इस समय हम सबके लिए जरूरी है कि हम अपनी इम्युनिटी को बेहतर से बेहतर करें ताकि हम कोरोना जैसी बीमारी से दूर रह सकें। अपनी इम्युनिटी को बूस्ट करने के लिए हमें प्रोटीन की मात्रा को भी बढ़ाने की जरूरत पड़ती है। कई विशेषज्ञों का कहना है कि इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए जरूरी है कि आप प्रोटीन की सही और अच्छी मात्रा का सेवन करें। सलाह दी जाती है कि सबके लिए थाली के एक- चौथाई भाग का प्रोटीन जरूर खाना चाहिए।
सेलेब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा की रेसिपी
सेलेब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा ने हाल ही में अपने इन्स्टाग्राम पोस्ट में प्रोटीन हमस की टेस्टी और कमाल की रेसिपी शेयर की है। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि यह सफ़ेद छोले से न बनकर मूंग दाल से बना हमस है। पूजा मखीजा ने इसे बनाने के लिए पीले मूंग नहीं, बल्कि हरे मूंग का इस्तेमाल किया है। यह बहुत आसानी से पच जाने वाला हमस है। इसे बनाने के लिए उन्होंने हरी मूंग दाल, ब्लान्च्ड पालक, (आप चाहें तो बीटरूट बेसिल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं), लहसुन, काजू, हरी मिर्च, नींबू का जूस, दही, नमक, ऑलिव ऑयल, तहिनी, और लाल मिर्च पाउडर का इस्तेमाल किया है। पूजा ने अपने इस वीडियो में कहा है कि कई लोगों को सफ़ेद छोले आसानी से पचते नहीं है। इसलिए उन्होंने इस नई रेसिपी को बनाया, जो बहुत स्वादिष्ट भी है।
कैसे बनाएं हरी मूंग दाल से हमस
हरी मूंग दाल को पानी डाल कर प्रेशर कुकर में अच्छी तरह से पका लें। अमूमन 10 मिनट में हरी मूंग दाल पक जाती है। अब इसे ठंडा होने के बाद मिक्सर में डालें। साथ में ब्लांच किए हुए पालक, लहसुन की कुछ कलियां, कुछ दाने काजू, एक चम्मच नींबू का रस, दो चम्मच दही, स्वादानुसार नमक, एक चम्मच ऑलिव ऑयल, तहिनी और हरी मिर्च डाल कर ब्लेंड कर लें। अब इसे निकालें और सर्विंग डिश में डाल कर ऊपर से लाल मिर्च फ्लेक्स छिड़क लें। इससे स्वाद बढ़ जाता है, हालांकि आप नहीं भी डाल सकती हैं। इसे आप चटनी या सॉस की तरह सैंडविच, परांठा, पकौड़े किसी भी चीज के साथ खा सकती हैं।
क्या कहती हैं सेलेब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट पूजा मखीजा
View this post on Instagram
इन्स्टाग्राम पर पोस्टेड अपने वीडियो में पूजा ने यह भी कहा है आप चाहें तो पालक की जगह बीटरूट का भी प्रयोग कर सकते हैं। बीटरूट हमस बहुत पॉपुलर है क्योंकि यह फाइबर, एंटी- ऑक्सीडेंट, विटामिन और मिनरल प्रदान करता है। अगर आप अपनी डाइट में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाना चाहते हैं और कुछ टेस्टी चीज जोड़ना चाहते हैं तो उसके लिए मूंग दाल हमस से बेहतर और कुछ नहीं!
इससे पहले शिल्पा शेट्टी भी मूंग दाल हमस की रेसिपी को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। इसका इस्तेमाल आप सैंडविच स्प्रेड की तरह भी कर सकती हैं। आज ही इसे आजमाएं और हमें बताएं कि आपको यह कैसा लगा?
ये भी पढ़ें –
ट्रेंड में है पिकल्ड गार्लिक यानी लहसुनी अचार
भाग्यश्री से सीखें कोविड- 19 के दर्द से राहत पाने का नुस्खा
