Different Paratha Recipe: सर्दियों का मतलब है खूब जमकर खाना और सेहत बनाना। यही वजह है कि इस मौसम में परांठे सभी को बेहद पसंद आते हैं। यदि आप भी खाने-पीने के शौकीन हैं तो इन चार तरीकों के मौसमी परांठों की रेसिपी जरूर ट्राई करें।
Different Paratha Recipe: पालक परांठा

सामग्री: गेहूं का आटा 2 कप, मोटा कटा हुआ पालक 1 कप, अदरक 1 इंच, लहसुन 4-5 कलियां, हरी मिर्च 2, हरा धनिया 2 टेबलस्पून, तेल 2 टेबलस्पून, नमक स्वादानुसार, जीरा 1 टीस्पून।
विधि: पालक की डंडियां हटा दें और उसे साफ कर लें। पालक और हरे धनिये को पानी से धो लें और अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब पालक को ब्लांच कर लें (भगोने में पानी गर्म करें और गैस बंद कर उसमें पालक डाल दें और 10 मिनट पालक उसी में ही रहने दें।) पालक के ठंडा हो जाने पर पालक को पानी में से निकाल कर मिक्सी के जार में डालें। साथ ही जीरा, हरा धनिया, अदरक, हरी मिर्च, लहसुन को मोटे टुकड़ों में काट कर डालें।
अब इन सभी का बारीक पेस्ट बना लें। पेस्ट बनाते समय पानी ना डालें। एक कटोरे में गेहूं का आटा डालें और उसमें पालक का पेस्ट, तेल, नमक डालें। इन सभी चीजों को आपस में मिक्स करें, जरूरत के अनुसार पानी डालें और नरम आटा गूंध लें। आटे को 10 मिनट रेस्ट पर छोड़ दें, 10 मिनट बाद एक चम्मच घी आटे पर डालें और फिर से गूंध लें। आटे को बराबर भागों में बांट लें। आटे के एक भाग को गोल कर चपटा करें और दोनों ओर आटा लगा लें। अब परांठे को गोल या चौकोर बेल लें। तवा गर्म करें और उस पर बेला हुआ परांठा रखें। परांठे को एक तरफ से थोड़ा पकने दें। उसके बाद पलट कर दूसरी ओर भी सिकने दें।
परांठे पर तेल या घी लगाकर दोनों ओर अच्छे से सेक लें। पालक के परांठों को हरे धनिये की चटनी और आंवले की सब्जी या दही के साथ सर्व करें।
हरी प्याज के परांठे

सामग्री: गेहूं का आटा 2 कप, बारीक कटी हुई हरी प्याज 1 कप, ग्रेट किया हुआ आदरक 1 इंच, क्रश किया लहसुन 6-7 कली, हल्दी पाउडर ½ टीस्पून, लाल मिर्च पाउडर ½ टीस्पून, गरम मसाला ½ टीस्पून, जीरा पाउडर ½ टीस्पून, अमचूर पाउडर ½ टीस्पून, अजवायन द टीस्पून, नमक स्वादानुसार, तेल 2 टेबलस्पून।
विधि: सबसे पहले हरी प्याज को धो लें और हरी प्याज को बारीक काट लें। हरी प्याज को एक गहरे बर्तन में डालें। अब हरी प्याज में गेहूं का आटा, ग्रेट किया हुआ अदरक, क्रश किया हुआ लहसुन, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, जीरा पाउडर, अमचूर पाउडर, अजवायन, नमक और तेल डालें। सभी चीजों को आपस में अच्छे से मिक्स कर लें।
अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर पूड़ी के आटे की तरह ही कड़क आटा गूंध लें। आटे को 10 मिनट रेस्ट पर छोड़ दें। 10 मिनट बाद आटे पर 1 चम्मच घी डालें और फिर से गूंध लें। अब आटे को बराबर भागों में बांट लें। आटे के एक भाग को गोल करें, फिर चपटा करके दोनों ओर आटा लगा लें। अब परांठे को गोल या चौकोर बेल लें।
अब तवा गर्म करें और मध्यम आंच पर हरी प्याज के परांठे को रखें। परांठा एक तरफ सिकने के बाद परांठे को पलट दें और दूसरी ओर भी सिकने दें। परांठे पर घी या तेल लगाकर दोनों ओर सेक लें। परांठों को रायते या हरी चटनी के साथ सर्व करें।
चुकंदर (बीटरूट) परांठा

सामग्री : ऌगेहंू का आटा 2 कप, बीट रूट (चुकंदर) 1, अदरक 1 इंच, लहसुन 4-5 कलियां, लाल मिर्च पाउडर 1 टीस्पून, जीरा 1 टी स्पून, नमक स्वादानुसार, तेल 2 टेबल स्पून।
विधि: सबसे पहले चुकंदर का छिलका निकाल लें और छोटे टुकड़ों में काट लें। अब कटे हुए चुकंदर को मिक्सर के जार में डालें साथ में जीरा, अदरक, लहसुन को मोटे टुकड़ों में काट कर डालें। इन सभी का बारीक पेस्ट बना लें। पेस्ट बनाते समय द कप पानी डाल कर पीसें। अब एक कटोरे में गेहूं का आटा लें और उसमें चुकंदर का पेस्ट, तेल, नमक डालें।
इन सभी को आपस में मिक्स करें, जरूरत के अनुसार पानी डालें और नरम आटा गूंध लें। आटे को 10 मिनट रेस्ट पर छोड़ दें, 10 मिनट बाद आटे पर 1 चम्मच घी डालें और फिर से गूंध लें। आटे को बराबर भागों में बांट लें। आटे के एक भाग को गोल कर चपटा करें और दोनों ओर आटा लगा लें। अब परांठे को गोल या चौकोर बेल लें। तवा गर्म करें और उस पर बेला हुआ परांठा रखें। परांठे को एक तरफ से थोड़ा पकने दें उसके बाद पलट कर दूसरी ओर भी सिकने दें। परांठे पर तेल या घी लगाकर दोनों ओर अच्छे से सेक लें। परांठों को दही, अचार या हरी चटनी के साथ सर्व करें।
मेथी परांठा

सामग्री : गेहूं का आटा 2 कप, बारीक कटी हुई मेथी ½ कप, बेसन 3 टेबलस्पूल, अजवायन ½ टीस्पून, लाल मिर्च पाउडर ½ टीस्पून, अदरक 1 इंच का टुकड़ा, हरी मिर्च 2, लहसुन 8-10 कली, नमक स्वाद अनुसार, घी या तेल 2 टेबलस्पून, हींग द टीस्पून, हल्दी पाउडर द टीस्पून।
विधि: मेथी के परांठे बनाने के लिए ताजे और हरे रंग की मेथी लें। मेथी के पत्तों को धो कर बारीक काट लें। मेथी को एक गहरे बर्तन में डालें। मेथी में हम गेहूं का आटा, बेसन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, अजवायन, हींग, तेल, अदरक, हरी मिर्च, लहसुन तीनों को क्रश करेडालें। स्वादानुसार नमक डालें।
अब इन सभी चीजों को अच्छे से मिला लें। अब थोड़ा-थोड़ा हल्का गर्म पानी डालकर पूड़ी के आटे की तरह ही कड़क आटा गूंध लें। आटे को 10 मिनट रेस्ट पर छोड़ दें। 10 मिनट बाद आटे पर 1 चम्मच घी डालें और गूंध लें। आटे को बराबर भागों में बांठ लें। आटे के एक भाग को गोल करें फिर चपटा करके दोनों ओर आटा लगा लें। अब गोल या चौकोर बेल लें। तवा गर्म करें और उस पर मेथी का परांठा रखें। परांठे को एक तरफ से थोड़ा पकने दें, उसके बाद पलट कर दूसरी ओर भी सिकने दें। परांठे पर तेल या घी लगाकर दोनों ओर अच्छे से सेक लें। मेथी के परांठों को दही और अचार के साथ सर्व करें।
