो इसमें लाल पीली शिमला मिर्च, मटर, बैंगन, कॉर्न ,हरा लहसुन जैसी दूसरी सब्ज़ियाँ भी डाल सकते हैं।
इस डिश को बनाने में आप अपनी पसंद की किसी भी दाल का इस्तेमाल कर सकते हैं, जैसे मसूर या मूंग दाल।
अगर आप ज्यादा तीखा पसंद करते हैं, तो इसमें हरी मिर्च या लाल मिर्च पाउडर भी डाल सकते हैं।
इडली बैटर की सही कंसिस्टेंसी तय करें ताकि वह अच्छे से पक सके और सॉस में घुल भी जाए।
