Summary: मसाले हो रहे हैं बेअसर? ऐसे बढ़ाएं उनकी शेल्फ लाइफ
ज्यादा नमी, उमस, धूप और हवा मसालों को खराब कर सकते हैं। इनकी शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए इन्हें सही तरह से स्टोर करना जरूरी है।
Tips to Store Spices: खाने को स्वादिष्ट बनाने के लिए आमतौर पर हर भारतीय घर में मसालों का इस्तेमाल जरूर होता है क्योंकि यह खाने का स्वाद चार गुना बढ़ा देते हैं। हालाँकि, इन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखना उतना आसान नहीं होता। कई मसाले ऐसे होते हैं, जिसमें सीलन आ जाती हैं या फिर उनकी महक खत्म हो जाती है। इसके बाद इन्हें उपयोग करने से मसाले में ना तो कोई खुशबू आती है ना ही स्वाद। ज्यादा नमी, उमस, धूप और हवा मसालों को खराब कर सकते हैं। इनकी शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए इन्हें सही तरह से स्टोर करना जरूरी है। अगर आप भी अपने मसालों को लंबे समय तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो हम आपको बताते हैं इसके आसान तरीके-
हवा से बचाएं
हवा के संपर्क में आने से मसाले का फ्लेवर खराब हो जाता है। ज्यादा समय तक मसाले का फ्लेवर और उसकी फ्रेशनेस बनाए रखने के लिए उसे कांच, मेटल या प्लास्टिक के एयर टाइट डिब्बे में रखिए। मसालों को रखने के लिए कांच के जार का इस्तेमाल करना सबसे अच्छा ऑप्शन होता है। मसाले जिस डिब्बे में रखें उसका ढक्कन अच्छे से लगाना ना भूलें। साथ ही अगर मसालों को स्टोर करने से पहले आप इन्हें अच्छे से ड्राई रोस्ट कर लें, तो ये अधिक दिनों तक खराब नहीं होंगे। ऐसा करने से मसालों की खुशबू और टेस्ट दोनों बढ़ जाएगा।
नमी से बचाएं

अगर मसालों में नमी हो जाती है, तो फिर वो इस्तेमाल करने योग्य नहीं रहते हैं। नमी से बचाने के लिए मसालों को निकालते समय यह सुनिश्चित कर लें कि चम्मच अच्छी तरह से सूखा हो और अगर हाथ से निकालें, तो हाथों को अच्छी तरह से पोंछ लें।
फ्रिज में ना रखें
अधिकांश लोग सोचते हैं कि फ्रिज में रखने से मसाले ज्यादा समय तक चलते हैं, लेकिन ऐसा बिलकुल नहीं है। फ्रिज में रखने से मसालों की सुगंध और फ्लेवर चला जाता है। इसलिए आप मसालों को फ्रिज में रखने की गलती ना करें।
धूप से बचाएं
मसालों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए जरूरी है कि उन्हें ऐसी जगह रखें जहां सीधे धूप ना पड़े। कई बार धूप की वजह से भी मसाले खराब हो जाते हैं, इसलिए इन्हें डार्क प्लेस पर रखना उचित होगा। वहीं मसालों को गैस के पास रखने से भी बचना चाहिए। रोशनी मसालों के अंदर होने वाले ऑयल को ऑक्सीडाइज कर देती है, जिसकी वजह से उनका वास्तविक जायका बेकार हो जाता है।
छोटे डिब्बों में रखें

मसालों को लम्बे समय तक चलाने के लिए हर दिन इस्तेमाल आने वाले मसालों को बड़े कंटेनर से निकालकर छोटे-छोटे डिब्बों में रखें। जब खत्म होने लगें, तो दोबारा भर लें। इससे मसालों के खराब होने का खतरा नहीं रहेगा। मसालों को स्टोर करते समय उनके बीच बीच में नमक डाल दें। इससे मसाले खराब नहीं होते।
मसालों को स्टोर करने के ये टिप्स फॉलो करके आप मसालों को कई महीनों तक फ्रेश और खुशबूदार रख सकते हैं। इनसे मसाले कई सालों तक खराब नहीं होते हैं और इनका स्वाद भी जस का तस बरकरार रहता है।
