इन रेसिपीज से बनेगी ईद और भी ज्यादा खास: Eid Special Recipes
Eid Special Recipes

Eid Special Recipes : त्योहार अपने साथ खुशियां मनाने का बहाना लेकर आते हैं। ईद तो साल का सबसे बड़ा त्योहार होता है। इन त्योहारों की असली रौनक रस्मों रिवाजों से ज्यादा उस दौरान बनने वाले जायकेदार खाने से होती है। घर में खुशी का माहौल और खाने में स्वादिष्ट पकवान, इससे बेहतर और क्या हो सकता है। हर त्योहार में समय, काल और परिस्थिति के अनुसार अलग अलग डिशेज बनाई जाती हैं। घर में पारंपरिक पकवानों के साथ ही नई फ्यूजन डिशेज भी ट्राई की जाती हैं। ईद के दौरान दावतों का दौर चलता है, ऐसे में कुछ अच्छा और स्वादिष्ट बनाने और खिलाने का मजा ही अलग है। आइए जानते हैं कुछ स्पेशल रेसिपी जिनसे बनेगी ईद और भी ज्यादा खास।

ईद के मौके पर ट्राई करें ये स्पेशल रेसिपी

कश्मीरी हलवा

Eid Special Recipes

मीठा खाने के शौकीन हैं तो कश्मीरी हलवा ट्राई करना तो बनता है। पैन में घी लेकर ओट्स को धीमी आंच में पकाकर ब्राउन कर लें। एक बर्तन में दूध- चीनी मिलाएं और उसे अच्छे से उबालकर उसमें फ्राइड ओट्स मिला लें। इसको अच्छी तरह चलाते हुए, कुछ देर बाद इसमें इलायची और एक चम्मच घी भी मिक्स कर दें। मिनटों में तैयार होने वाले इस हलवे का असली जायका लास्ट में मिलने वाले केसर से आएगा। केसर मिलाकर हलवे को रंग बदलने तक चलाए और पकने के बाद फ्राइड ड्राइ फ्रूट्स से सजाकर परोसें। ये डिश जितनी आसान है, उतनी ही हेल्दी और स्वादिष्ट भी।

मीठा समोसा

Meetha Samosa

समोसा मीठा हो चाहे नमकीन, स्वाद में उसकी कोई टक्कर ही नहीं है। समोसे की फिलिंग उसका स्वाद तय करती है। इसके लिए एप्पल और पीयर जैसे फ्रूट्स से लेकर चासनी में डूबे ड्राई फ्रूट्स तक का इस्तेमाल किया जाता है। बाकी अपनी पसंद और स्वाद अनुसार इसमें इलायची, सौफ, केसर और खोया भी मिलाया जा सकता है। अब मीठा समोसा तैयार करने के लिए अच्छे से गूथे मैदे को 15 मिनट रखकर समोसे तैयार कर लें। इनका शेप भी अपनी पसंद के अनुसार बदला जा सकता है।

ये भी पढ़ें- पटना में गुजारिए24घंटे,ये जगह निराश नहीं करेगी आपको

दम आलू

Dum Aloo

स्टार्टर के बाद अगर मेन कोर्स की ओर बढ़ें तो दम आलू से बेहतर कुछ हो ही नहीं सकता है। आलू को अच्छे से धोने और छीलने के बाद किसी चम्मच से उसे गोदकर घी में भून लें। अब जीरा, अदरक, लहसुन, प्याज, टमाटर और मसालों को पकाकर तैयार किए मसाले में दही और आलू डाल दें। इसे पकाते रहें, साथ ही आवश्यकतानुसार नमक और पानी डालकर बर्तन को दस मिनट के लिए ढककर रख दें। थोड़ी सी मेहनत और पार्टी के लिए लाजवाब दम आलू तैयार हो जाते हैं। ये डिश ईद पार्टी की रौनक बढ़ा देगी।

चिकन बिरयानी

Tasty Biryani

बिरयानी ईद की महफिल की जान होती है। इसे बनाना जितना पेचीदा है, बनने के बाद डिश उतनी ही लजीज लगती है। चावल धोकर भिगोएं और चिकन मेरिनेट कर दें। अब कुकर में मसालों के साथ प्याज, लहसुन को अच्छे से पकाकर उसमें चिकन और नमक मिलाकर 5 मिनट तक चलाएं। इसमें टमाटर डालें और 5 मिनट बाद बिरयानी मसाला मिलाकर 10 मिनट के लिए पकाएं। चावलों को पानी में गरम मसाले, घी और नमक के साथ 80% पकाकर ठंडे पानी से धो लें। अब चावल और चिकन को बेक करने के लिए इसे एक बर्तन में प्याज और घी के साथ लेयर बनाकर भर दें। 10 मिनट पकाने के बाद स्वादिष्ट चिकन बिरयानी तैयार है। ईद पार्टी में इसे रायते और सलाद के साथ सर्व कर सबका दिल जीत सकते हैं।

मैं रेनुका गोस्वामी, विगत पांच वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। डिजिटल पत्रकारिता में एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और हेल्थ पर लेखन का अनुभव और रुचि है, वर्तमान में गृहलक्ष्मी टीम का हिस्सा हूं। पूर्व में मैंने दैनिक...