Dubki Recipe: खाने के बारे में सबसे बड़ी बात कही जाती है कि खाना सबसे पहले आंखों से खाया जाता है लेकिन सिर्फ ऐसा ही नहीं है, क्योंकि किसी खाने को खाने के लिए उसका नाम भी एक्साइटमेंट पैदा करता है। छत्तीसगढ़ की इस पारंपरिक डिश डुबकी को ही ले लें। यह स्वाद में तो अच्छी है ही इसका नाम भी कुछ अलग है। यह एकदम कढ़ी की तरह ही लगती है लेकिन कुछ अलग टेस्ट के साथ। इसमें बेसन के पकौड़े न होकर उड़द की दाल के पकौड़े होते हैं जो कि तले नहीं जाते। इन्हें भाप में पकाया जाता है। तो चलिए अगर आपका भी कुछ मजेदार और अलग पकाने का मन है तो आप इसे ट्राई जरुर करें। यह बनने में भी आसान है।
डुबकी बनाने के लिए सामग्री

- उड़द दाल- 1 कप (2-3 घंटे भिगी हुई)
- पानी-आवश्यकतानुसार
मसाला के लिए सामग्री
- टमाटर कटे हुए-2 मध्यम आकार के
- दही-1 कप
- कटी प्याज -1 बड़ी
- कटी हरी मिर्च-2-3
- हरा धनिया- 1 बड़ा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर-1 चम्मच
- तेल-2 बड़े चम्मच
- गरम मसाला- 1/2 चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- जीरा पाउडर-1/2 चम्मच
- हींग-एक चुटकी
- धनिया पाउडर-1/2 चम्मच
- हल्दी -1/4 चम्मच
डुबकी बनाने की विधि

- भीगी हुई उड़द दाल को छान लें और मिक्सर या फूड प्रोसेसर का उपयोग करके बारीक पीस लें।
- स्मूद पेस्ट बनाने के लिए आवश्यकतानुसार पानी मिलाएं।
- दाल के पेस्ट को चिकनाई लगी स्टीमिंग डिश में या उबलते पानी में डालें और इसे 15-20 मिनट तक या पकने और सेट होने तक भाप में पकाएं।
- एक पैन में 2 बड़े चम्मच तेल गरम करें। इसमें एक चुटकी हींग और जीरा पाउडर मिलाएं। उन्हें चटकने दें।
- इसमें प्याज, टमाटर, दही हरी मिर्च और हरा धनियां का पेस्ट डाल दीजिए। इस मसाले को अच्छे से भूनें।
- जब यह भुन जाए तो इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी और गरम मसाला डालें। अच्छी तरह मिलाएं और एक मिनट तक पकाएं।
- ग्रेवी बनाने के लिए अपने अनुसार पानी डालें और उबाल आने दें।
- स्वादानुसार नमक डालें और मसाले को 5-7 मिनट तक पकने दें।
- परोसने के लिए, उबली हुई दाल के पेस्ट को क्यूब्स में काट लें और गर्म मसाले में मिला दें।
- कटी हुई हरी धनिया से सजाकर उबले हुए चावल या चपाती के साथ गरमागरम परोसें।
