Chia Seeds: बेहतर स्वास्थ्य के लिए सिर्फ फल व सब्जियों का ही सेवन करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आपको सीड्स को भी अपनी डाइट का हिस्सा बनाना चाहिए। इन्हीं में से एक सुपरफूड है चिया सीड्स। अमूमन चिया सीड्स को वेट लॉस के लिए काफी अच्छा माना जाता है। हालांकि, चिया सीड्स का सेवन करने से आपको एक नहीं बल्कि कई लाभ मिल सकते हैं। यह फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम, मैग्नीज, ओमेगा-3 फैटी एसिड और फास्फोरस आदि से भरपूर होता है, जिसके कारण यह आपकी ओवरऑल हेल्थ पर बेनिफिट डालता है।
चिया सीड्स आपके पाचन तंत्र से लेकर हड्डियों तक पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। चिया सीड्स का सेवन हमेशा भिगोकर ही किया जाना चाहिए। इतना ही नहीं, आप इसे कई अलग-अलग तरीकों से अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको चिया सीड्स को इस्तेमाल करने के तरीकों के बारे में बता रहे हैं-
1) स्मूदी में करें शामिल

सुबह नाश्ते के दौरान जब हम जल्दी में होते हैं तो ऐसे में कुछ फिलिंग लेकिन टेस्टी बनाने का मन करता है। ऐसे में आप स्मूदी बनाने पर विचार करें। स्मूदी को अक्सर हम फल या सब्जियों की मदद से बनाते हैं। जिसमें आप चिया सीड्स को शामिल करके अपनी स्मूदी का टेस्ट और हेल्थ दोनों बेहतर बनाने का मौका मिलेगा। इसके लिए आप पहले चिया सीड्स को पानी में भिगोएं। यह चिया सीड्स जेल जैसे हो जाएंगे। वहीं, दूसरी ओर अपनी पसंद के फल व सब्जियों के साथ दूध या दही मिक्स करके स्मूदी बनाएं। अंत में, आप स्मूदी पर चिया सीड्स को डालें।
2) पिएं चिया सीड्स वॉटर

अपने आहार में चिया सीड्स को शामिल करने के सबसे आसान तरीकों में से एक है उन्हें पानी में मिलाकर उसका सेवन करना। इसके लिए आपको बस इतना करना है कि आप चिया सीड्स को एक लीटर पानी में 20 से 30 मिनट के लिए भिगो दें। अब आप अपने चिया सीड्स वॉटर को और भी अधिक टेस्टी बनाने के लिए इसमें थोड़ा नींबू का रस या फिर संतरे का रस निचोड़ें। साथ ही, इसमें कुछ कटे हुए फल भी डालें।
3) जैम में करें शामिल

चिया सीड्स को जैम में भी शामिल किया जा सकता है। चूंकि चिया सीड्स पेक्टिन की जगह ले सकते हैं, इसलिए आपके जैम को मीठा स्वाद देने के लिए बहुत अधिक चीनी की आवश्यकता नहीं होगी। इतना ही नहीं, आप जैम में रिफाइंड शुगर की जगह ब्लूबेरी और शहद आदि का इस्तेमाल करने की कोशिश करें।
4) दही में करें मिक्स

चिया सीड्स को आप दही में भी मिक्स करके इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आप पहले चिया सीड्स को पानी में मिक्स करें। अब आप जेली जैसी चिया सीड्स को दही में डालकर मिक्स करें। आप चाहें तो पहले दही से छाछ बनाएं और फिर उसमें भी चिया सीड्स को डालकर मिलाएं।
