बच्चों को सर्दी से बचाएगा ये बेसन शीरा: Besan Sheera Recipe
Besan Sheera Recipe

Besan Sheera Recipe: सर्दी में बात जब छोटे बच्चों की आती है तो अक्सर देखा गया है कि उन्हें सर्दी-जुकाम बहुत जल्दी घेर लेता है। ऐसे में मां चाहती हैं कि बच्चे दवाई कम से कम लें और वो दादी-नानी के छोटे-मोटे घरेलू नुस्खों से ही ठीक हो जाएं। ऐसे में बहुत बार बच्चों को काढ़ा या सूप दिया जाता है। निसंदेह यह रेसिपी बहुत असरदायक होती हैं लेकिन आज हम आपके लिए सर्दी को दूर भगाने की एक ऐसी रेसिपी लेकर आए हैं जो ठंड पर तो प्रहार करेगी ही वहीं इसका स्वाद ऐसा है कि बच्चा आपसे जिद करके इसे खाएगा। तो बेसन के शीरे की सरल रेसिपी जो सर्दी को दूर भगाने के लिए कारगर है। इसे आप 1 साल से ऊपर के बच्चों को खिला सकते हैं।

बेसन शीरा

सामग्री

  • बेसन-1 कप
  • घी- 1/2 कप
  • चीनी- 1/2 कप
  • इलायची पाउडर- 1/4 चम्मच
  • सूखे मेवे जरुरत के अनुसार
  • पानी- 1 कप

ऐसे बनाएं

  • एक पैन लेकर उसमें घी को हल्की आंच पर पिघलाएं।
  • घी के पिघलने के बाद इसमें बेसन डालें और इसे तब तक भूनें जब तक यह सुनहरा भूरा न हो जाए। ध्यान दें कि इसमें गुठलियां न हों। इसे आप लगातार चलाते रहें।
  • चाशनी बनाने के लिए एक अलग पैन में पानी और चीनी गर्म करें। चीनी घुलने और चाशनी थोड़ी गाढ़ी होने तक हिलाते रहें।
  • भुने हुए बेसन में लगातार चलाते हुए धीरे-धीरे चाशनी डालें।
  • जब बेसन और पानी एक सार हो जाए तो इसमेंइलायची पाउडर डालें
  • तब तक पकाते और हिलाते रहें जब तक कि मिश्रण गाढ़ा न हो जाए और पैन के किनारे न छोड़ दे।
  • आपका शीरा तैयार है। इसे आप सूखे मेवों से सजाएं।
  • परोसने से पहले इसे थोड़ी देर ठंडा होने दें।

नोट- बच्चे को रात को सोते समय यह शीरा खिलाएं। इसके बाद उसे कुछ और न खिलाएं। लेकिन आपको इस बात का ध्यान देना है कि यह नुस्खा छोटी-मोटी खांसी के लिए कारगर है। अगर बच्चे को ज्यादा परेशानी हो रही है तो डॉक्टर से परामर्श लेना ही बेहतर है।