Dhokla for Navratri: नवरात्रि के दिनों में अक्सर लोग पूरे नौ दिन एक ही तरह का तला-भुना खाना खाते हैं। जिससे कहीं ना कहीं उनके पेट व सेहत पर भी असर पड़ता है। यह देखने में आता है कि हर दिन तला हुआ खाना खाने के बाद पेट में हैवीनेस, ब्लोटिंग व सुस्ती आदि की शिकायत होती है। ऐसे में काम करने की एनर्जी महसूस ही नहीं होती है। हालांकि, इस समस्या से बचने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप समझदारी से अपना खाना चुनें। व्रत के दिनों में आपको सिर्फ फल या दूध पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होती और ना ही आपको अपना मन मारने की जरूरत है। बस व्रत की सामग्री से ही आप कुछ नई डिशेज बनाने की कोशिश करें।
मसलन, अगर आप व्रत के दिनों में भी सुबह के नाश्ते में कुछ हल्का लेकिन टेस्टी खाना चाहते हैं तो ऐसे में व्रत के लिए स्पेशल ढोकला बनाकर खाया जा सकता है। कुछ ही समय में बनने वाला यह ढोकला काफी टेस्टी होता है और आपको इसे बनाने में आपको बहुत अधिक मेहनत भी नहीं करनी पड़ती है। तो चलिए आज इस लेख में टपरी किचन रेस्टोरेंट के हेड शेफ हिमांशु त्यागी आपको नवरात्रि व्रत के दिनों में ढोकला बनाने के आसान तरीके के बारे में बता रहे हैं-
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप सामक के चावल
- आधा कप साबुदाना (भिगोकर 2-3 घंटे के लिए)
- एक कप हल्की खट्टी दही
- 1 छोटा चम्मच सेंधा नमक
- आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
- 1 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच नींबू का रस
- 1 छोटा चम्मच ईनो फ्रूट साल्ट
- आवश्यकतानुसार पानी
तड़के के लिए-
- 1 बड़ा चम्मच घी
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 8-10 करी पत्ते
- 2 बारीक कटी हरी मिर्च (वैकल्पिक)
- आधा कप पानी
- आधा छोटा चम्मच सेंधा नमक
- आधा छोटा चम्मच चीनी
नवरात्रि व्रत में ढोकला कैसे बनाएं-
- सबसे पहले साबूदाना को तीन-चार घंटे के लिए पानी में भिगो दें।
- अब भीगे हुए साबूदाना और सामक के चावल को दही के साथ मिक्सी में पीस लें, जब तक यह एकदम स्मूद बैटर न बन जाए।
- अगर जरूरत महसूस हो तो बैटर बनाते समय थोड़ा पानी डाल सकते हैं।
- अब इस बैटर को एक कटोरे में निकालें और इसमें सेंधा नमक, काली मिर्च, अदरक, हरी मिर्च और नींबू का रस डालकर अच्छे से मिलाएं।
- इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि थोड़ा फर्मेंटेशन हो जाए।
- एक प्लेट या ढोकला ट्रे को घी या तेल लगाकर चिकना कर लें।
- अब बैटर में 1 छोटा चम्मच ईनो डालें और हल्के हाथों एक ही दिशा में मिलाएं।
- इसे ज्यादा ना फेंटें, वरना ढोकला फूलेगा नहीं।
- तैयार बैटर को चिकनी की हुई ट्रे में डालें।
- मीडियम आंच पर 15-20 मिनट तक स्टीम करें।
- ढोकला चेक करने के लिए चाकू या टूथपिक का इस्तेमाल करें।
- अगर यह साफ बाहर आ जाए तो ढोकला तैयार है।
- अब एक पैन में घी गरम करें।
- इसमें जीरा, करी पत्ते और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें।
- फिर इसमें पानी, सेंधा नमक और चीनी डालकर एक उबाल आने दें।
- अब इस तड़के को तैयार ढोकले के ऊपर डालें और 5-10 मिनट तक इसे सोखने दें।
- ढोकले को टुकड़ों में काटें।
- इसे व्रत स्पेशल नारियल की चटनी या हरी चटनी के साथ परोसें।
- ऊपर से ताजा धनिया और कद्दूकस किया नारियल भी गार्निश करने के लिए डाल सकते हैं।
