सर्दियों में सुबह-सुबह गर्मागर्म रोटी या पराठे मिल जाए तो क्या कहने! ठंड के मौसम में आप सादी रोटी की बजाए कुछ वैराइटी की रोटी या पराठा अपने ब्रेकफास्ट या लंच में शामिल कर सकते हैं। कुछ तो स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है तो कुछ स्वाद में बेहद शानदार। इन रोटी या पराठा बनाने की रेसिपी बहुत आसान है और मिनटों में तैयार हो जाती है। खास बात तो यह है कि इसमें ज्यादा सामग्री की ज़रूरत नहीं और आसानी से आपके किचन में मिल जाती है। कुछ मौसमी हरी पत्तियों की भी रोटी या पराठा बनता है। यहां ऐसी ही Winter Food रेसिपीज दी जा रही हैं जो कि ठंड के दिनों में आपके मेन्यू में शामिल किए जा सकते हैं।
मेथी थेपला

सामग्री
- आटा – 500 ग्राम
- मेथी पत्ता बारीक कटी हुई – 100 ग्राम
- अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 टीस्पून
- सफेद तिल – 1 टीस्पून
- जीरा पाउडर – ½ टीस्पून
- धनिया पाउडर – 2 टीस्पून
- हल्दी पाउडर – ½ टीस्पून
- मिर्ची पाउडर – ¼ टीस्पून
- गर्म मसाला पाउडर – ½ टीस्पून
- स्वादानुसार नमक
- आटा गूंधने के लिए आवश्यकतानुसार पानी
- तेल/घी आवश्यतानुसार
विधि
- कटी हुई पत्तों को पानी से धो लें और पत्तों से पानी को झर जाने दें।
- अब एक बर्तन में आटा लें। उसमें स्वादानुसार नमक और एक टीस्पून तेल मिला दें। फिर अदरक-लहसुन पेस्ट, तिल, मसालें डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आवश्यकतानुसार पानी मिलाते हुए मीडियम सॉफ्ट डो बना लें। आटे को 15 से 20 मिनट तक अलग रख दें।
- अब डो को फिर से आधा या एक टीस्पून तेल डालकर मुलायम कर गूँध लें। एक पेडे के आकार की लोई निकालें और बेलकर एक छोटी पूरी जैसी गोल बनाएं। अब इस पर थोड़ा तेल लगाएं और फिर थोड़ा आटा छिड़कें।
- फिर उस पूरी की किनारों को मोड़ कर गोल पेडा बना लें। अब पेडे को रोटी जितनी गोल आकार में बेल लें। तवे पर मध्यम आंच पर दोनों तरफ थेपला पलटें और इसे हल्का सेंक लें। आप आवश्यकतानुसार तेल डालकर थेपला को भूरा-पीला होने तक सेंक लें। मेथी का यमी और हेल्दी थेपला तैयार है। इसे अचार, दही या सब्ज़ियों के साथ परोसें।
बाजरा रोटी

सामग्री
- बाजरे का आटा – 2 कप
- हरा प्याज कटा हुआ – 1 टीस्पून
- हरा धनिया कटा हुआ – 1 टीस्पून
- हरी मिर्च बारीक कटी हुई – 1
- नमक स्वादानुसार
- घी – रोटी सेकने के लिए
विधि
- एक बर्तन में बाजरे का आटा, बारीक कटा हरा प्याज, हरा धनिया, बारीक कटी हरी मिर्च और नमक डालकर पानी की मदद से नरम गूंध लें।
- रोटी सेकने के लिए तवा गरम होने रखें।
- आटे की एक लोई लेकर हाथों में हल्का-सा पानी लगाकर, हथेली से दबा-दबाकर रोटी का आकार दें।
- तवा गरम होने पर बेली हुई बाजरे की रोटी तवे पर डालें। मध्यम आँच पर नीचे से हल्का पकने पर पलट लें और पकाएं।
- रोटी पर घी लगाकर दोनो तरह से पकाएं और कपड़े की मदद से हल्का-हल्का दबाएं। तैयार गरम-गरम बाजरे की रोटी को लाल मिर्च की चटनी के साथ परोसें। बाजरे क रोटी को भाखरी भी कहा जाता है। इसका सेवन पाचन क्रिया को सही रखता है।
मिस्सी रोटी

सामग्री
- 3/4 कप गेहूं का आटा
- 2 कप बेसन
- 1 प्याज बारीक कटा
- 1/2 टेबल स्पून तेल
- बारीक कटी हरी मिर्च
- बारीक कटा हरा धनिया
- हल्दी
- नमक
- चाट मसाला
- पानी
विधि
- एक बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें बेसन मिलाएं। बारीक कटा प्याज, कटी हुई हरी मिर्च, हल्दी, बारीक कटा हुआ धनिया, नमक, चाट मसाला मिला दें।
- अब इसमें थोड़ा तेल डाल दें। अब पानी डालते हुए इसे गूंथ लें। पेडे के साइज के आटा की लोई लें और सूखा आटा लेते हुए गोल घुमाएं। अब इसे बेल लें या हाथों से बड़ा करते जाएं।
- अब गैस पर तवा गरम रखें। दोनों साइड रोटी अच्छे से सेंक लें। इसमें तेल या घी या मक्खन भी लगा सकते हैं। अब धीमे आंच पर अच्छे से सेंक लें।
बथुआ के परांठे

सामग्री
- गेहूं का आटा – 500 ग्राम
- बथुआ – 250 ग्राम
- हरी मिर्च कटी हुई – 4-5
- हींग – 1 चुटकी
- अदरक पेस्ट – 1/2 टीस्पून
- अजवाइन – 1/2 टीस्पून
- लालमिर्च पाउडर – 1 टीस्पून
- तेल – 1 टीस्पून
- नमक स्वादनुसार
विधि
- सबसे पहले बथुआ को पानी से धो लें। बथुआ को फिर उबाल लें। छलनी की सहायता से पानी निकाल लें।
- बथुआ को ठंडा होने दे और फिर मिक्सर में पीस लें।
- अब गेहूं का आटा लेकर उसमें बथुआ को मिक्स कर लें। इसमें लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक, अजवाइन, अदरक का पेस्ट, हींग, कटी हुई हरी मिर्च डाल दें और आटा गूंथ लें।
- अब आटे को 10 मिनट अलग रख दें।
- फिर आटे की लोई बना लें और रोटी बेल लें। रोटी बेलते समय चिपकती हैं तो थोड़ा तेल लगाकर बेल लें। फिर तवे पर डालें और दोनों तरफ अच्छे से सेंक लें। बथुआ रोटी तैयार है।
चीनी का पराठा

सामग्री
- गेहूं का आटा – 1 कप
- चीनी – 8-9 टीस्पून
- तेल – 1 टीस्पून
- नमक – ¼ टीस्पून
- पराठा सेकने के लिए तेल या घी
विधि
- एक बर्तन में गेहूं का आटा निकाल लें। इसमें तेल और नमक मिलाकर पानी के सहायता से मुलायम आटा गूंथ लें। आटे को 10-15 मिनट के लिए रख दें। फिर से आटे को गूंथ के मुलायम कर लें। आटे की लोई बना लें।
- लोई में थोडा सूखा आटा लगाकर 3 इंच का बेले फिर 2 टीस्पून चीनी बीच में भर के चारे तरफ से आटे को उठा के बंद कर दें। हल्के हाथों से लोई को दबा के चपटा कर लें। सारी लोई भर के बना लें।
- सूखा आटा लगाकर हल्के हाथों से 6-7 इंच बड़ा गोल पराठा बेल लें। तवा गर्म करें और मध्यम आंच करके, थोड़ा तेल या घी डाल के तवा चिकना कर लें। फिर पराठा डाल दें।
- एक तरफ से थोड़ा सिकने के बाद पलट दें। फिर तेल या घी लगा दें। पलट के दूसरी तरफ भी तेल या घी लगा दें। फिर हल्के हाथों से दबा-दबा के दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें।
- तवे से उतार के थोड़ा ठंडा होने दे फिर खाए या खिलाएं। चीनी का पराठा बच्चों को बेहद पसंद आता है।
