Fruit Chutney Recipe: ठंड का मौसम आते ही हम सभी को भूख थोड़ी ज्यादा लगने लगती है। यह एक ऐसा मौसम होता है, जब हमें तरह-तरह की फूड क्रेविंग्स होती हैं और हम अपने हर खाने में स्वाद को खोजते हैं। लेकिन जब टेस्ट की बात हो तो फलों की चटनी से बेहतर और क्या हो सकता है? फलों की मदद से बनने वाली चटनी आम चटनी से थोड़ी अलग होती हैं। कभी इनमें एक मिठास होती है तो कभी तीखापन तो कभी खट्टापन। इतना ही नहीं, फलों से बनाई जाने वाली ये चटनियां पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं, जो आपकी सेहत का भी ख्याल रखती हैं।
आप इन तरह-तरह की चटनियों को कभी अपनी थाली का हिस्सा बना सकती हैं तो कभी आप इन्हें टोस्ट पर फैलाकर खा सकती हैं। इतना ही नहीं, इन्हें स्नैक्स के लिए डिप के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी ही फ्रूट चटनियों के बारे में बता रहे हैं, जिनका लुत्फ सर्दियों में बेहद आसानी से उठाया जा सकता है-
कीवी चटनी

ठंड के मौसम में अगर आप अपने टेस्ट बड को एक ट्रीट देना चाहते हैं तो कीवी की चटनी बनाकर खाएं। इसका ना केवल स्वाद काफी अलग होता है, बल्कि विटामिन सी रिच होने के कारण यह आपके इम्यून सिस्टम पर भी अच्छा असर डालता है।
आवश्यक सामग्री-
- 3 पके हुए कीवी (छीले और कटे हुए)
- 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 1 बड़ा चम्मच चीनी
- 1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- स्वादानुसार नमक
कीवी चटनी कैसे बनाएं-
- सबसे पहले एक बाउल में कीवी को मैश करें।
- अब इसमें हरी मिर्च, चीनी, जीरा पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- आपकी कीवी की चटनी बनकर तैयार है।
- इसे आप खाने के साथ फ्रेश सर्व करें या फिर साइड डिश के रूप में भी परोसा जा सकता है।
अमरूद की चटनी
ठंड के मौसम में हम सभी अमरूद खाना काफी पसंद करते हैं। इसमें मौजूद फाइबर और एंटी-ऑक्सीडेंट आपके पेट का ख्याल रखते हैं, जबकि विटामिन सी के कारण आपके इम्यून सिस्टम पर भी अच्छा असर पड़ता है।
आवश्यक सामग्री-
- 2 पके अमरूद (कटे हुए)
- 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- एक मुट्ठी ताजा धनिया पत्ती
- 1 चम्मच भुना जीरा पाउडर
- एक चुटकी काला नमक
- आधे नींबू का रस
अमरूद की चटनी कैसे बनाएं-
- चटनी बनाने के लिए अमरूद, हरी मिर्च और धनिया पत्ती को पीसकर थोड़ा गाढ़ा कर लें।
- अब इसमें जीरा पाउडर, काला नमक और नींबू का रस मिलाएं।
- इसे रोटी के साथ या नाश्ते में डिप के रूप में ताजा सर्व करें।
अनार की चटनी

अनार का सेवन आपने अब तक फल या जूस के रूप में किया होगा, लेकिन अनार की चटनी का स्वाद भी लाजवाब होता है। इसमें भरपूर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट होते हैं, जो सर्दियों में होने वाली थकान से लड़ने में मदद करते हैं।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप अनार के बीज
- 1 बड़ा चम्मच भुनी हुई मूंगफली (वैकल्पिक)
- 1 हरी मिर्च
- एक मुट्ठी पुदीने की पत्तियां
- 1 छोटा चम्मच चीनी
- स्वादानुसार नमक
अनार की चटनी कैसे बनाएं-
- सबसे पहले अनार के बीज, मूंगफली, पुदीने की पत्तियां और मिर्च को मिलाकर पेस्ट बना लें।
- अब आप टेस्ट को बैलेंस करने के लिए चीनी और नमक डालें।
- अनार की टेस्टी-टेस्टी चटनी बनकर तैयार है।
- इसे स्नैक्स के साथ सर्व करें या फिर इसे टोस्ट पर लगाया जा सकता है।
अनानास की चटनी

अगर आपको अपने खाने में एक टैंगीनेस को एड करना है तो आप अनानास की चटनी बनाकर खाएं। इसका स्वाद काफी अलग होता है। साथ ही साथ, अनानास में ब्रोमेलैन होता है। यह एक एंजाइम है, जो पाचन में मदद करता है और सूजन को कम करता है, इसलिए इसके सेवन से सर्दियों में होने वाले दर्द से राहत मिलती है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 पका हुआ अनानास (छीलकर कटा हुआ)
- 1/2 कप चीनी
- 1 चम्मच चिली फ्लेक्स
- 1 चम्मच अदरक (कद्दूकस किया हुआ)
- एक चुटकी नमक
अनानास की चटनी कैसे बनाएं-
- सबसे पहले अनानास के टुकड़ों को चीनी के साथ एक पैन में गर्म करें।
- उन्हें पकने दें और रस निकलने दें।
- अब इसमें अदरक, चिली फ्लेक्स और नमक डालें। मिश्रण के थोड़ा गाढ़ा होने तक पकाएं।
- अनानास की चटनी खाने के लिए एकदम तैयार है।
- ठंडा करके एयरटाइट जार में स्टोर करें।
- आप इसे रोटी, टोस्ट या स्नैक्स के साथ खा सकते हैं।
क्रैनबेरी और सेब की चटनी
अगर आप ठंड के दिनों में खट्टी-मीठी चटनी बनाकर खाना चाहते हैं तो ऐसे में क्रैनबेरी और सेब की चटनी बनाई जा सकती है। खट्टे क्रैनबेरी के साथ जब मीठे सेब को मिलाया जाता है तो इसका स्वाद बेहद ही लाजवाब आता है। जहां क्रैनबेरी में एंटी-ऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं, वहीं सेब में नेचुरल प्राकृतिक शुगर और फाइबर पाया जाता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप ताजा क्रैनबेरी
- 2 मीडियम साइज के सेब (कटे हुए)
- 1/2 कप चीनी
- 1/4 कप संतरे का रस
- 1/2 चम्मच दालचीनी
क्रैनबेरी और सेब की चटनी कैसे बनाएं-
- क्रैनबेरी और सेब को संतरे के रस और चीनी के साथ मध्यम आंच पर पकाएं।
- अब इसमें दालचीनी डालें और मिश्रण के गाढ़ा होने तक पकाएं।
- अब आप इसे ठंडा करें।
- अगर आप बच्चे मार्केट का जैम पसंद करते हैं तो उसकी जगह इस चटनी का इस्तेमाल करें।
